विज्ञापन

बच्चे को बोतल से दूध पिलाते समय न करें ये 6 गलतियां, Pediatrician ने बताया सही तरीका

मशहूर पीडियाट्रिशियन रवि मलिक ने कुछ आम गलतियों के बारे में बताया है. पीडियाट्रिशियन कहते हैं, लगभग 60 प्रतिशत पेरेंट्स अपने बच्चे को बोतल से दूध पिलाते समय ये आम गलतियां करते हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में-

बच्चे को बोतल से दूध पिलाते समय न करें ये 6 गलतियां, Pediatrician ने बताया सही तरीका
बच्चे को बोतल से दूध पिलाते समय न करें ये 6 गलतियां
(Photo Credit: Freepik)

अगर आपके घर में छोटा बच्चा है और वो बच्चा बोतल से दूध पीता है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. मशहूर पीडियाट्रिशियन रवि मलिक ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में डॉक्टर बताते हैं, लगभग 60 प्रतिशत पेरेंट्स अपने बच्चे को बोतल से गलत तरीके से दूध पिलाते हैं. या बोतल से दूध पिलाते समय कुछ आम गलतियां कर जाते हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में- 

बच्चे को बोतल से दूध पिलाते समय न करें ये 6 गलतियां

नंबर 1- सफाई की गलती 

पीडियाट्रिशियन बताते हैं, सबसे पहले पेरेंट्स सफाई में गलती करते हैं. बच्चे को बोतल से दूध पिलाने से पहले उसे कम से कम 10 मिनट तक उबलते पानी में रखना चाहिए. बोतल के साथ-साथ निप्पल और उसकी कैप को भी पानी में जरूर रखें. ऐसा करने से कीटाणुओं को कम करने में मदद मिल सकती है.

नंबर 2- दूध बनाने में गलती 

एक्सपर्ट कहते हैं, दूसरी गलती पेरेंट्स दूध बनाते समय करते हैं. पेरेंट्स फॉर्मूला मिल्क बनाते समय अपने मन मुताबिक पाउडर और पानी मिला देते हैं. ऐसा करने से बचें. दूध बनाते समय पैकेट पर दिए गए निर्देशों को ध्यान से पढ़ें. उसमें जितनी मात्रा में बताया गया हो, एकदम उसी मात्रा में फॉर्मूला मिल्क पाउडर और पानी डालें. 

नंबर 3- तापमान चेक न करना 

तीसरी गलती होती है तापमान चेक न करना. पीडियाट्रिशियन कहते हैं, दूध पिलाने से पहले उसका तापमान जरूर जांचें. इसके लिए थोड़े से दूध को अपनी कलाई पर डालकर देखें. दूध बहुत ज्यादा गर्म या बहुत ठंडा नहीं होना चाहिए. आमतौर पर दूध का टेम्परेचर 37 डिग्री सेल्सियस होना चाहिए. 

नंबर 4- निप्पल सही नहीं चुनना 

एक्सपर्ट कहते हैं, बच्चे को दूध पिलाने से पहले बोतल का निप्पल चेक करना भी बहुत जरूरी है. निप्पल ऐसा नहीं होना चाहिए, जिससे दूध बहुत तेज धार में आए. तेज फ्लो से बच्चे को खांसी या चोकिंग हो सकती है. वहीं, बहुत धीमा फ्लो भी बच्चे के लिए ठीक नहीं है. इससे बच्चे को दूध पीने में परेशानी हो सकती है. इसलिए ऐसा निप्पल चुनें जिससे दूध धीरे-धीरे सही मात्रा में आता रहे. 

नंबर 5- बचा हुआ दूध दोबारा पिला देना

एक्सपर्ट कहते हैं, बच्चे के पीने के बाद अगर बोतल में दूध रह गया है, तो इसे घंटों बाद बच्चे को दोबारा न पिलाएं. काफी देर रखे हुए दूध को दोबारा पिलाने से बच्चे को इंफेक्शन का खतरा हो सकता है. 

नंबर 6-  सीधा लिटाकर दूध पिलाना

इन सब से अलग डॉक्टर रवि मलिक कहते हैं, ज्यादातर पेरेंट्स अपने बच्चे को सीधा लिटाकर दूध पिलाते हैं. ऐसा करने से भी बचें. बच्चे को पूरी तरह सीधा पीठ के बल लिटाकर बोतल से दूध पिलाने के बजाय सेमी-रेक्लाइंड यानी हल्की उठी हुई पोजिशन में फीड कराना चाहिए. इससे दूध पीते समय बच्चे को निगलने में आसानी होती है और चोकिंग का खतरा भी कम रहता है. 

इस तरह छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देकर आप अपने बच्चे को सही तरीके से दूध पिला सकते हैं और उसकी सेहत का ख्याल रख सकते हैं. 

यहां देखें वीडियो- 

यह भी पढ़ें- हर माता-पिता को अपने बच्चे के साथ बैठकर जरूर पढ़नी चाहिए ये 5 किताबें, एक्सपर्ट ने बताया बच्चा बनेगा समझदार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Parenting Tips, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com