जब बात लग्जरी लाइफस्टाइल और मॉडर्न एंटरप्रेन्योरशिप की होती है, तो अमन गुप्ता का नाम सबसे ऊपर आता है. boAt के को-फाउंडर और शार्क टैंक इंडिया के लोकप्रिय जज के रूप में वे देशभर में जाने जाते हैं. उनकी कुल संपत्ति करीब 720 करोड़ रुपये बताई जाती है. लेकिन, सिर्फ बिजनेस ही नहीं, उनका घर भी उतना ही चर्चा में है. गुरुग्राम के बेहद पॉश इलाके में स्थित उनका 52.3 करोड़ रुपये का अपार्टमेंट किसी सपनों के महल से कम नहीं. यह आलीशान घर डीएलएफ कैमेलियास में स्थित है, जिसे दिल्ली-एनसीआर की सबसे महंगी रिहायशी सोसाइटी में गिना जाता है.
7,000 स्क्वायर फीट में फैला मॉडर्न और खुला स्पेस
अमन गुप्ता और उनकी पत्नी प्रिया गुप्ता ने अपने इस घर के दरवाजे एशियन पेंट्स व्हेयर द हार्ट इज सीरीज के लिए खोले. 7,000 स्क्वायर फीट में फैले इस अपार्टमेंट का सबसे खास पहलू है इसका ओपन-प्लान लेआउट. जैसे ही आप अंदर प्रवेश करते हैं, एक विशाल लिविंग रूम दिखाई देता है जो बिना किसी दीवार के डाइनिंग एरिया से जुड़ा हुआ है. अमन का मानना था कि घर में फ्लो होना चाहिए, न कि कठोर संरचना. यही कारण है कि उनकी छोटी बेटी घर के अंदर साइकिल चलाती भी नजर आती है जो इस खुले स्पेस की झलक देता है.
सॉफ्ट व्हाइट और ग्रे दीवारें पूरे घर को एक सुकून भरा और क्लासी लुक देती हैं. एब्सट्रैक्ट आर्ट पीस, वॉलनट वुड फर्नीचर और boAt से प्रेरित आर्ट इंस्टॉलेशन कमरे को अलग पहचान देते हैं.
300 साल पुराना ऑलिव प्लांट और विशाल बालकनी
इस घर की सबसे अनोखी चीज है इसकी फ्लोर-टू-सीलिंग ग्लास वॉल, जो एक बड़ी और खूबसूरत बालकनी की ओर खुलती है. यहां एक 300 साल पुराना ऑलिव प्लांट लगा है, जो इस स्पेस को बेहद खास बना देता है.
बरसात के मौसम में या सर्दियों की धूप में यह बालकनी परिवार के लिए आराम और सुकून की जगह बन जाती है. आरामदायक बैठने की व्यवस्था और कलात्मक सजावट इसे किसी यूरोपीय विला जैसा एहसास देती है.
Boat कंपनी को समर्पित खास कोना
लिविंग एरिया में एक नाव का आर्ट पीस रखा गया है. शुरुआत में अमन इसे नहीं रखना चाहते थे, लेकिन प्रिया के कहने पर इसे शामिल किया गया. यह boAt कंपनी को समर्पित एक प्रतीक है. इसमें लाल रंग के सूखे फूल सजाए गए हैं और प्रिया इसे Boat of Abundance कहती हैं, यानी समृद्धि की नाव. यह कोना उनके बिज़नेस सफर और पारिवारिक भावनाओं को जोड़ता है.
हर कमरा अलग कहानी कहता है
जहां लिविंग रूम शांत और मिनिमल है, वहीं अमन का पर्सनल डेन बिल्कुल अलग अंदाज में है. बोतल-ग्रीन ब्रिक वॉल, पॉप आर्ट, टेक और ऑडियो गैजेट्स से भरा यह कमरा उनके एनर्जेटिक व्यक्तित्व को दर्शाता है.
बेडरूम और बच्चों का कमरा पेस्टल शेड्स और सुकून भरे थीम में सजे हैं. वहीं पाउडर रूम सबसे आकर्षक जगहों में से एक है. जिसमें हाथ से पेंट किया गया टाइगर, ट्रॉपिकल बैकग्राउंड और अमन के सिग्नेचर एविएटर्स दिखते हैं.
दिल से बना घर
यह घर सिर्फ लग्ज़री का प्रदर्शन नहीं, बल्कि अमन और प्रिया की सोच, मेहनत और सपनों का आईना है. 52 करोड़ की कीमत, 300 साल पुराना ऑलिव ट्री और मॉडर्न आर्टवर्क, ये सब मिलकर एक ऐसा घर बनाते हैं जहां सिर्फ पैसा नहीं, बल्कि प्यार और जुनून भी बसता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं