Kidnapping Case in Durg: छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के दुर्ग (Durg)से किडनैपिंग का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने सबको चौंका दिया. दरअसल, किडनैपर युवक ने अपने ही मामा से पैसे ऐंठने के लिए अपने नाबालिग ममेरे भाई के किडनैपिंग का प्लान बनाया. आरोपी ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए बहुत ही शातिराना चाल चली. हालांकि, पुलिस के सक्रियता ने मात्र 5 घंटे के अंदर ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजकर उनके मनसूबों पर पानी फेर दिया.
अमलेश्वर थाना क्षेत्र में पैसों के लालच में पांच लोगों ने मिलकर एक 15 वर्षीय नाबालिग युवक को पहले हनी ट्रैप में फंसाया और फिर उसे किडनैप कर लिया. इसके बाद आरोपियों ने उसके परिवार से एक करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की. यह घटना 12 अप्रैल की बताई जा रही है.
नाबालिग को ऐसे जाल में फंसाया
बताया जाता है कि संजय साहू नाम के इस आरोपी युवक ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर अपने ठेकेदार मामा से पैसे ऐंठने के लिए यह साजिश रची थी. प्लान बेहद सोचा-समझा था. इसे अमली जामा पहनाते हुए आरोपी संजय ने अपनी एक लड़की मित्र से इंस्टाग्राम के जरिए अपने मामा के नाबालिग बेटे को मैसेज करवाया और उसे धीरे-धीरे अपने जाल में फंसा लिया. इसके बाद कई दिनों की चैटिंग के बाद आरोपी युवती ने नाबालिग को इंस्टाग्राम पर मैसेज करके अमलेश्वर के तिरंगा चौक पर मिलने के लिए बुलाया. नाबालिग घर वालों से बहाना बनाकर बोला कि वह अपनी बाइक बनवाने जा रहा है और फिर घर से निकलकर वह तिरंगा चौक पहुंच गया.
आरोपियों ने मांगी एक करोड़ की फिरौती
वहां पहले से मौजूद पांच आरोपियों ने तुरंत नाबालिग को अपनी कार में बैठाया और तेजी से वहां से फरार हो गए. थोड़ी दूर जाने के बाद उन्होंने नाबालिग का वीडियो बनाया और उसके पिता को भेज दिया. वीडियो के साथ धमकी भरा मैसेज दिया “बच्चा वापस चाहिए, तो तुरंत एक करोड़ रुपये दो, वरना अंजाम बहुत बुरा होगा.”
आरोपियों तक ऐसे पहुंची पुलिस
बेटे के अपहरण की खबर से डरे नाबालिग के परिजनों ने तुरंत अमलेश्वर पुलिस को सूचना दी. पुलिस को जानकारी मिलते ही अमलेश्वर थाना प्रभारी ने तुरंत एसपी को अवगत कराया. एसपी के निर्देश पर आधे घंटे के अंदर ही पुलिस की तीन अलग-अलग टीमें बना दी गई. टीमों ने CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स खंगालना शुरू कर दिया. जल्द ही पुलिस को पता चला कि आरोपी नाबालिग को लेकर धमतरी की ओर बढ़ रहे हैं. दुर्ग पुलिस ने तुरंत धमतरी पुलिस को अलर्ट कर दिया और कई जगहों पर नाकाबंदी करवा दी. इसी बीच पुलिस को पता चला कि आरोपी सिहावा की ओर जा रहे हैं. तुरंत सिहावा रोड पर पुलिस ने एक JCB मशीन से रास्ता ब्लॉक करवा दिया, जब आरोपी की कार उस जगह पहुंची तो पुलिस ने उन्हें घेर लिया और मौके पर ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया.
यह भी पढ़ेंः Indian Railway: इस ट्रेन के AC कोच को अटेंडर ने बना दिया 'चलता फिरता बार', उपलब्ध करता था मनपसंद शराब
इसके साथ ही पुलिस ने अपहृत नाबालिग युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया और उसे परिवार के पास सुरक्षित पहुंचा दिया गया. इस मामले में दुर्ग ASP मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि पुलिस ने कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इस तरह पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मात्र 5 घंटे के अंदर ही इस किडनैपिंग मामले का खुलासा हो गया. अपहरणकर्ताओं में से एक आरोपी नाबालिग की अपनी बुआ का लड़का यानी फुफेरा भाई संजय साहू निकला. जबकि एक युवती समेत बाकी चार आरोपी रायपुर के रहने वाले हैं. पुलिस ने आरोपी युवती समेत सभी के मोबाइल फोन और उनसे इस्तेमाल की गई सेंट्रो कार भी जब्त कर ली है.
यह भी पढ़ेंः Cyber Fraud: बीएसए बनकर ट्रांसफर के नाम पर गुरुओं को लगाया करोड़ों का चूना, साइबर गैंग ऐसे वारदात को देते थे अंजाम














