विज्ञापन

रेलवे भर्ती परीक्षाओं पर सरकार का बड़ा फैसला: CBT के जरिए होंगी अधिक परीक्षाएं, TBT का बढ़ाया जाएगा दायरा

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान यह निर्देश जारी किया कि सभी विभागीय भर्ती परीक्षाएं अनिवार्य रूप से कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में होंगी और टैबलेट आधारित टेस्टिंग (TBT) का दायरा तेजी से बढ़ाया जाएगा.

रेलवे भर्ती परीक्षाओं पर सरकार का बड़ा फैसला: CBT के जरिए होंगी अधिक परीक्षाएं, TBT का बढ़ाया जाएगा दायरा
वित्त वर्ष 2025-26 में 43,781 उम्मीदवारों को रेलवे में नौकरी दी गई है.

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को भारतीय रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रेलवे भर्ती बोर्ड की भर्ती प्रक्रिया पर एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की. बैठक के दौरान भर्ती प्रक्रियाओं में ज्यादा पारदर्शिता, सटीकता और तेजी से काम पूरा करने पर जोर दिया गया. इस दौरान अश्विनी वैष्णव ने कहा, अब सभी विभागीय परीक्षाएं CBT के जरिए होंगी. उन्होंने निर्देश दिया कि सामान्य और विभागीय भर्ती परीक्षाओं को और तेज व सुरक्षित बनाने के लिए जहां संभव हो, टैबलेट आधारित टेस्टिंग (TBT) का दायरा बढ़ाया जाए.

CBT और TBT में क्या अंतर है?

कंप्यूटर-बेस्ड टेस्ट (CBT) और टैबलेट-बेस्ड टेस्ट (TBT) दोनों ही डिजिटल एग्जामिनेशन सिस्टम हैं. हालांकि, इंफ्रास्ट्रक्चर और ऑपरेशनल मेथड के मामले में ये अलग-अलग हैं. CBT डेस्कटॉप कंप्यूटर पर लिया जाता है, जिसके लिए बड़ी कंप्यूटर लैब और बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत होती है. इसके उलट, TBT टैबलेट डिवाइस पर लिया जाता है. इसमें कीबोर्ड या माउस जैसे चीजों की ज़रूरत नहीं होती, जिसका मतलब है कि एग्जाम कम से कम इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ कंडक्ट किया जा सकता है.

43,781 उम्मीदवारों को रेलवे में नौकरी मिली

अश्विनी वैष्णव ने कहा, सालाना भर्ती कैलेंडर के तहत निकली वैकेंसी की जानकारी को उम्मीदवारों ने काफी पसंद किया. वित्त वर्ष 2025-26 में 43,781 उम्मीदवारों को रेलवे में नौकरी दी गई है. भारतीय रेलवे ने व्यवस्थित और टेक्नोलॉजी-आधारित प्रक्रिया के जरिए भर्ती में तेजी लाई है. पिछले वित्त वर्ष में रेलवे ने 18,799 असिस्टेंट लोको पायलट, 14,298 टेक्नीशियन और 1,376 पैरामेडिकल स्टाफ़ की भर्ती की.

रेलवे की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड की भर्ती प्रक्रिया अपने आप में काफी जटिल और व्यापक है. परीक्षा को देश भर के कई शहरों और केंद्रों पर आयोजित किया जाता है. बड़ी संख्या में उम्मीदवारों को शामिल करने के लिए, ये कंप्यूटर-आधारित परीक्षाएं कई शिफ्ट में आयोजित की जाती हैं. अलग-अलग भाषाई पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवारों की सुविधा के लिए 15 भाषाओं में कराई जाती हैं. इस मल्टी-सिटी, मल्टी-शिफ्ट और मल्टी-लिंगुअल ढांचे के लिए व्यापक तालमेल और मजबूत तकनीकी सिस्टम की जरूरत होती है. ताकि पूरी भर्ती प्रक्रिया में निष्पक्षता, मानकीकरण और पारदर्शिता बनी रहे.

ये भी पढ़ें- UP पुलिस भर्ती परीक्षा: हमीरपुर में फुटपाथ पर छात्रों ने गुजारी रात, लखनऊ के रेलवे स्टेशन पर भी रहा यही हाल

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rrb Board, Railway Exam
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com