IPS Transfer MP: मध्यप्रदेश में हाल ही में चर्चाओं में आए आईपीएस अधिकारी आयुष जाखड़ (IPS Ayush Jakhad Transfer) का तबादला कर दिया गया है. करैरा एसडीओपी रहते हुए उन्होंने पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे दिनेश लोधी के चर्चित ‘थार कांड' में कार्रवाई की थी, जिसके बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था. आरोप है कि विधायक ने अपने समर्थकों के साथ एसडीओपी के घर को गोबर से भर देने तक की धमकी दी थी. अब सरकार ने पुलिस विभाग में बड़े फेरबदल के तहत आयुष जाखड़ को प्रमोट कर जबलपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है. उनकी पत्नी और आईपीएस अधिकारी अनु बेनीवाल का भी ग्वालियर से जबलपुर तबादला किया गया है. इस पूरे घटनाक्रम ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है.
थार कांड के बाद सुर्खियों में आए थे आयुष जाखड़
शिवपुरी जिले के करैरा में पदस्थ आईपीएस अधिकारी आयुष जाखड़ उस समय चर्चा में आए थे, जब पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे दिनेश लोधी की थार गाड़ी से पांच राहगीरों को टक्कर मारने का मामला सामने आया था. इस घटना में कई लोग घायल हुए थे और मामला तेजी से राजनीतिक रंग लेने लगा था.
कार्रवाई के बाद बढ़ा विवाद
उस घटना के बाद एसडीओपी आयुष जाखड़ ने कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की थी. इसी के बाद विधायक प्रीतम सिंह लोधी और पुलिस प्रशासन के बीच विवाद गहरा गया. आरोप लगे कि विधायक ने अपने समर्थकों के साथ एसडीओपी के घर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी थी.
“घर को गोबर से भर देंगे” बयान बना था चर्चा का विषय
विवाद उस समय और बढ़ गया था जब विधायक द्वारा कथित रूप से एसडीओपी के घर को गोबर से भर देने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया. इस बयान ने पूरे प्रदेश में राजनीतिक हलचल बढ़ा दी थी और विपक्ष ने भी इस पर सवाल उठाए थे.
IPS लॉबी ने जताई थी नाराजगी
मामले ने इतना तूल पकड़ा था कि आईपीएस अधिकारियों के बीच भी नाराजगी देखने को मिली. सूत्रों के मुताबिक, कई अधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी.
तबादले ने फिर खड़े किए सवाल
अब सरकार ने व्यापक प्रशासनिक फेरबदल के तहत आयुष जाखड़ का तबादला कर दिया है. उन्हें करैरा एसडीओपी से प्रमोट कर जबलपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बनाया गया है. हालांकि सरकार इसे नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया और प्रमोशन से जोड़ रही है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है.
पत्नी अनु बेनीवाल भी जबलपुर भेजी गईं
आयुष जाखड़ की पत्नी और 2022 बैच की आईपीएस अधिकारी अनु बेनीवाल का भी तबादला किया गया है. वे वर्तमान में ग्वालियर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत थीं और अब उन्हें जबलपुर में पदस्थ किया गया है.
8 IPS अधिकारियों के तबादले
मध्यप्रदेश सरकार ने शुक्रवार शाम 2022 बैच के 8 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए. इनमें इंदौर, भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर जैसे शहरों में नई पोस्टिंग दी गई है. साथ ही एमपी पुलिस सेवा के 66 एएसपी रैंक अधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं.
- अनु बेनिवाल (भापुसे 2022): अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जिला-ग्वालियर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जिला-जबलपुर बनाया गया है.
- ओमप्रकाश (भापुसे 2022): अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), लांजी, बालाघाट से अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, जोन-3, इंदौर नगरीय पुलिस बनाया गया है.
- करणदीप (भापुसे 2022): अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), बैहर, जिला-बालाघाट से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जिला-उज्जैन बनाया गया है.
- आयुष जाखड (भापुसे 2022): अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), करैरा, जिला-शिवपुरी से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जिला-जबलपुर बनाया गया है.
- गौरव पाण्डेय (भापुसे 2022): अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), जिला-सिंगरौली से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जिला-सतना बनाया गया है.
- मिनी शुक्ला (भापुसे 2022): अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), नरसिंहगढ़, जिला-राजगढ़ से अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, जोन-2, भोपाल नगरीय पुलिस बनाया गया है.
- राज कृष्णा (भापुसे 2022): अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), सबलगढ़, जिला-मुरैना से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, महू, इंदौर ग्रामीण बनाया गया है.
- सुजावल जग्गा (भापुसे 2022): नगर पुलिस अधीक्षक, जिला-धार से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जिला-ग्वालियर बनाया गया है.
यह भी पढ़ें : बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी को पार्टी ने थमाया नोटिस, तीन दिन में मांगा जवाब; जानें पूरा मामला
यह भी पढ़ें : गंदगी, बदबू और मजबूरी के बीच जिंदगी: महासमुंद की 117 सफाई दीदियों का संघर्ष व दर्द; शहर साफ, खुद बदहाल
यह भी पढ़ें : ट्विशा शर्मा केस: जेल में भी विवादों में गिरिबाला सिंह और बेटा समर्थ, अस्पताल वार्ड में रखने पर जांच
यह भी पढ़ें : कूनो में जन्मी मादा चीता KGP-11 घायल मिली; मुरैना में रेस्क्यू, पालपुर में इलाज जारी