- पश्चिमी विक्षोभ के कारण मार्च में दिल्ली-NCR सहित कई राज्यों में मौसम में बदलाव का सिलसिला जारी है.
- बिहार में बिजली गिरने से छह और यूपी में दो लोगों की मौत हुई, जिससे भारी जनहानि की खबरें मिलीं.
- हालांकि दिल्ली-एनसीआर में आज मौसम साफ है. यहां सोमवार को फिर से हल्की बारिश की संभावना जताई गई है.
Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ के कारण मार्च के महीने में बदले मौसम के बदले अंदाज ने हर किसी को हैरान-परेशान कर रखा है. रविवार को दिल्ली-NCR में तो मौसम साफ है. लेकिन बंगाल सहित नॉर्थ ईस्ट भारत और कई राज्यों में आज भी आंधी-बारिश के आसार है. दूसरी ओर शनिवार को बिहार-यूपी में आंधी-बारिश और बिजली गिरने से भारी नुकसान पहुंचा है. बिहार में बिजली गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई, वहीं यूपी में दो लोगों की जान चली गई. बेमौसम हुई इस बारिश से गेंहू, सरसों, मक्का आदि की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है. जिससे किसानों की कमर सी टूट गई है. दूसरी तरफ मौसम विज्ञान विभाग ने बताया है कि दिल्ली-एनसीआर में सोमवार 23 मार्च को फिर से हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है.
एनसीआर में पूरे सप्ताह सुहावना मौसम
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (दिल्ली-एनसीआर) में इन दिनों मौसम बेहद सुहावना बना हुआ है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार पूरे सप्ताह बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और तापमान सामान्य से नीचे रहने के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. खास बात यह है कि 23 मार्च को एक बार फिर हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है.
शनिवार को दिल्ली में 5 डिग्री बढ़कर 27 पहुंचा पारा
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 20 मार्च को अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि 21 मार्च को तापमान बढ़कर 27/14 डिग्री रहा. 22 मार्च को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री रहने का अनुमान है. इसके बाद, 23 मार्च को तापमान 31/17 डिग्री के आसपास रहेगा और दिनभर बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. 24 और 25 मार्च को भी तापमान क्रमशः 31/17 और 32/17 डिग्री रहने का अनुमान है, जहां आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे.
पूरे सप्ताह “नो वार्निंग” की स्थिति है, यानी किसी भी तरह की गंभीर मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है. वहीं, वायु गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार देखा गया है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और स्थानीय एजेंसियों के आंकड़ों के अनुसार एनसीआर के कई इलाकों का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) ग्रीन और येलो जोन में पहुंच गया है.
बारिश और साफ मौसम से दिल्ली का AQI कंट्रोल में
दिल्ली के अलीपुर में एक्यूआई 67, आनंद विहार में 125, अशोक विहार में 82 और चांदनी चौक में 119 दर्ज किया गया. वहीं कैंटोनमेंट एरिया में एक्यूआई 137 और बवाना में 99 रहा. नोएडा में भी हवा की गुणवत्ता बेहतर बनी हुई है. नोएडा के सेक्टर-125 में एक्यूआई 94, सेक्टर-62 में 81, सेक्टर-1 में 86 और सेक्टर-116 में 96 दर्ज किया गया. इसी तरह गाजियाबाद के इंदिरापुरम में एक्यूआई 114, लोनी में 141, संजय नगर में 73 और वसुंधरा में 113 रिकॉर्ड किया गया.
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण बादलों की आवाजाही बनी हुई है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और हवा भी साफ हुई है. फिलहाल आने वाले कुछ दिनों तक इसी तरह का मौसम बना रहने की संभावना है, जिससे लोगों को प्रदूषण और गर्मी दोनों से राहत मिलती रहेगी.
बिहार में दो दिनों से हो रही आंधी-बारिश से भारी नुकसान
दूसरी ओर बिहार में शुक्रवार से लेकर शनिवार तक आंधी, भारी बारिश, ओलावृष्टि और बिजली कड़कने का सिलसिला जारी रहा. खराब मौसम की वजह से कई जिलों में भारी नुकसान हुआ. बिजली गिरने से छह लोगों की जान चली गई और कम से कम दस अन्य घायल हो गए. वहीं यूपी में भी बिजली गिरने से दो लोगों की मौत की खबर सामने आई है.
पटना, बगहा, बेतिया, बांका, गोपालगंज, रक्सौल और खगड़िया समेत कई जिलों में बारिश हुई है. पटना में भारी बारिश के साथ ओले भी गिरे, जबकि रक्सौल में जलभराव की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है. बिजली गिरने से पेड़, संपत्ति और खेतों को भी नुकसान पहुंचा है.
गया जिले के डुमरिया और वजीरगंज इलाकों में बिजली गिरने से दो किसानों की मौत हो गई. इसी तरह, जमुई के चकाई इलाके में बिजली गिरने से 15 साल की एक छात्रा की जान चली गई. मोकामा में बिजली गिरने से पास में काम कर रहे दस मजदूर झुलस गए. सभी घायल मजदूरों का इलाज चल रहा है और अब वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं.
इसी बीच, अररिया में तूफान के दौरान दीवार गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया. किशनगंज में बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक पोल्ट्री फार्म में हुई घटना में करीब 4 हजार मुर्गियों की जान चली गई. समस्तीपुर, पटना और मुजफ्फरपुर में ताड़ के पेड़ों पर बिजली गिरने से आग लगने की घटनाएं भी सामने आई हैं.
खेती-बाड़ी पर भी खराब मौसम का बुरा असर पड़ा है. तेज हवाओं, बारिश और ओलों की वजह से मक्का और गेहूं की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है. मौसम विभाग ने राज्य के 25 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है.
शिवहर में पिछले 24 घंटों से लगातार बारिश और तेज हवाओं के चलते शहरी और ग्रामीण, दोनों ही इलाकों में भारी जलभराव हो गया है. खेरवा डर्प पंचायत में खराब मौसम की वजह से नवरात्रि समारोह के लिए लगाया गया एक पंडाल गिर गया. गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है.
अधिकारियों ने निवासियों से सतर्क रहने, तूफान के दौरान खुले इलाकों से दूर रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने का आग्रह किया है, क्योंकि पूरे बिहार में मौसम का अस्थिर मिजाज बना हुआ है.
यह भी पढ़ें - बर्फबारी, आंधी-बारिश से मार्च में मानसून जैसे हालात, UP में दो लोगों की मौत; अब आगे कैसा रहेगा मौसम, IMD ने बताया













