दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में चूक का बड़ा मामला सामने आया है. एक शख्स कार लेकर बैरियर तोड़ते हुए विधानसभा परिसर में दाखिल हो गया. हैरान करने वाली बात है कि वह कार से उतरा, स्पीकर दे दफ्तर के पास गुलदस्ता रखा और वहां से भाग भी गया. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने उसे अब गिरफ्तार कर लिया है. उसकी कार को भी पुलिस ने उत्तरी दिल्ली के रूप नगर के पास से बरामद कर लिया है. आरोपी के साथ-साथ उसके दो और साथियों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है.
अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक, इस कार को सरबजीत सिंह नाम का शख्स चला रहा था. उसकी एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें उसके हाथ में गुलदस्ता और कुछ कागज नजर आ रहे हैं. यही गुलदस्ता और कागजात उसने विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता के दफ्तर के पास रखे थे. सरबजीत सिंह जो गाड़ी चला रहा था, उसका रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी का था और वह टाटा सिएरा गाड़ी थी.
यह भी पढ़ेंः दिल्ली विधानसभा में गाड़ी घुसाने वाले की पहली तस्वीर आई सामने, बुके के साथ हाथ में पेपर भी थे
कौन है सरबजीत सिंह?
सरबजीत सिंह की फेसबुक प्रोफाइल के मुताबिक, वह उत्तर प्रदेश के पूरनपुर का रहने वाला है. वह अपना खुद का काम करता है. उसने पीलीभीत के स्प्रिंगडेल कॉलेज से स्कूली पढ़ाई पूरी की है. इसके बाद उसने बरेली के ही एक कॉलेज से पढ़ाई की.
जिस टाटा सिएरा कार को लेकर वह दिल्ली विधानसभा के अंदर घुसा था, उसकी दो रील भी उसने फेसबुक पर शेयर की हैं. एक रील में वह अपनी कार को धुलवाता हुआ नजर आ रहा है. वहीं दूसरी रील में वह अपनी टाटा सिएरा कार को 183 की रफ्तार पर चलाता दिख रहा है. इस रील में वह कार के डैशबोर्ड को दिखा रहा है.
आरोपी सरबजीत को किसान आंदोलन का समर्थक बताया जा रहा है. उसने सोशल मीडिया पर आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले किसानो के समर्थन में कई पोस्ट साझा किए थे. इनमें से कुछ पोस्ट उसने बाद में खुद डिलीट कर दिए थे.
दिल्ली विधानसभा में कब-कब क्या हुआ?
- दोपहर के 1:32 बजे विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता शिक्षा विभाग के ऑफिस की तरफ गए थे.
- 20 मिनट वहां रहने के बाद स्पीकर बाकी अधिकारियों के साथ विधानसभा परिसर में आए.
- दोपहर 2:06 मिनट पर स्पीकर अपने ऑफिस के अंदर आए.
- करीब 2:10 बजे गाड़ी लेकर आरोपी बैरिकेडिंत तोड़ते हुए अंदर आ गया.
- आरोपी के पास एक गुलदस्ता, हार और एक बैग भी था.
- अंदर आने के बाद आरोपी स्पीकर की गाड़ी के अंदर बैठा और गुलदस्ता रखा
- इसके बाद आरोपी वहां से गाड़ी लेकर फरार हो गया.
स्पीकर की रेकी हुई थी
इस घटना के बाद से दिल्ली विधानसभा में हाई अलर्ट है. बॉम्ब स्क्वॉड ने भी मौके पर पहुंचकर गुलदस्ते की जांच की थी, जिसमें कोई भी विस्फोटक या संदिग्ध चीज नहीं मिली थी. विधानसभा सूत्रों का कहना है कि घटना से पहले विधानसभा स्पीकर की रेकी हुई थी. वहीं, स्पीकर विजेंद्र गुप्ता का कहना है कि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.














