चेहरे के बालों को लेकर अधिकतर लोगों के मन में यह भ्रम रहता है कि एक बार शेव करने से बाल पहले से ज्यादा मोटे, घने और काले होकर वापस उगते हैं. कई लोगों को ऐसा लगता भी है, क्योंकि शेविंग के बाद दोबारा निकलने वाले बाल थोड़े सख्त और गहरे दिखाई दे सकते हैं, लेकिन सच यह है कि शेविंग करने से बालों की मोटाई या उनकी ग्रोथ नहीं बढ़ती. चलिए आपको बताते हैं क्या शेविंग करने से चेहरे के बाल घने होकर उगते हैं, क्या ऐसा सच में होता है या फिर ये सिर्फ एक मिथ है. स्टडी से इसके पीछे की सच्चाई जानिए.
क्या शेविंग करने से दाढ़ी या चेहरे के बाल घने हो जाते हैं?
अमेरिकन एकेडमी ऑफ फैमिली फिजिशियन्स की रिपोर्ट के मुताबिक, शेविंग केवल बालों के उस हिस्से को काटती है जो त्वचा के ऊपर दिखाई देता है. इसका बालों की जड़ों या हेयर फॉलिकल्स पर कोई असर नहीं पड़ता, जहां से बालों की वास्तविक ग्रोथ होती है. चेहरे के बालों की वृद्धि त्वचा के नीचे मौजूद हेयर फॉलिकल्स से होती है, न कि उस हिस्से से जिसे आप शेव करते हैं. इसलिए शेविंग करने से बाल ज्यादा मोटे, घने या तेजी से नहीं बढ़ते.
जब बाल प्राकृतिक रूप से बढ़ते हैं, तो उनके सिरे पतले और मुलायम होते हैं, लेकिन शेविंग के दौरान बाल सीधे कट जाते हैं, जिससे उनका सिरा थोड़ा सपाट हो जाता है. जब ये बाल दोबारा निकलते हैं, तो वे थोड़े सख्त, गहरे और मोटे दिखाई दे सकते हैं. हालांकि, यह सिर्फ उनका दिखने का प्रभाव होता है, वास्तव में उनकी मोटाई नहीं बढ़ती. इसलिए अगर आपको लगता है कि शेविंग से चेहरे के बाल ज्यादा घने हो जाएंगे, तो यह सिर्फ एक मिथक है. वैज्ञानिक रूप से शेविंग का बालों की संख्या, मोटाई या बढ़ने की गति पर कोई असर नहीं पड़ता.
शेविंग के बाद चेहरे के बाल मोटे क्यों दिखते हैं?
दरअसल, सामान्य रूप से बालों के सिरे पतले और नुकीले होते हैं, लेकिन जब आप शेव करते हैं, तो रेजर बाल को बीच से काट देता है और उसका सिरा सपाट हो जाता है. जब यह बाल दोबारा बढ़ने लगता है, तो उसका कटा हुआ हिस्सा त्वचा के ऊपर दिखाई देता है. इसी वजह से बाल पहले की तुलना में थोड़ा ज्यादा सख्त, गहरा और मोटा नजर आ सकता है. हालांकि, वास्तव में उसकी मोटाई नहीं बढ़ती, यह सिर्फ देखने का असर होता है. अगर आपने कभी शेविंग के बाद अपने चेहरे के बालों को देखा हो, तो आपको महसूस होगा कि बालों की मात्रा नहीं बढ़ती, सिर्फ छोटे-छोटे स्टबल की वजह से वे थोड़े ज्यादा उभरे हुए दिखाई देते हैं.
क्या महिलाओं के लिए चेहरे की शेविंग सेफ है?
ज्यादातर महिलाओं के लिए चेहरे की शेविंग अनचाहे बाल हटाने का एक सुरक्षित और आसान तरीका माना जाता है. यह त्वचा की ऊपरी सतह से बालों को हटाती है और सही तरीके से किए जाने पर आमतौर पर कोई नुकसान नहीं पहुंचाती. हालांकि, शेविंग करते समय कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है.
- हमेशा साफ और तेज रेजर का इस्तेमाल करें.
- शेविंग से पहले चेहरे को साफ कर लें.
- त्वचा पर हल्का जेल या मॉइस्चराइजिंग प्रोडक्ट लगाएं.
- शेविंग के बाद मॉइस्चराइजर लगाकर त्वचा को हाइड्रेट रखें.
- अगर त्वचा बहुत संवेदनशील है या कोई स्किन समस्या है, तो पहले त्वचा विशेषज्ञ की सलाह लें.
- रेजर को बालों के ऊपर हल्के से चलाना चाहिए, न कि त्वचा में धंसाना चाहिए.
- बालों के उगने की दिशा में शेव करें, इससे खुजली और लाल दाने कम होंगे.
यह भी पढ़ें:- आपके बाल ज्यादा झड़ते हैं? एक्सपर्ट ने बताया नमी, पसीना और बारिश के पानी से स्कैल्प पर क्या असर होता है, इससे कैसे बचें
यह भी पढ़ें:- पार्टनर के साथ जबरदस्त झगड़ा हो गया, लड़ाई के बाद रिश्ते में फिर से भरोसा बनाने के लिए 5 आसान तरीके
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं