Bhopal Crime News: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल (Bhopal) में अपराध का ग्राफ (Crime in Bhopal) लगातार चिंता बढ़ा रहा है. बीते 15 दिनों में शहर के अलग‑अलग थाना क्षेत्रों में दर्जनभर से अधिक गंभीर आपराधिक घटनाएं सामने आई हैं. हालात ऐसे रहे कि 55 से अधिक छोटे‑बड़े पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को अलग‑अलग वारदातों में ड्यूटी पर लगाया गया, बावजूद इसके सिर्फ गिने‑चुने अपराधी ही पुलिस की पकड़ में आ सके. बढ़ते अपराध और गिरती कानून व्यवस्था ने भोपाल के कमिश्नरेट सिस्टम (Bhopal Commissionerate System) को सवालों के कटघरे में खड़ा कर दिया है.
अफसरों को फटकार, जिम्मेदारी तय करने की बात
मामला तब और गंभीर हो गया जब भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए उन्हें फटकार लगाई और जवाबदेही तय करने के संकेत दिए. खुद पुलिस कमिश्नर ने स्वीकार किया है कि शहर में वारदातें हो रही हैं. हालांकि पुलिस अपराधियों को पकड़ भी रही है, लेकिन अब अपराधी समूह बनाकर संगठित तरीके से वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जिससे स्थिति चुनौतीपूर्ण हो गई है.
ऐसे हो रहे अपराध
Bhopal Crime News: भोपाल में बढ़ता क्राइम
ऐशबाग थाना क्षेत्र: मामूली विवाद, जानलेवा हमला
ऐशबाग थाना क्षेत्र में ऑटो खड़ा करने को लेकर पीड़ित फईम की अनस पिंडारी, साकिब, साजिद और सोहराब से कहासुनी हो गई. विवाद देखते‑देखते हिंसक हो गया और आरोपियों ने फईम पर चाकू से कई वार कर दिए, जिसके बाद वे मौके से फरार हो गए. घटना ने क्षेत्र में दहशत फैला दी.
श्यामला हिल्स: रंगपंचमी की रात 55 लाख की लूट
श्यामला हिल्स थाना क्षेत्र में रंगपंचमी की रात बदमाशों ने चाकू की नोक पर व्यापारी भाइयों से 55 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया और करीब 35 लाख रुपये बरामद किए, हालांकि एक आरोपी अब भी फरार है.
कोतवाली: युवक पर ताबड़तोड़ छुरी से वार
कोतवाली थाना क्षेत्र में युवक अल्ताफ पर धारदार छुरी से पीठ और हाथ पर ताबड़तोड़ हमले किए गए. गंभीर हालत में उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस के अनुसार हमला अमन नेपाली, अंसार नूरमहल और फैजान खजूर ने किया है, जिनकी तलाश जारी है.
निशातपुरा: चाकू मारकर हत्या
निशातपुरा थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी. आरोपियों ने उसके सीने में चार बार वार किए और बाद में शव को बेस्ट प्राइस के पास 80 फीट रोड पर ऑटो से फेंककर फरार हो गए. यह घटना शहर में बढ़ती क्रूरता को उजागर करती है.
अशोका गार्डन: गैंगवार और फायरिंग
अशोका गार्डन थाना क्षेत्र और हमीदिया अस्पताल परिसर के आसपास रईस लल्लू और शादाब गेट गैंग के बीच गैंगवार में 10 से ज्यादा राउंड फायरिंग हुई. बदमाशों ने अस्पताल परिसर में भी गोलियां चलाईं. एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चार अब भी फरार हैं.
कोहेफिजा: हनी ट्रैप गैंग का खुलासा
कोहेफिजा थाना क्षेत्र में आकाश उर्फ भूरा हड्डी के नेतृत्व वाले एक अवैध गैंग का खुलासा हुआ है. इस गैंग पर भोले‑भाले लोगों को हनी ट्रैप में फंसाकर उनसे मोटी रकम लूटने का आरोप है. पुलिस जांच में जुटी है और कुछ आरोपी फरार बताए जा रहे हैं.
संगठित अपराध बना चुनौती
लगातार हो रही इन वारदातों से साफ है कि भोपाल में पेशेवर और संगठित अपराधियों का नेटवर्क सक्रिय है. लूट, चाकूबाजी, डकैती, हवाला कारोबार, गैंगवार और गोलीकांड जैसी घटनाओं में रिकॉर्ड इजाफा पुलिस और प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है. अब देखना होगा कि अफसरों को दी गई फटकार और जिम्मेदारी तय करने की चेतावनी के बाद पुलिस शहर में अपराध पर कितनी प्रभावी लगाम लगा पाती है.
यह भी पढ़ें : नाबालिग से दुष्कर्म का मामला; पेंड्रारोड कोर्ट ने सुनाई दो दोषियों को 10‑10 साल की सजा
यह भी पढ़ें : डाक विभाग की Next Day डिलिवरी की गारंटी लॉन्च; अमेजन-फ्लिपकार्ट की तरह अब इतने घंटे में पहुंचेगा पार्सल
यह भी पढ़ें : Navodaya Admission: नवोदय स्कूल क्लास 6 प्रवेश में EWS को जगह नहीं; हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार से मांगा जवाब
यह भी पढ़ें : राज्यसभा चुनाव से पहले MP में सियासी सरगर्मी; क्रॉस वोटिंग को लेकर कांग्रेस की टेंशन बढ़ी, BJP का तंज














