AC Cooling Tips: देशभर में गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है. पारा 40-45 डिग्री के पार जा रहा है और ऐसे में चैन की नींद के लिए एयर कंडीशनर (AC) ही एकमात्र सहारा नजर आता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी एक छोटी सी लापरवाही इस कूलिंग मशीन को आपके लिए घातक बना सकती है. गर्मी में मशीन पर लोड ज्यादा होता है, इसलिए इसकी सही देखभाल बहुत जरूरी है. हाल ही में इंस्टाग्राम delhiwalee पर एक ऐसा ही पोस्ट शेयर किया गया है जिसमें एसी से जुड़े टिप्स बताए गए हैं. तो चलिए जानते हैं एसी से जुड़े 5 जरूरी टिप्स जिन्हें भूलकर भी नहीं करना चाहिए नजरअंदाज.
एसी से जुड़े जरूरी टिप्स-(AC Safety Tips)
1. कंप्रेसर-
एसी का सबसे अहम हिस्सा उसका कंप्रेसर (Compressor) होता है. गर्मी के मौसम में जब हम घंटों एसी चलाते हैं, तो कंप्रेसर पर बहुत दबाव पड़ता है. अगर इसकी सर्विस समय पर न हो, तो यह जरूरत से ज्यादा गर्म (Overheat) होने लगता है. ज्यादा ओवरहीटिंग की वजह से इसमें ब्लास्ट होने का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए समय-समय पर किसी एक्सपर्ट टेक्नीशियन से इसकी जांच जरूर कराएं.
2. आउटडोर यूनिट-
ज्यादातर लोग एसी की आउटडोर यूनिट (Outdoor Unit) को छत या ऐसी जगह लगा देते हैं जहां दिनभर सीधी और तेज धूप पड़ती है. सीधी धूप और ऊपर से मशीन की अपनी गर्मी, दोनों मिलकर यूनिट को डैमेज कर सकते हैं. कोशिश करें कि आउटडोर यूनिट के ऊपर कोई शेड या छाया हो, जिससे उसे सीधी धूप न लगे.
3. वोल्टेज स्टेबलाइजर-
गर्मियों में बिजली की खपत बढ़ने से अक्सर वोल्टेज कम-ज्यादा (Fluctuation) होता रहता है. बिजली का यह उतार-चढ़ाव एसी की मोटर और सर्किट को जला सकता है. हमेशा एक अच्छी क्वालिटी का वॉल्टेज स्टेबलाइजर (Voltage Stabilizer) इस्तेमाल करें.
4. गैस लीकेज-
कई बार हम देखते हैं कि एसी चल तो रहा है लेकिन कूलिंग नहीं कर रहा. इसका एक बड़ा कारण गैस लीकेज (Gas Leakage) हो सकता है. गैस लीक होने पर कंप्रेसर को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे उसके फटने का डर रहता है.
5. अजीब आवाज या बदबू-
अगर आपके एसी से अचानक कोई अजीब सी आवाज आने लगे या फिर जलने जैसी बदबू आए, तो एक सेकंड की भी देरी न करें. तुरंत एसी का स्विच बंद कर दें और मेन प्लग निकाल दें.
ये भी पढ़ें- क्या आप भी अपने घर को देना चाहते हैं सेलिब्रिटी लुक? राघव चड्ढा और परिणीति चोपड़ा के दिल्ली होम से लें ये डेकोर टिप्स
क्या पैरों में होने वाला दर्द हार्ट की बीमारी का संकेत है? जानिए डॉक्टर ने क्या कहा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं