BPSC Auditor Result 2026 : बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने पंचायती राज विभाग के अंतर्गत ऑडिटर (बिहार पंचायत अंकेक्षण सेवा) भर्ती परीक्षा 2026 का प्रीलिम्स रिजल्ट जारी कर दिया है. आयोग ने विज्ञापन संख्या 09/2026 के तहत आयोजित इस परीक्षा में सफल उम्मीदवारों की लिस्ट पब्लिश कर दी है. अब सिलेक्टेड अभ्यर्थी मुख्य (लिखित) परीक्षा में शामिल हो सकेंगे. बता दें कि रिजल्ट के साथ आयोग ने कैटेगरी वाइज कटऑफ की लिस्ट भी जारी की है. आइए जानते हैं प्री में कितने कैंडिडेट्स सफल हुए हैं और कटऑफ क्या है...
BPSC Auditor Result 2026 : कितने सफल
BPSC की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, ऑडिटर पदों पर नियुक्ति के लिए प्री एग्जाम 05 जुलाई 2026 को आयोजित कराया गया था. इस परीक्षा में कुल 10,856 उम्मीदवार शामिल हुए थे. जनरल स्टडीज (General Studies) सब्जेक्ट में मिले नंबर के आधार पर तैयार कंबाइंड मेरिट लिस्ट के अनुसार आयोग ने मेंस एग्जाम के लिए कुल 1,248 उम्मीदवारों को सफल घोषित किया है.
इसमें अनारक्षित वर्ग के 702, EWS के 138, SC के 148, अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC) के 105, पिछड़ा वर्ग (BC) के 105 और पिछड़ा वर्ग महिला (BCL) श्रेणी के 39 उम्मीदवार शामिल हैं.
दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए निर्धारित क्षैतिज आरक्षण के अंतर्गत 10 दृष्टिबाधित (VI), 8 मूक-बधिर (DD), 11 अस्थि दिव्यांग (OH) और 6 बहु दिव्यांग/मनोविकार (MD) अभ्यर्थियों को भी सफलता मिली है. इसके अलावा बिहार के भूतपूर्व स्वतंत्रता सेनानियों के नाती-पोते एवं नाती-नातिन श्रेणी के 20 उम्मीदवार भी सफल उम्मीदवारों की सूची में शामिल हैं.
BPSC Auditor Result 2026 : कटऑफ क्या है
अनारक्षित (UR) वर्ग के लिए कटऑफ 92 अंक रही, जबकि अनारक्षित महिला वर्ग के लिए 85 अंक निश्चित किया गया है. EWS की कटऑफ 88 अंक और EWS महिला वर्ग की कटऑफ 81 अंक रही. अनुसूचित जाति (SC) वर्ग के लिए 78 अंक और SC महिला वर्ग के लिए 66 अंक सुनिश्चिक किए गए हैं. वहीं अनुसूचित जनजाति (ST) अभ्यर्थियों के लिए कटऑफ 72 अंक रही.
आयोग ने कहा है कि परीक्षा में शामिल सभी अभ्यर्थियों के मार्कशीट जल्द ही उनके लॉगिन आईडी में उपलब्ध करा दिए जाएंगे. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर आगे की अपडेट नियमित रूप से देखते रहें.
यह भी पढ़ें- AIAPGET 2026: जयपुर सेंटर पर बिजली गुल होने से 49 अभ्यर्थियों की परीक्षा अधूरी, NTA ने घोषित की री-एग्जाम डेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं