विज्ञापन
28 minutes ago

Dhanteras 2026 LIVE: आज देशभर में धनतेरस का त्योहार मनाया जा रहा है. इसे धनत्रयोदशी के नाम से भी जाना जाता है. मान्यता है कि इस दिन सोना, चांदी, नए बर्तन और दूसरी शुभ चीजें खरीदने से घर में सुख-समृद्धि आती है. यही वजह है कि धनतेरस के दिन बाजारों में अलग ही रौनक देखने को मिलती है. इसके बाद शाम के समय भगवान धन्वंतरि, माता लक्ष्मी और भगवान कुबेर की पूजा की जाती है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान धन्वंतरि को आयुर्वेद और स्वास्थ्य का देवता माना जाता है. वहीं, माता लक्ष्मी को धन और सुख-समृद्धि की देवी और भगवान कुबेर को धन का देवता माना गया है. 

ऐसे में अगर आप भी आज धनतेरस के मौके पर सोना, चांदी, बर्तन, वाहन या घर के लिए कोई नई चीज खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो यहां हम आपको खरीदारी का शुभ मुहूर्त बता रहे हैं. साथ ही जानेंगे, आज शाम को पूजा का शुभ मुहूर्त क्या रहेगा, धनतेरस पर भगवान धन्वंतरि, माता लक्ष्मी और भगवान कुबेर की पूजा कैसे करें, पूजा के लिए किन चीजों की जरूरत होगी, इस दिन क्या खरीदना शुभ माना जाता है और किन चीजों को खरीदने से बचें- 
 

Dhanteras Puja Shubh Muhurat: धनतेरस पर पूजा के लिए बेहद खास है ये मुहूर्त

  • 6 नवंबर को सुबह 11 बजकर 36 मिनट से दोपहर 12 बजकर 22 मिनट तक अभिजीत मुहूर्त रहेगा. इस दौरान नए काम की शुरुआत, पूजा-पाठ और अन्य शुभ कार्य किए जा सकते हैं. अभिजीत मुहूर्त को दिन का सबसे शुभ समय माना जाता है.
  • वहीं, धनतेरस पर पूजा के लिए प्रदोष काल का विशेष महत्व माना जाता है. आज पूजा का शुभ समय शाम 5 बजकर 49 मिनट से रात 8 बजकर 23 मिनट तक रहेगा. 
  • 6 नवंबर को सुबह 10 बजकर 43 मिनट से दोपहर 12 बजकर 5 मिनट तक राहुकाल रहेगा. इस समय कोई नया या मांगलिक काम न करें. 

Dhanteras 2026 LIVE: धनतेरस के दिन क्या नहीं खरीदना चाहिए?

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, धनतेरस के दिन कुछ चीजों की खरीदारी करने से बचना भी चाहिए. इससे घर में दरिद्रता बढ़ सकती है. इस दिन- 

  • लोहे की वस्तुएं
  • धारदार या नुकली चीजें जैसे चाकू, कैंची, पिन, ब्लेड या सुई
  • कांच या शीशे का सामान
  • काले रंग का सामान 
  • तेल या घी नहीं खरीदना चाहिए.

धनतेरस पर झाड़ू खरीदने के बाद क्या करें?

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जिस घर में मां लक्ष्मी का वास होता है, वहां दुख-दरिद्रता कभी नहीं आती है. ऐसे में जो लोग आर्थिक चुनौतियों या कर्ज की समस्या से जूझ रहे हैं, उन्हें धनतेरस के मौके पर झाड़ू खरीदकर पूजा-अर्चना जरूर करनी चाहिए. पूजा के बाद झाड़ू को हमेशा घर के ऐसे कोने में छिपाकर रखना चाहिए, जहां बाहरी लोगों की नजर आसानी से न पड़े. ज्योतिष शास्त्र और वास्तु शास्त्र के अनुसार, झाड़ू को धन की देवी मां लक्ष्मी का रूप माना गया है. इसे खुले में या मुख्य दरवाजे के सामने रखने से घर आने-जाने वालों की नजर इस पर पड़ती है, जिसे ज्योतिष में मां लक्ष्मी का अनादर माना जाता है.

वहीं, इसे नजरों से दूर रखने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का संतुलन बना रहता है और पैसों की रुकावट नहीं आती है. वास्तु के अनुसार, झाड़ू रखने के लिए दक्षिण-पश्चिम (नैऋत्य कोण) या उत्तर-पश्चिम (वायव्य कोण) की दिशा को सबसे शुभ माना गया है. इसे कभी भी ईशान कोण (उत्तर-पूर्व) या मंदिर/रसोई के पास नहीं रखना चाहिए. 
 

Dhanteras 2026 LIVE: धनतेरस के दिन क्या खरीदना शुभ माना जाता है?

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, धनतेरस के दिन सोना-चांदी, पीतल-तांबे के बर्तन और झाड़ू खरीदना सबसे शुभ माना जाता है. इसके अलावा आज के दिन धनिया के बीज जरूर खरीदें. धनतेरस पर धनिया की पूजा भी की जाती है.  

धनतेरस 2026: झाड़ू खरीदने का शुभ मुहूर्त

धनतेरस पर झाड़ू खरीदना भी बेहद शुभ माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, झाड़ू में मां लक्ष्मी का वास होता है. हालांकि, झाड़ू खरीने के भी कुछ नियम बताए गए हैं. ज्योतिषाचार्य सुरेंद्र कांबले बताते हैं, धनतेरस के दिन सूर्यास्त से पहले ही नई झाड़ू घर ले आनी चाहिए. इसके साथ ही कभी भी एक अकेली झाड़ू लेकर न आएं. तीन या पांच जैसी विषम संख्या में झाड़ू खरीदना शुभ माना जाता है. आप सींक या फूल वाली 3 या 5 झाड़ू घर ला सकते हैं, ध्यान रखें कि झाड़ू प्लास्टिक की न हो.

धनतेरस 2026: सोना-चांदी खरीदने का शुभ मुहूर्त

धनतेरस का त्योहार कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को मनाया जाता है. पंचांग के अनुसार, 6 नवंबर को कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि 10 बजकर 32 मिनट के बाद शुरू होगी. ऐसे में आप आज 10 बजकर 32 मिनट के बाद खरीदारी कर सकते हैं. 
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Dhanteras, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com