पंचकूला में बुधवार देर रात गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग के शूटरों ने नगर निगम वार्ड-1 की पार्षद के देवर रतन लुबाना पर जानलेवा हमला कर दिया. इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. जानकारी के अनुसार, रतन लुबाना बुधवार रात करीब 12 बजे सेक्टर-5 स्थित स्विस लाउंज से बाहर निकल रहे थे. तभी पल्सर बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. करीब 8 राउंड गोलियां चलाई गईं, जिसमें एक गोली रतन लुबाना को लग गई. हमले के दौरान सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बदमाश और लोग भागते नजर आ रहे हैं.
दो कारतूस जमीन पर गिरे
हमले के दौरान बदमाशों ने पिस्टल लोड करते समय दो कारतूस मौके पर गिर गए, और वारदात को अंजाम देने के बाद यमुनानगर हाईवे की ओर फरार हो गए. घटना के समय डिटेक्टिव स्टाफ का एक जवान मौके पर मौजूद था, जिसने तुरंत बदमाशों का पीछा किया और पुलिस को सूचना दी.
पुलिस पर भी की फायरिंंग
इसके बाद डिटेक्टिव टीम, क्राइम ब्रांच-26 और एंटी नारकोटिक्स सेल हरकत में आ गए और पंचकूला के मट्टावाला फ्लाईओवर के पास नाकाबंदी कर दी गई. नाकाबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर भी फायरिंग की और बेला बिस्टा चौक और नाडा साहिब इलाके में पुलिस की गाड़ी को निशाना बनाया, हालांकि पुलिसकर्मी सुरक्षित बच गया.
शूटरों के घुटनों में लगी गोलियां
इसके बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों शूटरों के घुटनों में गोलियां लगी, जिसके बाद उन्हें काबू कर लिया गया. घायल बदमाशों को पहले पंचकूला के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया.
गोदार और गोल्डी बराड़ गैंग के शूटर
पकड़े गए आरोपियों की पहचान पंजाब के लुधियाना निवासी जसविंदर और होशियारपुर निवासी हरप्रीत के रूप में हुई है. दोनों पर गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग से जुड़े होने का आरोप है. जसविंदर पर पहले से ही हत्या के प्रयास के दो मामले दर्ज बताए जा रहे हैं.
18 राउंड की फायरिंंग
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने इस पूरी वारदात में लगभग 18 राउंड फायरिंग की और उनके पास से दो सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल बरामद की गई हैं. काबिलेजिक्र है कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को कुछ ही घंटों में मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया.
गोलीबारी के बाद आया फोन
गोलीबारी के बाद रतन लुबाना के फोन पर कॉल आया. बताया जा रहा है कि रोहित गोदारा ने कॉल किया था. लुबाना के परिजनों ने फोन उठाया तो कहा कि कितनी गोली लगी है. परिजनों ने कहा कि वो अस्पताल में है इसकी जानकारी नहीं है. इसके बाद गोदाा ने कहा कि दूसरों को 3 करोड़ रुपये दे रहा है, गोली तो लगनी ही थी. आज नहीं तो कल मरेगा.
इस घटना में एक स्थानीय व्यक्ति भी घायल हुआ है. फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस हमले के पीछे पूरी साजिश क्या थी.
यह भी पढ़ें: रोहित गोदारा का गुर्गा भूख हड़ताल पर, अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में अलर्ट, समझाइश में जुटा प्रशासन