उत्तराखंड की पारंपरिक धुनों में एक ऐसा नया फ्यूजन, जिसने पूरी दुनिया में देवभूमि की लोक-संस्कृति का परचम लहरा दिया. पहाड़ों की आवाज को जोरदार और सुरीले तरीके से देशभर तक पहुंचाने वाले इस ग्रुप का नाम 'पांडवाज' (Pandavaas) है, जो सिर्फ एक म्यूजिकल ग्रुप नहीं, बल्कि उत्तराखंड के संगीत का वो आधुनिक दौर है, जिसने नए कलेवर के साथ पहाड़ों की जड़ों और विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का काम किया है. यही म्यूजिकल ग्रुप अब नोएडा में आ रहा है, जिसके लिए उत्तराखंड के हजारों युवा काफी ज्यादा उत्साहित हैं. नोएडा इंडोर स्टेडियम में शनिवार 1 अगस्त को 'नाद' (NAAD) इवेंट में पांडवाज परफॉर्म करेंगे.
नोट कर लीजिए टाइमिंग
- इस पूरे कार्यक्रम का आयोजन जुनेली इवेंट्स की तरफ से किया जा रहा है.
- कार्यक्रम में दोपहर 4 बजे से मुख्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शुरू होंगी, जिसके लिए स्टेडियम के गेट दोपहर 2:30 बजे से ही दर्शकों के लिए खोल दिए जाएंगे.
- इससे पहले सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक दृष्टिबाधित खिलाड़ियों के लिए विशेष शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा.
- शाम 4 बजे से 5 बजे तक 'उत्तराखंड में खेल एवं विकास' विषय पर एक खास स्पोर्ट्स पैनल डिस्कशन आयोजित होगा
- उत्तराखंड के पूर्व DGP अशोक कुमार और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट अंपायर अनिल चौधरी पैनलिस्ट के तौर पर मौजूद रहेंगे.
पांडवाज बांधेंगे समां
इवेंट ऑर्गेनाइजर दामिनी जुयान ने बताया कि, शाम 5 बजे के बाद वो म्यूजिकल शाम शुरू होगी, जिसके लिए सोशल मीडिया पर युवाओं का क्रेज देखा जा सकता है. 'पांडवाज' अपने म्यूजिकल बैंड के साथ परफॉर्म करेंगे और ये लाइव परफॉर्मेंस करीब दो घंटे तक चलेगी. दामिनी ने ये भी बताया कि इस इवेंट के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी आमंत्रित किया गया है.
कौन हैं पांडवाज?
पांडवाज म्यूजिकल ग्रुप को उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के एक छोटे से गांव में रहने वाले तीन भाइयों ने शुरू किया था. कुनाल डोभाल, सलिल डोभाल और इशान डोभाल ने आधुनिकता के इस दौर में पिछड़ रहे उत्तराखंड के पारंपरिक लोक गीतों को एक नई जान देने का काम किया. उन्होंने पहाड़ के कई टैलेंटेड युवाओं को अपने इस ग्रुप में शामिल किया और आज इस म्यूजिकल ग्रुप को लाइव सुनने के लिए हजारों युवाओं की भीड़ उमड़ आती है.
इस बार कुछ नया सुनेंगे लोग
पांडवाज ग्रुप के कुणाल डोभाल ने एनडीटीवी से बात करते हुए बताया कि नोएडा में पहली बार हम लोग परफॉर्म करने जा रहे हैं. इस बार भले ही इनडोर स्टेडियम में परफॉर्म कर रहे हैं, लेकिन हम वादा करते हैं कि लोगों को कुछ नया सुनने को मिलेगा. कुणाल ने बताया कि इस बार पुराने गानों को भी लोग नए अंदाज में सुनेंगे, साथ ही कुछ एक्सक्लूसिव भी आने वाला है.
कार्यक्रम में ये मुख्य अतिथि हो सकते हैं शामिल
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड
गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री
डॉ. महेश शर्मा, सांसद, गौतम बुद्ध नगर/नोएडा
कपिल मिश्रा, दिल्ली सरकार के मंत्री
गणेश जोशी, कैबिनेट मंत्री, उत्तराखंड
रामवीर तंवर, ('पॉन्डमैन' के नाम से प्रसिद्ध जल संरक्षणकर्ता)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं