- कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई और उनकी पत्नी के पाकिस्तान संबंधों को लेकर SIT ने जांच की रिपोर्ट सरकार को सौंप दी
- हिमंता ने आरोप लगाए कि गौरव की पत्नी ने पाकिस्तान के पूर्व सलाहकार तौकीर शेख को सीक्रेट जानकारी साझा की
- सरमा ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से अनुरोध किया है कि इस मामले की जांच एक केंद्रीय एजेंसी से करवाई जाए
असम में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के कथित पाकिस्तानी संबंध को लेकर SIT की रिपोर्ट के बाद हंगामा खड़ा हो गया है. इसे लेकर रविवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इसमें हिमंता ने कहा कि आरोप गंभीर हैं और इसकी जांच किसी सेंट्रल एजेंसी को करनी चाहिए. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि SIT की रिपोर्ट से पता चलता है कि गौरव गोगोई की पत्नी ने पाकिस्तान के साथ सीक्रेट जानकारी शेयर की थी. वहीं, सीएम हिमंता की प्रेस कॉन्फ्रेंस को गौरव गोगोई ने 'सी ग्रेड सिनेमा से भी बदतर' बताया है.
क्या है पूरा मामला?
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा कई बार आरोप लगा चुके हैं कि गौरव गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न के पाकिस्तान से संबंध थे. एलिजाबेथ ब्रिटिश नागरिक हैं. आरोप लगते हैं कि एलिजाबेथ ISI के साथ संपर्क में थीं, खासकर तब जब वह पाकिस्तान के योजना आयोग के पूर्व सलाहकार तौकीर शेख के साथ इस्लामाबाद में काम कर रही थीं.
इन आरोपों की जांच के लिए सरकार ने एक SIT बनाई थी. इसकी शुरुआती जांच के आधार पर एक केस दर्ज किया गया था. SIT ने अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है. असम सरकार का मानना है कि ये आरोप बहुत गंभीर हैं और एक केंद्रीय जांच एजेंसी को इन आरोपों की जांच करनी चाहिए.
हिमंता सरमा ने क्या कुछ कहा?
SIT की रिपोर्ट को लेकर असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इसमें उन्होंने बताया कि इन आरोपों की जांच केंद्रीय एजेंसी से करवाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय से अनुरोध किया गया है. उन्होंने कहा कि असम सरकार की अपनी सीमाएं हैं. उन्होंने कहा कि 'हमारा मानना है कि एलिजाबेथ और गौरव गोगोई और पाकिस्तान के बीच एक गहरा संबंध है, जिसकी जांच करने की जरूरत है.'
हिमंता ने दावा किया कि 44 पन्नों की SIT रिपोर्ट से पता चलता है कि गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ ने तौकीर शेख के साथ सीक्रेट डॉक्यूमेंट्स शेयर किए थे. उन्होंने यह भी दावा किया कि एलिजाबेथ को पाकिस्तान से सैलरी मिलती थी.
उन्होंने दावा किया कि एलिजाबेथ पहले पूर्व अमेरिकी सीनेटर टॉम उडाल और अरबपति जॉर्ज सोरोस के असिस्टेंट के रूप में काम कर चुकी हैं. सरमा ने आरोप लगाया कि गोगोई की पत्नी पाकिस्तान में घुसने के लिए अटारी बॉर्डर का इस्तेमाल करती थीं. उन्होंने कहा कि जांच में पता चला है कि गोगोई से शादी के बाद से वह 9 बार पाकिस्तान गई हैं. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गोगोई परिवार के किसी सदस्य ने समय-समय पर पाकिस्तानी फर्म को इनपुट और सुझाव देकर मदद की थी.
Elizabeth Coleburn, co-accused in the global conspiracy against India, worked on Pakistan's payroll, worked in a discrete manner in India at 500% inflated salary, transmitted sensitive information to enemy nation and undertook undisclosed visits to Pakistan.
— Himanta Biswa Sarma (@himantabiswa) February 8, 2026
Know more 👇… pic.twitter.com/Er00wsb0B1
सरमा ने आरोप लगाया कि 2013 की पाकिस्तान यात्रा के दौरान गोगोई और उनकी पत्नी को सिर्फ लाहौर जाने की इजाजत दी गई थी लेकिन बाद में उन्हें इस्लामाबाद और कराची जाने की भी इजाजत मिल गई. इसे लेकर उन्होंने गौरव गोगोई से जवाब मांगा है. उन्होंने यह भी दावा किया कि गोगोई ने 2022 में दिल्ली पासपोर्ट ऑफिस में अपने नाबालिग बेटे का पासपोर्ट सरेंडर कर दिया था, ताकि उसे ब्रिटिश नागरिकता मिल सके. उन्होंने कहा कि गौरव गोगोई गांधी परिवार के करीबी हैं और राहुल गांधी को इस मामले पर जवाब देना चाहिए.
इसके बाद एनडीटीवी से बातचीत में सीएम हिमंता ने दावा किया कि जब कांग्रेस सत्ता में थे, तब तौकीर शेख 13 बार भारत आए थे. कोई सवाल नहीं पूछा गया. उन्होंने कहा कि उस समय के IB अधिकारी ही गौरव गोगोई के पाकिस्तान दौरे पर जवाब दे सकते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली से किसी सपोर्ट के बिना ये सब नहीं हो सकता. उन्होंने कहा कि इस मामले की फोरेंसिक जांच और इलेक्ट्रॉनिक जांच की जरूरत है.
गौरव गोगोई ने क्या कहा?
गौरव गोगोई ने सीएम हिमंता की प्रेस कॉन्फ्रेंस को 'सुपर फ्लॉप' बताया है. उन्होंने X पर पोस्ट करते हुए कहा, 'मुझे दिल्ली और असम के उन पत्रकारों पर तरस आता है, जिन्हें सदी की सबसे फ्लॉप प्रेस कॉन्फ्रेंस झेलनी पड़ी. यह एक सी ग्रेड सिनेमा से भी बदतर थी. तथाकथित राजनीतिक रूप से चतुर मुख्यमंत्री ने सबसे बेवकूफी भरे और बकवास पॉइंट दिए.'
गोगोई ने कहा कि 'मुझे लगता है कि उन्होंने नेशनल स्टेज पर खुद को शर्मिंदा किया है. ढाई घंटे लंबी प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद भी वह कमरे में मौजूद पत्रकारों को समझा नहीं पाए. सवाल-जवाब पत्रकारों के लिए संतोषजनक नहीं थे. सीएम को लगता है कि असम के लोग समझदार नहीं हैं. उन्हें असम के नागरिकों का सम्मान करना चाहिए. आने वाले चुनाव में असम के लोग उन्हें कुर्सी से हटा देंगे.'
I pity the journalists from Delhi and Assam who had to suffer the most flop press conference of the century. This was worse than a C grade cinema. Most mindless and bogus points offered by the so called political shrewd Chief Minister. This #SuperFlop is in contrast to our…
— Gaurav Gogoi (@GauravGogoiAsm) February 8, 2026
उन्होंने कहा कि 'उन्हें यह बताना चाहिए कि उन्होंने और उनके परिवार ने 4,000 एकड़ की प्राइम प्रॉपर्टी कैसे हासिल की? जब हम सत्ता में आएंगे तो हम उन जमीनों को लेकर गरीबों और भूमिहीनों को बांट देंगे.'
गोगोई ने कहा कि असम सीएम पर भ्रष्टाचार के कई आरोप हैं. उन्होंने असम के सीएम की कुर्सी का मजाक उड़ाया है. SIT रिपोर्ट से पता चला है कि वह चिंतिंत हैं और उन्होंने खुद को शर्मिंदा किया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं