20 days ago
नई दिल्‍ली:

कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष और वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों को देखने के लिए गुवाहाटी पहुंच गई हैं. वह दो दिवसीय दौरे पर असम आई हैं. इधर, लॉरेंस बिश्नोई गैंग में ड्रग्स सिंडिकेट के आरोपों से जुड़ी लेडी डॉन खुशनुमा अंसारी उर्फ नेहा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. नेहा, लॉरेंस बिश्नोई गैंग में गनमैन कहे जाने वाले बॉबी कबूतर की गर्लफ्रेंड है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एआई इम्पैक्ट लीडरशिप समिट 2026 (AI Impact Leadership Summit 2026) का उद्घाटन कर दिया है. पीएम मोदी भारत के तकनीकी भविष्य के लिए एक दृष्टिकोण निर्धारित कर रहे हैं, जिसमें वैश्विक तकनीकी नेता, नीति निर्माता और नवप्रवर्तक कृत्रिम बुद्धिमत्ता की परिवर्तनकारी क्षमता का पता लगाने के लिए एक साथ आए हैं. तेलंगाना मामले पर रेवंत रेड्डी दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं से मुलाकात करेंगे. इस यात्रा में वे मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे. इस बैठक में चर्चा का मुख्य विषय राज्य सरकार के कामकाज का आकलन करना और आंतरिक समन्वय में सुधार करना होगा. इस यात्रा का उद्देश्य आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति को अंतिम रूप देना भी है. उधर, पश्चिम बंगाल पुलिस ने जनता उन्नयन पार्टी (जेयूपी) के प्रमुख हुमायूं कबीर की पत्नी मीरा सुल्ताना को मणिक्याहार गांव में भूमि एवं भूमि सुधार विभाग से भूमि रूपांतरण की मंजूरी के बिना घर बनाने के आरोप में नोटिस जारी किया है. बढ़ते राजनीतिक तनाव के बीच कबीर से आज इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देने की उम्मीद है. वहां, वॉशिंगटन में गाजा पीस बोर्ड की पहली मीटिंग आज होने जा रही है, लेकिन भारत इसमें शामिल नहीं होगा.

Breaking News LIVE Updates...

Feb 19, 2026 17:47 (IST)

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले डीएमडीके और डीएमके के बीच गठबंधन

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम में देसिया मुरपोक्कु द्रविड़ कड़गम (डीएमडीके) ने बुधवार को औपचारिक रूप से द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (डीएमके) के साथ गठबंधन किया. साल 2005 में अपनी स्थापना के बाद से पहली बार है जब पार्टी ने डीएमके के साथ गठबंधन किया है. डीएमडीके की महासचिव प्रेमलता विजयकांत ने गठबंधन को अंतिम रूप देने के लिए चेन्नई स्थित डीएमके मुख्यालय में मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन से मुलाकात की. यह बैठक राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह राज्य के चुनावी परिदृश्य में एक नए बदलाव का संकेत देती है.

Feb 19, 2026 16:49 (IST)

केरल में कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, छह बार के विधायक के. बाबू ने की राजनीति से संन्यास की घोषणा

केरल विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के. बाबू ने गुरुवार को राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा कर दी, जिससे उनके लंबे और घटनापूर्ण विधायी करियर का अंत हो गया. त्रिपुनिथुरा से छह बार के विधायक के. बाबू ने कहा कि उन्होंने अपने फैसले की जानकारी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को दे दी है, जबकि कांग्रेस नेतृत्व ने कथित तौर पर उनसे उस निर्वाचन क्षेत्र से एक बार फिर चुनाव लड़ने के लिए कहा है. के. बाबू ने कहा, "मैंने अपने सभी वरिष्ठ पार्टी नेताओं को सूचित कर दिया है कि मैं अब चुनावी राजनीति का हिस्सा नहीं रहूंगा." अपनी संगठनात्मक कुशलता के लिए जाने जाने वाले 74 वर्षीय मृदुभाषी नेता के. बाबू ने पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी के सबसे विश्वासपात्रों में से एक थे. उन्होंने 2011 से 2016 के बीच चांडी के नेतृत्व वाली सरकार में आबकारी मंत्री के रूप में कार्य किया, एक ऐसा कार्यकाल जो बाद में बार लाइसेंस घोटाले विवाद से प्रभावित हुआ.

Feb 19, 2026 15:33 (IST)

हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र शुक्रवार से होगा शुरू

हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र शुक्रवार को शुरू होगा. सत्र के हंगामेदार होने के आसार है क्योंकि कानून और व्यवस्था सहित कई मुद्दों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को घेरने के लिए विपक्ष ने रणनीति तैयार की है. सत्र की शुरुआत राज्यपाल के संबोधन से होगी. हरियाणा का वित्त विभाग स्वयं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी संभाल रहे हैं. उन्होंने राज्य का वित्तवर्ष 2026-27 के लिए बजट पेश करने से पहले विभिन्न वर्गों से परामर्श किया और उनसे सुझाव लिये. सैनी ने सत्तारूढ़ और विपक्षी विधायकों से भी सुझाव मांगे.

Feb 19, 2026 15:16 (IST)

एआई समिट में बिहार पवेलियन के उद्घाटन पर दिलीप जायसवाल बोले, राज्य तेजी से बढ़ेगा आगे

बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि देश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में तेजी से प्रगति हो रही है और भारत अब एआई नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ रहा है. मंत्री दिलीप जायसवाल ने आईएएनएस से बताया कि दिल्ली में आयोजित एआई समिट एक्सपो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए. इस महत्वपूर्ण समिट में बिहार पवेलियन का उद्घाटन भी किया गया है. इसके साथ ही कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि इन समझौतों से बिहार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ेगा और राज्य राष्ट्रीय विकास की गति के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेगा.

Feb 19, 2026 14:24 (IST)

घाटे में सरकारें, फिर भी बांट रहीं 'मुफ्त की रेवड़ियां', सुप्रीम कोर्ट की राज्‍यों को फटकार

सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव से पहले 'मुफ्त की रेवड़ियां' बांटने यानि फ्रीबीज पर कड़ी आपत्ति जाहिर की है. राज्‍य सरकारों को फटकार लगाते हुए सुप्रीम कोर्ट ने पूछा कि अगर वे इसी तरह 'मुफ्त खाना, मुफ्त बिजली...' जैसी सुविधाएं देते रहे, तो डेवलेपमेंट के लिए पैसे कहां से बचेगा? इस साल पांच राज्‍यों में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं. ‘तमिलनाडु पावर डिस्ट्रीब्यूशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड’ ने एक याचिका दायर कर उपभोक्ताओं की वित्तीय स्थिति पर गौर किए बिना हर किसी को फ्री बिजली देने  करने का प्रस्ताव दिया है. इसके बाद 'मुफ्त की रेवड़ियां' बांटने का मुद्दा एक बार फिर लाइमलाइट में आ गया है.  

Feb 19, 2026 12:17 (IST)

Delhi School Bomb Threat LIVE: दिल्‍ली के स्‍कूलों में आज फिर बम की धमकी

दिल्ली एनसीआर के कई स्कूलों में आज फिर बम की धमकी मिली है. दिल्ली, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के स्कूलों को धमकी मिली है. इसके अलावा कोर्ट में भी बम की धमकी मिली. हालांकि, कहीं भी जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला. बम की धमकी वाले ई-मेल में खालिस्तानी संगठन का जिक्र है. ऐसा माना जा रहा है कि एग्‍जाम के बीच बम की धमकी के जरिए पैनिक फैलाने की कोशिश की जा रही है. 

Advertisement
Feb 19, 2026 12:12 (IST)

मुंबई में फर्जी ‘बाबा बंगाली’ पर रेलवे की संयुक्त कार्रवाई, 15 हजार पोस्टर जब्त

मुंबई में 17 फरवरी 2026 को  सेंट्रल रेलवे (CR) और वेस्टर्न रेलवे (WR) की संयुक्त टीम ने रे रोड इलाके में कथित फर्जी “बाबा बंगाली” के खिलाफ छापेमारी की। यह कार्रवाई मुखबिर से मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर की गई. टीम में आईटी सेल, मुंबई के SIPF जी.के. राय, एएसआई पी.के. मिश्रा (CR), SIPF एस.के. सोनी और WR स्टाफ शामिल थे। संयुक्त टीम ने रे रोड स्थित मीरा अली दरगाह, दरुखाना परिसर में छापा मारा. छापेमारी के दौरान एमडी नाजिर अंदारी, पिता एमडी रजुल को गिरफ्तार किया गया, उसके कब्जे से रेलवे परिसर में चिपकाने के लिए छपवाए गए करीब 15,000 प्रचार पोस्टर बरामद किए गए.

Feb 19, 2026 11:39 (IST)

Priyanka Gandhi reaches guwahati LIVE: प्रियंका गांधी गुवाहाटी पहुंचीं

कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष और वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों को देखने के लिए गुवाहाटी पहुंच गई हैं. वह दो दिवसीय दौरे पर असम आई हैं. प्रियंका गांधी वाड्रा अपने दौरे की शुरुआत कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना से करेंगी और उसके बाद असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय राजीव भवन जाएंगी. 

Advertisement
Feb 19, 2026 10:56 (IST)

ठग निकला लाल किले के पीछे कश्‍मीर नंबर की कार में बैठा शख्‍स

दिल्ली के लाल किले के पास से कश्मीर के पुलवामा का रहने वाला शख्स गिरफ्तार किया गया है. ये शख्‍स लाल किले के पास जम्मू-कश्मीर नंबर की गाड़ी के साथ खड़ा था. पुलिस ने जब शक होने पर इस शख्‍स को हिरासत में लिया, तो इसने खुद को एनआईए (NIA) का ऑफिसर बताया. पुलिस को जब मामला संदिग्‍ध दिखा, तो कार में बैठे शख्‍स से कड़ाई से पूछताछ की गई. इसके बाद उसने एक के बाद एक खुलासे करने शुरू कर दिये. इस शख्‍स का असली नाम मुदस्सिर है. मुदस्सिर, कश्मीर के पुलवामा का रहने वाला है. पूछताछ में मुदस्सिर ने खुलासा किया कि वह कश्मीरी नौजवानों को जॉब के नाम पर ठगने का काम करता है. 

Feb 19, 2026 09:44 (IST)

डॉन लॉरेंस बिश्नोई गैंग की मैडम जहर गिरफ्तार

लॉरेंस बिश्नोई गैंग में ड्रग्स सिंडिकेट के आरोपों से जुड़ी लेडी डॉन खुशनुमा अंसारी उर्फ नेहा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. नेहा, लॉरेंस बिश्नोई गैंग में गनमैन कहे जाने वाले बॉबी कबूतर की गर्लफ्रेंड है. बताया जा रहा है कि बॉबी कबूतर लॉरेंश बिश्नोई गैंग को हथियारों की खेप मुहैया करवाता है. बॉबी कबूतर एशिया के एक बड़े आर्म्स सप्लायर और भारत का अवैध हथियारों का सबसे बड़ा सौदागर कहा जाने वाला सलीम पिस्टल से हथियार लेता था.

Advertisement
Feb 19, 2026 07:26 (IST)

शिवजयंती पर शिवनेरी किले में बेकाबू भीड़, महिला-बच्चों समेत कई लोग घायल

पुणे जिले के जुन्नर तालुका में स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज के जन्मस्थान शिवनेरी किला पर शिवजयंती के मौके पर इस साल भारी भीड़ उमड़ पड़ी. राज्य के अलग-अलग हिस्सों से शिवज्योत लेकर आए युवा, विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता और दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं के कारण किला परिसर रात से ही खचाखच भरा हुआ था. लेकिन बढ़ती भीड़ को संभालने के लिए पर्याप्त पुलिस बंदोबस्त नहीं होने से कुछ समय के लिए हालात तनावपूर्ण हो गए. अंबरखाना के नीचे स्थित हाथी दरवाजा इलाके और गणेश दरवाजा जैसे संकरे रास्तों पर अचानक बहुत ज्यादा भीड़ जमा हो गई. रास्ते पहले से ही संकरे थे और एक साथ बड़ी संख्या में लोग आगे बढ़ने लगे, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.

Feb 19, 2026 07:20 (IST)

...तो BJP नेताओं के घरों के सामने, कनार्टक में कचरे पर विवाद

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी विधायकों और नेताओं को शहर में कचरा निपटान में बाधा डालने को लेकर चेतावनी दी और कहा कि एस्मा लागू किया जाएगा और उनके घरों के सामने कचरा फेंका जाएगा. शिवकुमार के पास बेंगलुरु शहर विकास विभाग का प्रभार भी है. उन्होंने केपीसीसी कार्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, 'अच्छे से पेश आएं, अन्यथा हम आवश्यक सेवा अनुरक्षण कानून (एस्मा) के तहत सख्त कार्रवाई करेंगे. कचरा निपटान में बाधा डालने वाले भाजपा विधायकों और नेताओं के घरों के सामने कचरा डाला जाएगा.'

Advertisement
Feb 19, 2026 07:13 (IST)

Ramadan 2026: पीएम मोदी ने देशवासियों को रमजान की दीं शुभकामनाएं

देशभर में रमजान को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है. इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को देशवासियों को रमजान की हार्दिक बधाई दी. पीएम मोदी की यह शुभकामना रमजान के पहले रोजे से एक दिन पहले आई है, जिससे देश में सद्भाव और भाईचारे का संदेश मजबूत हुआ है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, "रमजान मुबारक. यह पवित्र महीना हमारे समाज में एकता की भावना को और बढ़ाए. हर जगह शांति और खुशहाली हो."

इससे पहले दिल्ली की ऐतिहासिक जामा मस्जिद से शाही इमाम सैयद शाबान बुखारी ने ऐलान किया कि पूरे देश में गुरुवार से रमजान का पवित्र महीना शुरू होगा. चंद्रमा दिखने की पुष्टि के बाद यह घोषणा की गई. रमजान इस्लाम के पांच स्तंभों में से एक है, जिसमें मुसलमान सुबह से शाम तक रोजा रखते हैं, नमाज पढ़ते हैं और कुरान की तिलावत करते हैं. यह महीना रहमत (दया), मगफिरत (माफी) और नजात (मोक्ष) का महीना माना जाता है.

Featured Video Of The Day
Parliament Session Live: Speaker पर अविश्वास देश को बदनाम करता है... लोकसभा में Amit Shah