छोटे बच्चे की देखभाल को लेकर माता-पिता के मन में कई सवाल रहते हैं. ऐसा ही एक सवाल है कि क्या दूध पिलाने या कुछ खिलाने के तुरंत बाद बच्चे को नहलाना ठीक है? या बच्चे को दूध पिलाने के कितनी देर बाद नहलाना चाहिए और नहलाते समय किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है? अगर आप भी इस सवाल का जवाब ढूंढ रहे हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. इसे लेकर पीडियाट्रिशियन सुमित्रा मीणा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. आइए जानते हैं अपने इस वीडियो में एक्सपर्ट क्या कहती हैं-
दूध पिलाने के बाद बच्चे को नहलाना चाहिए या नहीं?
एक्सपर्ट के मुताबिक, दूध पीने या खाना खाने के बाद बच्चे का शरीर पाचन की प्रक्रिया में व्यस्त रहता है. इस दौरान बच्चे को तुरंत नहलाने से उसके शरीर का तापमान बदल सकता है. छोटे बच्चों का शरीर अभी पूरी तरह विकसित नहीं होता, इसलिए तापमान में अचानक बदलाव होने से बच्चा असहज महसूस कर सकता है.
सुमित्रा मीणा के अनुसार, फीडिंग के तुरंत बाद बच्चे को नहलाने से गैस, अपच, उल्टी की परेशानी बढ़ सकती है, साथ ही बच्चे को पेट में दर्द भी हो सकता है. ऐसे में दूध पिलाने या खाना खिलाने के तुरंत बाद बच्चे को नहलाने से बचें.
कितनी देर बाद नहलाएं बच्चा?पीडियाट्रिशियन कहती हैं, फीडिंग या खाना खिलाने के बाद कम से कम 30 से 45 मिनट तक इंतजार करें. इस दौरान बच्चे को आराम करने दें, डकार दिलाने की कोशिश करें. 45 मिनट बाद आप अपने बच्चे को नहला सकते हैं.
नहलाते समय इन बातों का रखें ध्यानबच्चे को नहलाते समय पानी बहुत गर्म या बहुत ठंडा नहीं होना चाहिए, साथ ही कमरे का तापमान भी आरामदायक रखें. इसके साथ ही नहलाते समय बच्चे को अकेला बिल्कुल न छोड़ें और हमेशा एक हाथ बच्चे पर रखें. इन छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देकर आप अपने बच्चे की सेहत को अच्छा रख सकते हैं.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- बच्चे को बोतल से दूध पिलाते समय न करें ये 6 गलतियां, Pediatrician ने बताया सही तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं