Baal Kitne Din Me Dhone Chahiye: शाइनी, सिल्की और हेल्दी बाल पूरे लुक और भी ज्यादा शानदार बना देते हैं. बालों को स्वस्थ बनाए रखने के लिए नियमित रूप से हेयरवॉश करना बहुत ज्यादा जरूरी होता है. कई सालों से बाल धोने का एक ही तरीका चलता आ रहा है. पहले बालों में शैंपू लगाया जाता है, फिर कंडीशनर और फिर कई लोग हेयर सीरम का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं स्कैल्प और बालों की जरूरत अलग-अलग हो सकती हैं. ऐसे में कुछ लोग रोजाना ही हेयरवॉश में कुछ गलतियां करते हैं. इससे बालों के स्वास्थ पर असर पड़ता है. इसी कड़ी में आज हम आपको बाल धोने का सही तरीका बताने जा रहे हैं. आइए जानते हैं...
बाल धोने में लोग करते हैं ये गलती
टीओआई की रिपोर्ट के अनुसार अधिकतर लोग बाल धोते समय पूरी लंबाई पर ज्यादा ध्यान देते हैं और स्कैल्प को अच्छी तरह साफ नहीं करते. इससे बाल धोने के बाद भी चिपचिपे या ऑयली नजर आते हैं. ऐसे में स्किन स्पेशलिस्ट सलाह देते हैं कि शैंपू का इस्तेमाल स्कैल्प पर करना चाहिए, न कि पूरे बालों पर. दरअसल, जब आप स्कैल्प को साफ करते हैं, तो शैंपू का झाग अपने आप नीचे की ओर बहकर बालों की लंबाई को भी साफ कर देता है. इससे बाल बिना ज्यादा रगड़े आसानी से साफ हो जाते हैं.
कब धोने चाहिए बाल?
कई लोग बाल धोने के लिए एक ही शेड्यूल फिक्स कर लेते हैं. अमेरिकन एकेडमी ऑफ डर्मेटोलॉजी में बाल धोने को लेकर जरूरी टिप्स बताई गई हैं. स्टडी के अनुसार हेयरवॉश इस बात पर निर्भर करता है कि बाल कितनी जल्दी गंदे या ऑयली हो जाते हैं. स्टडी में ये भी बताया गया है कि बार-बार बाल धोने से जरूरी नहीं कि बालों को नुकसान पहुंचे. ऐसे में सभी को बाल धोने का रुटीन सभी का अलग हो सकता है.

गीले बालों को कंघा न करें
बालों को धोने के बाद किसी भी तरह की जल्दबाजी नहीं दिखानी चाहिए. गीले बाल ज्यादा नाजुक होते हैं इसलिए सावधानी से सुलझाने चाहिए. साथ ही गीले बालों के लिए चौड़े दांतों वाली कंघी का इस्तेमाल करें. घुंघराले बालों की बात करें तो ये तभी अच्छे से सुलझते हैं जब कंडीशनर लगा होता है. ऐसे में बाल कंघी करने के लिए कम से कम जोर लगाएं वरना हेयरफॉल बढ़ सकता है.
कैसे पोंछे गीले बाल?
गीले बालों में डैमेज होने का खतरा काफी ज्यादा होता है. दरअसल, ये बहुत नाजुक होते हैं और आसानी से टूट या खराब हो सकते हैं. इसलिए बालों को सुखाते समय उन्हें जोर-जोर से रगड़ने की बजाय तौलिये या कॉटन की टी-शर्ट से धीरे-धीरे सुखाएं. साथ ही बालों को मरोड़ने या हाथों के बीच रगड़ने से बचें. आप बालों को किसी मुलायम तौलिये या टी-शर्ट में लपेट सकते हैं.
बाल कैसे धोएं?
- शैंपू लगाने से पहले बाल और स्कैल्प पूरी तरह से गीला करें. इससे बालों की सफाई बेहतर तरीके से होगी.
- शैंपू को सीधे स्कैल्प पर लगाएं. हल्के हाथों से मसाज करें.
- शैंपू को पानी से अच्छी तरह धोएं. शैंपू का झाग बहते हुए बालों की लंबाई को भी साफ कर देगा.
- जरूरत हो तो कंडीशनर का इस्तेमाल करें. पतले या सीधे बालों में इसे बालों की लंबाई पर लगाएं.
- बालों को सुलझाने के लिए चौड़े दांतों वाली कंघी का इस्तेमाल करें.
- बालों को सुखाते समय उन्हें जोर से रगड़ने की जगह तौलिए से हल्के हाथों से थपथपाकर सुखाएं.
यह भी पढ़ें: Jawed Habib Hair Care Tips: क्या रोज शैंपू करना सही है? जावेद हबीब ने दिए सबको ये खास टिप्स
यह भी पढ़ें: मेहंदी का रंग नहीं चढ़ता? इस देसी तरीके से बनाएं पेस्ट, बालों पर आएगा नेचुरली टिंट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं