आपके पास पुरानी साड़ी का अंबार लगा है और सबके डिजाइन पुराने हो गए हैं या आपका पहनने का मन नहीं करता है, तो उनको किसी को मत दीजिए या बेचिए मत. इतनी महंगी साड़ी को आप बहुत कम दाम में दूसरों को दे देते हैं या उनके बदले बर्तन ले लेते हैं. सुंदर साड़ियों से आप सोफे के खूबसूरत कवर बना सकते हैं. यह कवर बहुत ही क्लासिक लगते हैं. वैसे भी त्योहारों का महीना शुरू हो चुका है. फिर क्यों ना अपने सोफे को नया लुक दिया जाए.

सिर्फ दो साड़ी से सोफा कवर तैयार
वैसे तो आप बाजार से सोफा कवर खरीदते हैं, लेकिन सच तो ये है कि आप अपनी पुरानी बनारसी साड़ी से खूबसूरत सोफा कवर बना सकते हैं, जो देखने में बेहद ही खूबसूरत लगेगा. सोफा कवर बनाने के लिए आपको दो साड़ी चाहिए. आप दो अलग रंग की बनारसी साड़ी लें. इनहें धोकर अच्छी तरह सुखा लें और फिर प्रेस कर दें. इससे वह बिल्कुल नए जैसा लगने लगेंगे.

एक साड़ी से बेस और दूसरी से बॉर्डर बनाएं
आप एक साड़ी से बेस बना लें और दूसरी साड़ी का इस्तेमाल बेस बनाने में करें. आप अपने सोफे का नाप ले लें, जहां आप बैठते हैं. फिर निशान लगाकर काटें. अगर सोफा कवर की साड़ी बेहद पतली है तो आप इसमें अस्तर लगा सकते हैं. पर अस्तर का इस्तेमाल करने से पहले उसे धोकर सुखाकर प्रेस कर लें. अब दूसरी साड़ी के सारे बॉर्डर काट लें. आपने जो बॉर्डर काटा है, वह बेस वाले काटे गए कपड़े से जोड़ लें. इससे एक खूबसूरत डिजाइन बन जाएगा. अब इसी तरह कुशन कवर भी सिल लें. इससे सोफा कवर और कुशन कवर पुरी तरह मैच हो जाएगा.

साड़ी के बॉर्डर से बनाएं कुशन कवर
सोफा तब ही सुंदर लगता है जब सोफ कवर और कुशन कवर बिल्कुल सेम होते हैं या मिक्स मैच करते हैं. अगर आपके पास कम कपड़ा बचा है तो किसी और साड़ी से कलर कॉम्बिनेशन करके बना सकते हैं. आप साड़ी का बॉर्डर काट लें और साड़ी का जो पल्लू है उससे कुशन कवर बना सकते हैं. दरअसल साड़ी का पल्लू दूसरे डिजाइन का होता है. ऐसे में कुशन कवर सोफा कवर के साथ मिक्स एंड मैच करके बेहद ही सुंदर बनेंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं