Holi Celebration in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर (Raipur) में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के इरादे से पुलिस कमिश्नर प्रणाली 23 जनवरी को लागू होने के बाद पहली बार होली त्यौहार होने जा रहा है. लिहाजा, होली के त्योहार में कोई खलल न पड़े, इसके लिए पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए हैं. इसी कड़ी में पूरे शहर में ड्रोन से नजर रखी जाएगी. इसके अलावा, जगह-जगह चेक पॉइंट लगाए गए हैं. इसके साथ ही नशे में धुत होकर वाहन चलाने वालों की होली सलाखों के पीछे मनाने की पूरी तैयारी की गई है.
होली पर 3000 जवान रहेंगे तैनात
कमिश्नर प्रणाली लागू होने के बाद कमिश्नरेट क्षेत्र में पुलिस अधिकारी और जवानों की संख्या बढ़ गई है, जिसके चलते शहर में 3000 से ज़्यादा जवानों को तैनात किया गया है. इसके पहले शहर में हज़ार से डेढ़ हज़ार जवान तैनात होते थे. इस बार पुलिस ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में 100 से ज़्यादा चेकिंग पॉइंट बनाए हैं, जहां बाहर से आने वालों के साथ ही संदिग्धों की भी जांच की जाएगी.
उपद्रवियों की सलाखों के पीछे मनेगी होली
इसके साथ ही पुलिस ने होली की शुभकामना देते हुए कहा कि लोग खुशहाल और शांतिपूर्ण तरीके से होली मनाएं, लेकिन चेतावनी भी दी है. रायपुर एसीपी मयंक गुर्जर ने कहा कि अगर कोई होली पर नशे में वाहन चलाते हैं या हुड़दंग करते पाया जाता है, तो उसे छोड़ा नहीं जाएगा. ऐसे लोगों की होली सलाखों के पीछे गुजरेगी.
यह भी पढ़ें- MP News: होली से पहले पुलिस ने यहां लोगों को दिया एक करोड़ 33 लाख का तोहफा, खूशियां हुई दोगुनी
साथ ही पुलिस ने राजधानी के संवेदनशील इलाकों को चिन्हित कर वहां ड्रोन के माध्यम से निगरानी के निर्देश दिए हैं. वहीं, भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में भी ड्रोन उड़ते नजर आएंगे. साथ ही प्रमुख चौराहों पर पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है. शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों पर भी चौबीसों घंटे मॉनिटरिंग की जाएगी.
यह भी पढ़ें- इंदौर में सफाई के दौरान 2 सफाई कर्मियों की मौत, सरकार ने 30-30 लाख मुआवजा देने का किया ऐलान














