MP Politics: मध्यप्रदेश के चर्चित और बेबाक बयानों के लिए पहचाने जाने वाले पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार उन्होंने न केवल पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत को “मोदी मैजिक” का परिणाम बताया, बल्कि पार्टी से देश में एक राज्य में लोधी समाज के नेता को मुख्यमंत्री बनाने की खुली मांग भी कर डाली. ग्वालियर में मीडिया से बातचीत के दौरान प्रीतम लोधी ने ‘लोधी‑मोदी जोड़ो यात्रा' और ‘नशा मुक्ति अभियान' के लिए ग्वालियर से दिल्ली तक पदयात्रा करने का ऐलान किया. साथ ही उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को भारत रत्न देने की भी मांग उठाई.
बंगाल जीत को बताया मोदी मैजिक
ग्वालियर में भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “नामुमकिन को मुमकिन बनाना नरेंद्र मोदी का काम है.” उन्होंने कहा कि अभी बंगाल और असम जीते गए हैं और आने वाले समय में भाजपा पूरे हिंदुस्तान में अपनी जीत दर्ज करेगी. प्रीतम लोधी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अब कांग्रेस के पास केवल बयानबाजी और विरोध करने के अलावा कोई काम नहीं बचा है.
‘लोधी‑मोदी जोड़ो यात्रा' का ऐलान
प्रीतम लोधी ने घोषणा की कि वे जल्द ही ग्वालियर से दिल्ली तक “लोधी‑मोदी जोड़ो यात्रा” निकालेंगे. इस यात्रा का उद्देश्य लोधी समाज को संगठित करना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से जोड़ना बताया गया. उन्होंने कहा कि लोधी समाज ने आजादी से पहले और बाद में देश के लिए कुर्बानियां दी हैं, लेकिन आज भी समाज को समुचित प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है.
देश में एक लोधी मुख्यमंत्री की मांग
भाजपा विधायक ने पार्टी नेतृत्व से स्पष्ट शब्दों में मांग की कि देश के किसी एक राज्य में लोधी समाज के नेता को मुख्यमंत्री बनाया जाए. उन्होंने कहा कि अवंतीबाई लोधी से लेकर हीरन शाह तक लोधी समाज का वीरता का गौरवशाली इतिहास रहा है. वर्तमान दौर में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह और उमा भारती का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि इन नेताओं ने सिद्धांतों के लिए मुख्यमंत्री पद तक छोड़ा. प्रीतम लोधी ने यह भी कहा कि तेलंगाना में हिंदुत्व के लिए सक्रिय टी. राजा सिंह को मुख्यमंत्री चेहरे के रूप में आगे लाया जाना चाहिए.
‘नशे में PhD की है', चलाएंगे नशा मुक्ति अभियान
मीडिया से बातचीत में प्रीतम लोधी का विवादित लेकिन स्पष्ट बयान भी सामने आया. उन्होंने कहा, “मैंने नशे में PhD की है, क्योंकि नशे के अंदर तक जाकर इसकी सच्चाई देखी है. नशे में सिर्फ बर्बादी है.” उन्होंने ऐलान किया कि वे नशे के खिलाफ व्यापक अभियान चलाएंगे और दिल्ली तक पदयात्रा कर युवाओं को नशा छोड़ने का संदेश देंगे.
कल्याण सिंह को भारत रत्न देने की मांग
प्रीतम लोधी ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को भारत रत्न देने की मांग भी दोहराई. उन्होंने कहा कि जब फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र को भारत रत्न दिया जा सकता है, तो राम मंदिर आंदोलन के लिए अपना सबकुछ दांव पर लगाने वाले कल्याण सिंह को यह सम्मान क्यों नहीं मिल सकता. लोधी ने कहा कि इसके लिए भी वे दिल्ली जाकर आवाज उठाएंगे. भाजपा विधायक के इन बयानों और ऐलानों के बाद सियासी हलकों में नई बहस छिड़ गई है और उनकी प्रस्तावित यात्राओं को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है.
यह भी पढ़ें : बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी को पार्टी ने थमाया नोटिस, तीन दिन में मांगा जवाब; जानें पूरा मामला
यह भी पढ़ें : Cabinet Decisions: MP के विकास के लिए 38 हजार 555 करोड़ रुपये स्वीकृत; व्यापारी और किसानों को CM की सौगात
यह भी पढ़ें : MP के इथेनॉल प्लांट में बड़ा हादसा, नरसिंहपुर की शुगर मिल में डीडीएस टैंक गिरने से दो मजदूरों की मौत
यह भी पढ़ें : ‘हाथ नहीं तो क्या'! मलकानगिरि की लक्ष्मी खेमुडु ने पैरों से लिखकर पास की 10वीं, 240 अंक लाकर रचा इतिहास














