- मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के धरमपुरी गांव में एक सगे ताऊ ने अपने भतीजे और भतीजी की बेरहमी से हत्या कर दी
- शीतल और कुलदीप परीक्षा देने घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में ताऊ हरिसिंह ने लाठियों से हमला कर उन्हें मार डाला
- हत्या पुरानी रंजिश का बदला बताया जा रहा है, आरोपी ने बच्चों के परीक्षा देने की जानकारी पहले से रखी थी
Sehore Double Murder: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले से एक खौफनाक वारदात सामने आई है जिसने परिवार और रिश्तों को शर्मसार कर दिया है. जिले के सिद्दीकगंज थाना क्षेत्र के ग्राम धरमपुरी में शुक्रवार की सुबह एक सगे ताऊ ने अपने ही भतीजे और भतीजी की बेरहमी से हत्या कर दी. जिले के सिद्दीकगंज थाना क्षेत्र के ग्राम धरमपुरी में शुक्रवार की सुबह एक सगे ताऊ ने अपने ही भतीजे और भतीजी की बेरहमी से हत्या कर दी. सबसे दुखद बात यह है कि दोनों भाई-बहन अपने हाथों में 10वीं की बोर्ड परीक्षा के एडमिट कार्ड लिए अपना भविष्य संवारने निकले थे, लेकिन रास्ते में ही उनके अपने सगे खून ने उन पर हमला कर दिया.
परीक्षा के रास्ते में बिछाई मौत की बिसात
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक शीतल (20 साल) और कुलदीप (18 साल) शुक्रवार सुबह परीक्षा देने के लिए घर से निकले थे. उनके कंधों पर बस्ते थे और हाथों में रोल नंबर. लेकिन घर से कुछ ही दूर चलने पर उनके ताऊ हरिसिंह मालवीय ने उन पर लठ से हमला कर दिया. आरोपी ने उनके सिर और शरीर पर इतने वार किए कि दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. दोनों भाई-बहन बीच सड़क पर ही गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. सड़क पर बिखरे उनके एडमिट कार्ड उन सपनों की कहानी कह रहे थे, जो पल भर में खत्म हो गए.
Sehore Double Murder: बच्चों की हत्या के बाद पिता का रो-रो कर बुरा हाल है. पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है.
पुरानी रंजिश में बुझा दिए घर के चिराग
मृतकों के पिता जगदीश मालवीय का कहना है कि यह हमला अचानक नहीं हुआ, बल्कि इसके पीछे गहरी साजिश थी. जगदीश के मुताबिक आरोपी हरिसिंह को पता था कि आज दोनों बच्चों का पेपर है और वे इसी रास्ते से जाएंगे. वह सुबह से ही हाथ में लठ लेकर रास्ते में छिपा बैठा था. परिवार का कहना है कि पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपी ने मासूम बच्चों को निशाना बनाया. इस घटना के बाद से पिता और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
गांव में पुलिस का कड़ा पहरा
इस दोहरे हत्याकांड के बाद गांव में सन्नाटा और तनाव पसरा हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस के बड़े अधिकारी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. गांव की स्थिति को देखते हुए वहां काफी संख्या में पुलिस जवान तैनात किए गए हैं ताकि कोई और विवाद न हो. पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया है कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी.
फरार आरोपी की तलाश में जुटी टीमें
हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी हरिसिंह मालवीय मौके से फरार हो गया है. एडिशनल एसपी सुनीता रावत ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं. पुलिस की टीमें जंगलों और आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा. फिलहाल इस घटना ने पूरे इलाके में शोक में डुबा दिया है. हर कोई ताऊ के करतूत की निंदा कर रहा है.
ये भी पढ़ें: सोने के लालच में दोस्त बना कातिल: पहले शराब पिलाई, फिर पत्थर से मारकर की हत्या... 2.40 लाख रुपये के आभूषण बरामद














