Celebrity Recipes: घर का खाना सिर्फ पेट नहीं भरता, यादें भी जोड़ता है. और जब बात मां के हाथ के खाने की हो, तो हर रेसिपी अपने आप खास बन जाती है. फिल्म गोलमाल फेम अभिनेत्री अश्विनी कालसेकर ने कुछ ऐसा ही स्वाद और इमोशन अपनी एक इंस्टाग्राम रील में दिखाया, जहां उन्होंने अपनी मां की बनाई ‘आंबट बटाटा' यानी खट्टे आलू की रेसिपी शेयर की. अश्विनी का अंदाज इस वीडियो में बिल्कुल अलग और दिल के करीब लगता है. बिना किसी फॉर्मेलिटी के, बिल्कुल घरेलू स्टाइल में वह रेसिपी बताती भी हैं और बनाकर दिखाती भी हैं. यही वजह है कि उनका यह वीडियो लोगों को खूब पसंद आ रहा है और इसे लाखों लाइक्स मिल रहे हैं.
अश्विनी कालसेकर ने बनाई नारियल आलू की अनोखी सब्जी
रेसिपी की बात करें तो उन्होंने आलू को छीलकर लंबे और मोटे टुकड़ों में काटा. फिर कड़ाही में तेल गर्म कर उसमें राई और मेथीदाना चटकाया, साथ ही हींग का तड़का लगाया. इसके बाद आलू डालकर हल्का सौते किया और फिर हल्दी, लाल मिर्च, नमक और धनिया पाउडर डालकर पकाया.
इसके बाद इसमें गर्म पानी डालकर आलू को उबलने दिया गया. दूसरी तरफ नारियल, धनिया के दाने, इमली और हल्दी का पेस्ट तैयार किया गया, जिसे बाद में सब्जी में डालकर फिर से उबाला गया. उबलते समय इसमें थोड़ा सा गुड़ डालने से इसका स्वाद खट्टा-मीठा हो जाता है.
हेल्थ के लिए फायदेमंद
फूड के साथ-साथ हेल्थ की बात करें तो यह रेसिपी दिलचस्प संतुलन दिखाती है. आलू जहां कार्बोहाइड्रेट का अच्छा स्रोत है, वहीं नारियल और इमली इसमें अलग-अलग पोषक तत्व जोड़ते हैं. इमली डाइजेशन में मदद करती है और मसालों का तड़का मेटाबॉलिज्म को एक्टिव करने में सहायक माना जाता है.
अश्विनी ने बताया कि यह सब्जी फुल्के के साथ खाने में सबसे ज्यादा स्वादिष्ट लगती है. कम समय में बनने वाली यह डिश घर के सिंपल खाने को भी खास बना सकती है. सोशल मीडिया पर लोग इस रेसिपी के साथ-साथ अश्विनी के अंदाज की भी तारीफ कर रहे हैं. कई यूजर्स ने इसे “होमस्टाइल कम्फर्ट फूड” बताया है, जो स्वाद के साथ सेहत का भी ध्यान रखता है.
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)














