Machar Kaise Bhagaye: बारिश का मौसम गर्मी से राहत तो दिलाता ही है, लेकिन इसके साथ ही घर में मच्छरों का आतंक भी शुरू हो जाता है. बारिश के रुके हुए पानी में पनपने वाले ये मच्छर न केवल रात में नींद खराब करते हैं, बल्कि डेंगू, मलेरिया समेत कई बीमारियों का भी कारण बनते हैं. इन दिनों दिल्ली-NCR समेत अन्य कई जगहों पर डेंगू के मामले भी बढ़ रहे हैं. ऐसे में लोगों के मन में यही सवाल आता है कि घर से मच्छरों को कैसे भगाया जाए. आज हम आपको इसी के घरेलू उपाय बताने जा रहे हैं. साथ ही यह भी बताएंगे कि अगर मच्छर काट ले तो घर पर कौन सा मलहम बनाकर लगा सकते हैं. आइए जानते हैं...
मच्छर कैसे भगाएं? | Machar Bhagane Ke Upay
पानी न जमा होने दें
मच्छरों को घर से दूर रखने के लिए सबसे जरूरी है कि कहीं भी पानी जमा न हो. बारिश के मौसम में पानी जमा हो जाता है, जिसके कारण मच्छर पनपना शुरू हो जाते हैं. ऐसे में घर में पानी जमा होने वाली छोटी-छोटी जगहों पर ध्यान दें. इसके अलावा कूलर, बाल्टी, खाली गमलों में अगर पानी जमा हो गया है तो उसे फेंक दें और उनको किसी चीज से ढक दें.

खिड़की-दरवाजों को बंद रखें
मच्छरों को घर से दूर रखने के लिए घर की खिड़की-दरवाजों को बंद रखना सबसे ज्यादा जरूरी होता है. इसके अलावा आप जाली भी फिट करवा सकते हैं, जिससे मच्छर किसी भी तरह एंट्री न कर पाएं. इसके अलावा शाम के समय गलती से भी घर के दरवाजों-खिड़कियों को खुला न रखें.
कपूर का इस्तेमाल
अगर घर में मच्छर आ गए हैं तो आप कपूर का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए आप सबसे पहले कमरे की खिड़की और दरवाजों को बंद कर दें. इसके बाद एक कटोरी में कपूर जला दें. इससे मच्छर तुरंत भाग सकते हैं.
नीम और सरसों का तेल
नीम और सरसों का तेल भी मच्छरों को भगाने के लिए सबसे ज्यादा असरदार माना जाता है. इसके लिए आप सरसों के तेल में 4-5 लौंग डालकर दीपक जलाएं. इसके बाद आप नीम की पत्तियों का हल्का धुआं कर सकते हैं.

किस गंध से सबसे ज्यादा नफरत करते हैं?
मच्छर सबसे ज्यादा लेमन ग्रास, कपूर, यूकेलिप्टस और पुदीना की तेज-तीखी गंध से नफरत करते हैं. कहा जाता है कि इन नेचुरल गंध से मच्छरों की सूंघने की क्षमता कमजोर पड़ने लगती है और वे दूर भागते हैं. वहीं, डीट (DEET), पिकारिडिन या नींबू यूकेलिप्टस के तेल (OLE) से बने मॉस्किटो रिपेलेंट क्रीम और लोशन लगाने से मच्छर नहीं काटते हैं.
मच्छर काट लें तो घर पर बनाकर कौन सा मलहम लगाएं?
मच्छर के काटने पर अगर आप बाजार में मिलने वाला मलहम नहीं लगाना चाहते हैं, तो आप इसे घर पर भी तैयार कर सकते हैं.
1. एलोवेरा और नारियल तेल का मलहम
ये नेचुरल मलहम बनाने के लिए आप फ्रेश एलोवेरा जेल और नारियल का तेल लें. इसके बाद दोनों को एक कटोरी में अच्छे से मिक्स कर फेंट लें. फिर इसे मच्छर के काटने वाली जगह पर लगाएं. ऐसा करने से त्वचा को ठंडक मिलती है.

2. बेकिंग सोडा
मच्छर के काटने पर आप बेकिंग सोडा का देसी मलहम बनाकर भी लगा सकते हैं. इसके लिए आप 1 चम्मच बेकिंग सोडा में पानी मिलाकर एक पेस्ट तैयार कर लें. इसके बाद मच्छर के काटने वाली जगह पर लगाएं और 10 मिनट बाद ठंडे पानी से साफ कर लें. इससे आपको असर देखने को मिल सकता है.
3. सेब का सिरका भी कर सकते हैं इस्तेमाल
अगर मच्छर के काटने पर आपको काफी ज्यादा खुजली हो रही है तो आप सेब के सिरके का इस्तेमाल कर सकते हैं. इससे खुजली कम होती है और त्वचा को राहत मिलती है.
यह भी पढ़ें: घर में घुस आए मुर्दाखोर बिज्जू तो कैसे भगाएं? ये आसान उपाय आएंगे काम, जानें क्या करें और क्या नहीं
यह भी पढ़ें: कोबरा सांप अगर सामने आ जाए, तो क्या करें? जानिए सुरक्षित रहने और खतरे से बचने के आसान टिप्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं