UP TET Exam: उत्तर प्रदेश के तमाम जिलों में दो जुलाई से यूपी टीईटी परीक्षा आयोजित होने जा रही है, जिसमें करीब 20 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों ने आवेदन किया है. इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे लेकर एक रिव्यू मीटिंग की, जिसमें कई बड़े फैसले लिए गए. इस बैठक में यूपी के स्कूलों में पढ़ाने वाले हजारों शिक्षकों को लेकर भी एक बड़ा फैसला लिया गया, जिसमें बताया गया कि पहले से नौकरी कर रहे टीचर्स के लिए अलग से टीईटी (TET) परीक्षा आयोजित की जाएगी. इसे लेकर सीएम योगी की तरफ से उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को निर्देश दिया गया है.
सीएम योगी ने दिए निर्देश
सुप्रीम कोर्ट ने सेवा में मौजूद तमाम टीचर्स के लिए टीईटी पास करना अनिवार्य कर दिया है. इसे लेकर कई राज्यों के शिक्षक प्रदर्शन भी कर रहे हैं. इसी बीच सीएम योगी का ये फैसला यूपी के एक लाख से ज्यादा शिक्षकों के लिए राहत की खबर है. सीएम योगी ने कहा कि नौकरी कर रहे शिक्षकों को भी रोजगार और प्रमोशन के समान अवसर मिलने चाहिए. इससे यह सुनिश्चित होगा कि किसी भी शिक्षक को सिर्फ अवसर न मिलने की वजह से दिक्कतों का सामना न करना पड़े.
दूसरे राज्य से आने वाले उम्मीदवारों को मिलेगी सुविधा
सीएम योगी ने बैठक के दौरान ये भी निर्देश दिए हैं कि यूपी टीईटी परीक्षा देने दूसरे राज्यों से आए उम्मीदवारों के ट्रांसपोर्टेशन और उनके ठहरने की व्यवस्था की जाए. उन्होंने कहा कि किसी भी अभ्यर्थी को परेशानी नहीं होनी चाहिए. इसके लिए बस अड्डों से लेकर एग्जाम सेंटर्स तक सहायता केंद्रों की व्यवस्था की जाएगी. इसके अलावा कंट्रोल रूम पूरी तरह से एक्टिव रहेंगे.
कल से शुरू हो रही परीक्षा
यूपी में स्टेट टीईटी की परीक्षा कल से शुरू हो रही है और 4 जुलाई तक चलेगी. इस परीक्षा में 20 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों ने आवेदन किया है, जिनमें 1.85 लाख टीचर्स भी शामिल हैं. परीक्षा हर दिन दो शिफ्टों में ऑफलाइन यानी ओएमआर शीट पर होगी. कक्षा 1 से लेकर 5वीं तक पढ़ाने वाले टीचर्स के लिए पेपर-1 और कक्षा 6 से 8वीं तक पढ़ाने के लिए पेपर-2 देना होगा.
ये भी पढ़ें - न इंफ्रास्ट्रक्चर, न टीचर्स...अधूरी तैयारियों के चलते टल गई बिहार के 211 डिग्री कॉलेजों में पढ़ाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं