महीने की शुरुआत में तो सैलरी या पॉकेट मनी अच्छी खासी होती है, लेकिन आखिरी हफ्ता आते-आते जेब बिल्कुल खाली हो जाती है? दिन-रात मेहनत करके पैसे तो बहुत कमाते हैं, लेकिन बैंक बैलेंस जीरो का जीरो ही रहता है. अगर आपके साथ भी यही समस्या है, तो आपको एक बार अपनी हथेली पर ध्यान से देखने की जरूरत है. ऐसा माना जाता है कि हाथ की लकीरें और छोटे निशान हमारी किस्मत के बारे में बहुत कुछ बताते हैं. जिन में से एक हैं मनी ट्रायंगल, ये सीधे तौर पर आर्थिक स्थिति और पैसों की बचत के बारे में बताता है. ये निशान हाथ में कहां बनता है और इसका आपकी लाइफ पर क्या असर पड़ता है इसके बारे में जानना चाहते हैं? तो स्टोरी को पूरा पढ़ें.
हथेली में कैसे बनता है मनी ट्रायंगल?
हाथ की रेखाओं को गौर से देखें, तो इसमें तीन रेखाएं मिलकर इस त्रिकोण को बनाती हैं, भाग्य रेखा यह रेखा बताती है कि करियर और कामकाज के मामले में इंसान की किस्मत कैसी रहने वाली है. मस्तिष्क रेखा, इससे यह पता चलता है कि इंसान दिमाग से कितना तेज है और वह अपने जीवन के फैसले कितनी समझदारी के साथ लेता है. बुध रेखा यह रेखा व्यापार की समझ और पैसों के मैनेजमेंट का बहुत बड़ा संकेत मानी जाती है.
ये तीनों रेखाएं जब हथेली के बीच में आपस में मिलती हैं, तो एक त्रिकोण जैसा आकार बनता है जिसे मनी ट्रायंगल कहा जाता है. हर इंसान की हथेली में यह निशान अलग होता है, किसी के हाथ में यह एकदम साफ और गहरा होता है, तो किसी के हाथ में हल्का या कटा या फटा होता है.
कब शुभ माना जाता है मनी ट्रायंगल?
अगर किसी व्यक्ति के हाथ में मनी ट्रायंगल एकदम स्पष्ट बना हुआ है और इसकी तीनों रेखाएं बिना किसी जोड़ या कट के आपस में जुड़ी हैं, तो इसे बेहद शुभ माना जाता है.
ऐसे लोग पैसों के मामले में बहुत समझदार होते हैं. इन्हें अच्छी तरह पता होता है कि अपनी मेहनत की कमाई को भविष्य के लिए कैसे सुरक्षित रखना है और कहां निवेश करना है. इन लोगों के पास खर्च करने के साथ जोड़ने की गजब की कला होती है, इसलिए इन्हें पैसों की तंगी का सामना शायद ही कभी करना पड़ता है.
कब अशुभ माना जाता है यह निशान?
अगर हथेली में मनी ट्रायंगल तो बना है, लेकिन उसकी रेखाएं बीच से कटी हुई, टूटी या उलझी हुई हैं, तो इसे अच्छा संकेत नहीं माना जाता. ऐसे लोगों की कमाई चाहे जितनी भी अच्छी क्यों न हो, उनके हाथ में पैसा टिकता नहीं है. बेहिसाब खर्च और अचानक आने वाले खर्चे इनकी सेविंग्स को खत्म कर देते हैं. लाख कोशिशों के बावजूद ऐसे लोग भविष्य के लिए पैसे जोड़ने में नाकामयाब रहते हैं और बार-बार तंगी से घिर जाते हैं.
कब मिलता है इसका फायदा?
ज्यादातर लोगों के मन में यह सवाल जरूर आता है कि इस निशान का असर जिंदगी में कब दिखाई देता है? अगर आपके हाथ में मनी ट्रायंगल सही और शुभ स्थिति में है, तो इसका सबसे ज्यादा फायदा 35 से 40 साल की उम्र के बीच देखने को मिलता है. इस उम्र तक आते-आते इंसान को करियर, दुनियादारी और पैसों की बहुत अच्छी समझ हो चुकी होती है, उसे यह भी पता चल जाता है कि पैसे को सही जगह पर कैसे इन्वेस्ट करना है और कहां फिजूलखर्ची से बचना है.
इसे भी पढ़ें: तुलसी विवाह पर कर लें ये 1 काम, एस्ट्रोलॉजर जय मदान ने बताया बिगड़े रिश्ते में भी लौट आएगी मिठास
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं