Himachal, Summer getaways in India: गर्मी का मौसम आते ही हर कोई बाहर घूमने जाने का प्लान करने लगता है. अगर आप भीड़भाड़ वाले टूरिस्ट स्पॉट्स से ऊब चुके हैं और कुछ दिन शांति से बिताना चाहते हैं, तो कोटगढ़ आपके लिए परफेक्ट जगह है. इस छोटे से गांव को न सिर्फ उसकी खूबसूरती के लिए जाना जाता है बल्कि, इसे सेब के लिए भी खास पहचान प्राप्त है. तो चलिए जानते हैं यहां कब और कैसे जाएं.

कोटगढ़ को क्यों कहते हैं सेब का शहर? (Why Kotgarh Is Known As The Apple City Of India)
कोटगढ़ की पहचान आज पूरी दुनिया में इसके सेबों की वजह से है. दरअसल, इसकी कहानी एक अमेरिकी व्यक्ति सैमुअल इवांस स्टोक्स (Samuel Evans Stokes) से जुड़ी मानी जाती है. 20वीं सदी की शुरुआत में स्टोक्स भारत आए थे. उन्होंने महसूस किया कि कोटगढ़ की मिट्टी, यहां की ठंडी हवा और ऊंचाई सेब की खेती के लिए एकदम सही है. उन्होंने यहां सेब के बगीचे लगाए, जो इतने सफल रहे कि देखते ही देखते पूरा इलाका सेबों से लद गया. यहीं से हिमाचल प्रदेश के 'सेब राज्य' बनने का सफर शुरू हुआ. आज भी यहां के सेब अपनी मिठास और क्वालिटी के लिए मशहूर हैं.
कोटगढ़ में घूमने की सबसे अच्छी जगहें-
अगर आप कोटगढ़ जाने का प्लान बना रहे हैं, तो इन 5 चीजों को बिल्कुल मिस न करें.
1. सेब के बागान-
कोटगढ़ की असली खूबसूरती यहां के बागानों में है. अगस्त से अक्टूबर के बीच जब पेड़ों पर लाल सुर्ख सेब लद जाते हैं, तो नजारा देखने लायक होता है. आप बागानों में टहल सकते हैं और स्थानीय लोगों से सेब उगाने के दिलचस्प किस्से सुन सकते हैं.
2. तानी जुब्बर झील-
कोटगढ़ से थोड़ी ही दूर पर यह एक बेहद शांत और सुंदर झील है. चारों तरफ से घने जंगलों से घिरी यह झील फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए बेस्ट जगह है.
3. थानेदार गांव-
कोटगढ़ के बिल्कुल पास ही थानेदार गांव है. यह वही जगह है जहां पहली बार सेब के पौधे लगाए गए थे.
4. पुराने मंदिर और संस्कृति-
यहां के गांव में आपको कई पुराने मंदिर मिलेंगे, जो यहां की लोक संस्कृति और मान्यताओं को दर्शाते हैं.
5. होमस्टे-
होटल के बजाय यहां किसी होमस्टे में रुकें. इससे आपको यहां के लोगों का सादा जीवन देखने को मिलेगा. घर का बना हुआ हिमाचली खाना और स्थानीय लोगों से बातचीत आपकी ट्रिप को यादगार बना देगी.
कब जाना चाहिए कोटगढ़- (Best Time To Visit Kotgarh)
- मार्च से जून- अगर आप खिलते हुए फूलों और सुहावने मौसम का मजा लेना चाहते हैं.
- सितंबर से अक्टूबर- अगर आप पेड़ों पर लदे हुए सेब देखना चाहते हैं.
- दिसंबर से फरवरी- अगर आपको बर्फबारी पसंद है, हालांकि इस समय काफी ठंड होती है.
कैसे जाएं कोटगढ़? (How To Reach Kotgarh)
- हवाई जहाज- सबसे पास शिमला का जुब्बरहट्टी एयरपोर्ट (80 किमी) है, लेकिन चंडीगढ़ एयरपोर्ट ज्यादा सुविधाजनक है.
- ट्रेन- कालका से शिमला के लिए टॉय ट्रेन लें और फिर शिमला से सड़क मार्ग द्वारा कोटगढ़ पहुंचें.
- सड़क- शिमला से कोटगढ़ के लिए आसानी से बस या टैक्सी मिल जाती है.
ये भी पढ़ें- जब मैंने पहली बार अपनी बेटी के साथ किया ट्रेन का सफर! इन 5 टिप्स ने हमारे सफर को बनाया यादगार और टेंशन-फ्री...
एनेस्थीसिया कैसे सुन्न कर देता है शरीर? क्यों लोग डरते हैं इससे, जानिए इससे जुड़े मिथ्स और फैक्ट्स...
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं