Rajasthan 10th Board Result 2026: कल राजस्थान बोर्ड 10वीं का रिजल्ट आने वाला है और ऐसे में हजारों छात्रों के दिल की धड़कन तेज होना बिल्कुल स्वाभाविक है. क्या नंबर आएंगे?, पास होंगे या नहीं?, घरवालों का क्या रिएक्शन होगा? ये सवाल हर स्टूडेंट के दिमाग में घूमते रहते हैं. लेकिन, सच यह है कि रिजल्ट (result) जीवन का सिर्फ एक छोटा हिस्सा है, पूरी जिंदगी नहीं. जरूरत है इस समय खुद को संभालने और मानसिक रूप से मजबूत बने रहने की. अगर आप भी रिजल्ट को लेकर तनाव (Stress Over Results) में हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान और असरदार ट्रिक्स अपनाकर आप इस टेंशन को काफी हद तक कम कर सकते हैं और खुद को पॉजिटिव रख सकते हैं.
रिजल्ट से पहले की टेंशन को कैसे दूर करें? | How to Overcome Pre-Result Anxiety?
1. रिजल्ट को जिंदगी का आखिरी फैसला न मानें
सबसे पहले यह समझ लें कि 10वीं का रिजल्ट आपकी पूरी जिंदगी तय नहीं करता. बहुत से सफल लोग ऐसे हैं जिनके स्कूल में नंबर कम आए, लेकिन बाद में उन्होंने बड़ी सफलता हासिल की. इसलिए खुद पर भरोसा रखें और रिजल्ट को एक पड़ाव की तरह देखें, मंजिल नहीं.
2. खुद को व्यस्त रखें
रिजल्ट का इंतजार करते-करते दिमाग बार-बार उसी तरफ जाता है और टेंशन बढ़ती है. इससे बचने के लिए खुद को किसी न किसी काम में व्यस्त रखें, जैसे किताब पढ़ना, मूवी देखना, गेम खेलना या दोस्तों से बात करना. इससे आपका ध्यान बंटेगा और तनाव कम होगा.
3. नेगेटिव सोच से दूर रहें
अगर फेल हो गया तो क्या होगा? जैसी सोच आपको और ज्यादा परेशान करती है. कोशिश करें कि ऐसी नेगेटिव सोच से दूरी बनाएं. खुद से पॉजिटिव बातें करें मैंने मेहनत की है, जो होगा अच्छा ही होगा. यह सोच आपके आत्मविश्वास को बढ़ाएगी.
4. परिवार और दोस्तों से बात करें
टेंशन में अकेले रहने से समस्या और बढ़ती है. अपने माता-पिता, भाई-बहन या दोस्तों से खुलकर बात करें. कई बार सिर्फ अपनी बात शेयर करने से ही मन हल्का हो जाता है और आपको बेहतर महसूस होता है.
5. रिजल्ट के बाद की प्लानिंग सोचें
रिजल्ट आने के बाद क्या करना है, इस पर ध्यान दें. चाहे आगे कौन सा स्ट्रीम चुनना है या कोई स्किल सीखनी है, इस पर सोचने से आपका फोकस भविष्य की ओर जाएगा, न कि सिर्फ रिजल्ट की चिंता पर.
रिजल्ट का दिन हर छात्र के लिए खास होता है, लेकिन इसे लेकर जरूरत से ज्यादा तनाव लेना सही नहीं है. खुद पर विश्वास रखें, पॉजिटिव रहें और याद रखें कि असली सफलता मेहनत और धैर्य से मिलती है