Chicken Sheesh Kebab Recipe For Eid: ईद का त्योहार खुशियों, दावतों और लजीज पकवानों का होता है. इस खास मौके पर लोग तरह-तरह के व्यंजन बनाते हैं, लेकिन आज के समय में हेल्थ का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी हो गया है. ज्यादा तेल और मसालों से बने खाने की जगह अगर कुछ हल्का और पौष्टिक मिल जाए तो त्योहार का मजा और बढ़ जाता है. ऐसे में चिकन शीश कबाब एक शानदार विकल्प हो सकता है, जिसे आप घर पर आसानी से कम तेल में तैयार कर सकते हैं और बिना किसी गिल्ट के खा सकते हैं.
क्यों खास हैं चिकन शीश कबाब? (Benefits Of Chiken Seesh Kabab)
चिकन प्रोटीन का बेहतरीन स्रोत होता है, जो शरीर को मजबूती देने के साथ मसल्स (Muscles) को भी सपोर्ट करता है. जब इसे डीप फ्राई (Deep Fry) करने की बजाय ग्रिल (Grill) या ओवन (Oven) में बनाया जाता है, तो इसमें अतिरिक्त फैट नहीं बढ़ता. चिकन शीश कबाब में डाले जाने वाले मसाले जैसे अदरक, लहसुन और नींबू पाचन (Digestion) को बेहतर बनाने में मदद करते हैं. यह डिश उन लोगों के लिए भी बढ़िया है जो वजन (Weight) को कंट्रोल में रखना चाहते हैं और हेल्दी तरीके से त्योहार मनाना चाहते हैं.
चिकन शीश कबाब बनाने के लिए सामग्री- (Ingredients For Making Chiken Seesh Kabab)
- 250 ग्राम बोनलेस चिकन
- 2 बड़े चम्मच दही
- 1 बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
- 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 छोटा चम्मच गरम मसाला
- 1 छोटा चम्मच जीरा पाउडर
- 1 बड़ा चम्मच नींबू का रस
- नमक स्वादानुसार
- 1 छोटा चम्मच सरसों का तेल
चिकन शीश कबाब बनाने की आसान विधि- (How To Make Chicken Sheesh Kebab)
- सबसे पहले एक बाउल में दही, अदरक-लहसुन पेस्ट, सभी मसाले, नींबू का रस और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं.
- अब इसमें चिकन के टुकड़े डालकर अच्छे से मेरिनेट करें और इसे कम से कम 30 मिनट के लिए ढककर रख दें.
- अब मेरिनेट किए हुए चिकन को सीख में लगाएं. अगर आपके पास ओवन है तो इसे 180 डिग्री सेल्सियस पर 15 से 20 मिनट तक बेक करें. बीच-बीच में हल्का सा तेल ब्रश कर सकते हैं. अगर ओवन नहीं है तो आप इसे ग्रिल पैन या तवे पर भी कम तेल में पका सकते हैं.
- जब कबाब अच्छी तरह पक जाएं और हल्के ब्राउन हो जाएं, तब इन्हें प्लेट में निकालें. ऊपर से थोड़ा नींबू का रस डालें और प्याज, सलाद और हरी चटनी के साथ सर्व करें.
इन कबाब को आप लंच या डिनर में सलाद के साथ शामिल कर सकते हैं. यह एक लो-ऑयल (Low Oil), हाई-प्रोटीन (High Protein) और स्वादिष्ट डिश है, जो ईद के मौके पर भी आपकी सेहत का पूरा ध्यान रखती है.
Watch Video: कैसे बनाएं हरियाली मुर्ग मसाला रेसिपी | How To Make Hariyali Murgh Masala
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)














