Money Saving Habits For Bachelors: दिल्ली की लाइफ जितनी रंगीन और तेज है, यहां खर्चा करना उतना ही आसान है. सुबह की मेट्रो से लेकर रात के ऑनलाइन डिनर ऑर्डर तक, पैसा कब पानी की तरह बह जाता है, पता ही नहीं चलता. अक्सर लोग कहते हैं कि भाई, दिल्ली में तो हाथ में पैसा टिकता ही नहीं. क्या आपके साथ भी ऐसा ही होता है. दरअसल ये कसूर दिल्ली का नहीं बल्कि, हमारी आदतों का है. अगर आप भी 20 तारीख आते-आते अपनी सैलरी खत्म होने का दुख मनाते हैं, तो इस आर्टिकल में जानें पैसे बचाने के लिए क्या करें.

पैसे बचाने के लिए अपनाएं ये तरीके- (How To Save Mony In Delhi)
1. मंथली मेट्रो कार्ड-
दिल्ली में कैब या ऑटो करना आपकी जेब के लिए सबसे बड़ा घातक बन सकता है. पीक ऑवर्स में कैब के दाम आसमान छूने लगते हैं. अगर आप रोज़ाना ऑफिस या कॉलेज जाते हैं, तो मेट्रो कार्ड का इस्तेमाल करें. ये न सिर्फ आपको किराए में 10% से 20% तक की छूट देता है, बल्कि आपकी लंबी लाइनों का समय भी बचाता है.
2. टिफिन-
दिल्ली के ऑफिस कल्चर में 'बाहर से लंच मंगाना' एक फैशन बन गया है. एक बार का साधारण लंच भी ₹150 से ₹250 के बीच पड़ता है. महीने के हिसाब से देखें तो आप सिर्फ लंच पर ₹5000-₹6000 फूंक देते हैं. घर से टिफिन ले जाना न सिर्फ आपकी सेहत के लिए अच्छा है, बल्कि ये आपकी बचत का सबसे बड़ा जरिया है.

3. कैश पेमेंट-
आजकल हम हर छोटी चीज के लिए यूपीआई (UPI) या कार्ड का इस्तेमाल करते हैं. डिजिटल पेमेंट में सबसे बड़ी दिक्कत ये है कि हमें पता ही नहीं चलता कि हमने कितना खर्च कर दिया. जब जेब से कैश (Cash) निकलता है, तो उसका दर्द महसूस होता है और हम सोच-समझकर खर्च करते हैं. छोटे खर्चों जैसे चाय-नाश्ते या ग्रॉसरी के लिए महीने की शुरुआत में ही कैश निकाल कर रख लें.
4. ऑनलाइन शॉपिंग पर लगाम-
दिल्ली में वीकेंड का मतलब अक्सर शॉपिंग मॉल या भारी-भरकम डिस्काउंट वाली सेल होती है. हम अक्सर वो चीजें खरीद लेते हैं जिनकी हमें जरूरत ही नहीं होती. इससे बचने के लिए हर हफ्ते का एक बजट तय करें. रविवार की रात को ही सोच लें कि इस हफ्ते आपको ₹2000 से ज्यादा खर्च नहीं करने हैं. साथ ही, रात के समय 'विंडो शॉपिंग' या ऑनलाइन फूड एप्स को स्क्रॉल करना बंद करें.
5. सब्सक्रिप्शन-
OTT प्लेटफॉर्म्स से लेकर जिम की मेंबरशिप तक, हम बहुत सी ऐसी चीजों के लिए पैसे देते हैं जिनका हम इस्तेमाल ही नहीं करते. अपने बैंक स्टेटमेंट को चेक करें और जो जरूरी न हो, उसे तुरंत बंद करें. महीने के अंत में आपका बैंक बैलेंस ही आपके काम आएगा.
कैसे शुरू करें बचत का सफर?
बचत करना कोई मुश्किल काम नहीं है, बस आपको छोटे-छोटे बदलाव करने हैं. अगर आप महीने में ₹2000 भी बचाना शुरू करते हैं, तो साल के अंत में आपके पास एक इमरजेंसी फंड तैयार होगा. दिल्ली जैसे शहर में स्मार्ट वही है जो कमाता तो दिल्ली जैसा है, लेकिन खर्च 'मिडिल क्लास' समझदारी के साथ करता है.
ये भी पढ़ें- लाल चीटियों को बिना मारे कैसे भगाएं? इस घरेलू तरीके से उल्टे पांव भाग जाएंगी Red Ants
क्या पेट्स रखने से अस्थमा हो सकता है? डॉक्टर से जानिए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं