झूमकर आया मानसून, IMD अलर्ट के बीच दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में बंपर बारिश; जानें आपके राज्य में कब बरसेंगे बदरा

दक्षिण-पश्चिम मानसून के धीरे-धीरे आगे बढ़ने और दक्षिण भारत तथा पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश बढ़ने की संभावना है. मानसून इस बार तीन दिन की देरी से पहुंचा है.

विज्ञापन
Read Time: 7 mins
मॉनसून पिछले 48 घंटों में 7 राज्यों को पार कर गई है.
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • मानसून केरल से शुरू होकर मणिपुर, मिजोरम, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र तक पहुंच गया है
  • दिल्ली-एनसीआर में भी तापमान मेंं गिरावट आएगी, साथ ही आंधी और गरज के साथ बारिश की संभावना है
  • राजस्थान में 8 जून से फिर से लू चलने की संभावना जताई गई है, केरल के 5 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट है
नई दिल्ली:

केरल में मानसून की शुरुआत के साथ ही देश में चार महीने लंबे वर्षा ऋतु का आगाज हो गया है. मानसून अब देश के कई राज्यों में पहुंच गया है. केरल के बाद मानसून आने से मणिपुर, मिजोरम, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र में जमकर बारिश हो रही है. अगले एक सप्ताह में पूर्वोत्तर भारत और दक्षिण भारत के राज्यों में भारी बारिश की संभावना है. 

मानसून इस बार तीन दिन की देरी से पहुंचा है. ये सीजन आम तौर पर एक जून के आसपास शुरू होता है. पिछले साल मानसून 8 दिन पहले, 24 मई को ही केरल तट पर पहुंच गया था और औसत से 9 दिन पहले 29 जून को ही पूरे देश को कवर कर लिया था.

भारत मौसम विभाग ने कहा है, "6 जून को दक्षिण पश्चिम मॉनसून दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी, पश्चिम मध्य और उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों, पूरे पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी और उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों, पूरे गोवा, कर्नाटक के कुछ और हिस्सों और तमिलनाडु के अधिकांश हिस्सों के साथ-साथ मिजोरम और मणिपुर के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है."

Photo Credit: IANS

एनसीआर में फिलहाल भीषण गर्मी से राहत

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लोगों के लिए मौसम विभाग की ओर से राहत भरी खबर है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आगामी कुछ दिनों तक एनसीआर में भीषण गर्मी से राहत बनी रहने की संभावना है. मौसम विभाग का अनुमान है कि फिलहाल अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. हालांकि इस दौरान मौसम पूरी तरह स्थिर नहीं रहेगा और कहीं-कहीं आंधी, गरज-चमक, बारिश तथा तेज सतही हवाएं चलने की संभावना बनी रहेगी.

7 जून को मौसम में आंशिक सुधार देखने को मिल सकता है. इस दिन अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं. 8 जून को तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. इस दिन मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है.

Advertisement
दिल्ली-एनसीआर में 9 जून, 10 जून और 11 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान क्रमशः 26, 27 और 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. इन तीनों दिनों के लिए मौसम विभाग ने दिन के समय तेज सतही हवाएं चलने की संभावना जताई है. मौसम विभाग ने भले ही आगामी दिनों के लिए कोई औपचारिक चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन मौसम में लगातार बदलाव के संकेत दिए हैं.

विशेषज्ञों का कहना है कि प्री-मानसून गतिविधियों के कारण बिना चेतावनी के भी स्थानीय स्तर पर आंधी, धूल भरी हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश की स्थिति बन सकती है. ऐसे में लोगों को खुले क्षेत्रों, कमजोर ढांचों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है. फिलहाल एनसीआर के लोगों को लू और भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

राजस्थान में 8 जून से फिर लू चलने की संभावना

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी दी है कि 8 जून से पश्चिमी राजस्थान में भीषण गर्मी और लू की स्थिति फिर से बन सकती है. फिलहाल राज्य भर में प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहने के कारण राजस्थान में गर्मी से राहत का दौर बना हुआ है. हाल ही में हुई बारिश और तेज हवाओं की वजह से तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई. कई इलाकों में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है. जयपुर, दौसा, करौली, डूंगरपुर और नागौर जैसे शहरों में दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा.

Advertisement

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में अगले दो दिनों तक आंधी-तूफान और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जिसके बाद 8 जून से मौसम धीरे-धीरे शुष्क हो जाएगा. हालांकि, बारिश से लू की स्थिति से लगातार राहत मिलने की उम्मीद है, फिर भी लोगों को आंधी-तूफान और तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. मौसम में बदलाव के बावजूद, फलोदी में राज्य का सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जोधपुर में सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

उत्तरखंड के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि की संभावना

उत्तराखंड 7 से 9 जून के बीच, समग्र वर्षा में कमी आने की संभावना है. हालांकि, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर सहित ऊपरी पहाड़ी जिलों के कुछ अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है.

केरल के पांच जिलों में भारी बारिश का ‘रेड अलर्ट'

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने केरल के पांच जिलों - मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड के लिए भारी बारिश का ‘रेड अलर्ट' जारी किया है. इसके अलावा, राज्य के छह जिलों - पत्तनमथिट्ठा, कोट्टायम, एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर और पलक्कड़ - के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट' और बाकी तीन जिलों में दिन के लिए ‘येलो अलर्ट' जारी किया है. ‘रेड अलर्ट' को देखते हुए वायनाड, कोझिकोड और कासरगोड जिलों में पर्यटक ट्रेकिंग स्थलों में प्रवेश, पहाड़ी सड़कों पर रात्रि यात्रा और खनन गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है.

आईएमडी ने यह भी कहा कि दक्षिण-पश्चिमी मानसून मध्य-पश्चिमी और मध्य-पूर्वी अरब सागर के अधिकांश हिस्सों के साथ-साथ गोवा, कर्नाटक, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भी पहुंच चुका है. मौसम विभाग ने कहा कि उत्तरी केरल के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण छह से नौ जून तक केरल और माहे के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है. साथ ही 10 जून तक केरल में गरज के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है.

तमिलनाडु में 9 जून तक भारी बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान

दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने से 9 जून तक तमिलनाडु में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) ने अनुमान लगाया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के दक्षिण भारत में आगे बढ़ने के साथ ही, आने वाले दिनों में तमिलनाडु के कई हिस्सों में तेज हवाओं और आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश होगी. मौसम विभाग के अनुसार, समुद्र तल से 3.1 किमी से 4.5 किमी की ऊंचाई पर तटीय कर्नाटक और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवाओं का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है.

Advertisement

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर के बाकी हिस्सों, पश्चिम-मध्य और पूर्व-मध्य अरब सागर के कुछ हिस्सों, लक्षद्वीप, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों और बंगाल की खाड़ी के बड़े इलाकों में आगे बढ़ा है.

7 जून के लिए, आरएमसी ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में हल्की से मध्यम बारिश और आंधी-तूफान का अनुमान लगाया है. नीलगिरी, तिरुप्पुर, डिंडीगुल, थेनी, कन्याकुमारी और कोयंबटूर जिले के पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश की संभावना है. तेनकासी, तिरुनेलवेली, इरोड, सलेम, धर्मपुरी, कृष्णगिरि, विरुधुनगर और मदुरै जिलों में भी तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की उम्मीद है.

Advertisement

मौसम विभाग ने मछुआरों और समुद्री गतिविधियों के लिए भी चेतावनी जारी की है. 9 जून तक तमिलनाडु तट, मन्नार की खाड़ी और कोमोरिन सागर में 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और इनके झोंके 60 किमी/घंटा तक पहुंचने की संभावना है.

दक्षिण बंगाल की खाड़ी, उससे सटे मध्य बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर, केरल-कर्नाटक तट, लक्षद्वीप और मालदीव क्षेत्र में भी ऐसे ही हालात रहने की उम्मीद है. मछुआरों को सलाह दी गई है कि समुद्र में न जाएं और खराब मौसम के कारण बहुत सावधानी बरतें.

इसे भी पढ़ें: मॉनसून ने पकड़ी रफ्तार, 5 राज्यों में झमाझम बारिश, यूपी-एमपी से दिल्ली तक कब बरसेंगे बदरा

इसे भी पढ़ें: मॉनसून की तेज रफ्तार, 48 घंटे में 7 राज्य पार, जानें UP-दिल्ली से राजस्थान तक कब बारिश होगी

Featured Video Of The Day
Cockroach Janata Party का प्रदर्शन, FIR के बाद Khan Sir कहां गायब? | Bharat Ki Baat Batata Hoon