धर्म बदला तो आरक्षण खत्म! SC स्टेटस पर सुप्रीम कोर्ट ने खींची साफ लकीर, 10 सवालों में समझें- आपके हक पर क्या असर पड़ेगा

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि केवल हिंदू, सिख और बौद्ध धर्म के अनुयायी ही अनुसूचित जाति का दर्जा पा सकते हैं. ईसाई या किसी अन्य धर्म में कन्वर्ज़न पर SC दर्जा तुरंत खत्म हो जाएगा और SC/ST Act का लाभ नहीं मिलेगा.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
नई दिल्ली:

धर्म बदलने पर क्या आरक्षण खत्म हो जाता है? अगर कोई फिर से अपने पुराने धर्म में लौटे तो क्या उसे अनुसूचित जाति का दर्जा वापस मिल सकता है? इन सवालों पर लंबे समय से बहस चल रही थी. अब सुप्रीम कोर्ट ने साफ कर दिया है कि धर्मांतरण और SC स्टेटस के लाभ दोनों साथ-साथ नहीं चल सकते. कोर्ट के इस फैसले का असर सीधे लाखों लोगों पर पड़ सकता है. खासकर उन परिवारों पर, जहां धर्म और पहचान दोनों बदल रहे हैं. 

क्या है कोर्ट का फैसला? 

सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि केवल हिंदू, सिख या बौद्ध धर्म मानने वाले ही अनुसूचित जाति (SC) का दर्जा पा सकते हैं. जो व्यक्ति ईसाई या किसी और धर्म में कन्वर्ट हो जाता है, वह अपना SC दर्जा तुरंत खो देता है. जस्टिस पी.के. मिश्रा और एन.वी. अंजारी की बेंच ने फैसला सुनाते हुए साफ कहा कि ईसाई धर्म अपनाने वाला दलित व्यक्ति SC या SC/ST (अत्याचार निवारण) अधिनियम का लाभ नहीं ले सकेगा. यह सुप्रीम कोर्ट का महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक फैसला माना जा रहा है.

ऐसे में आइए कोर्ट के फैसले को आसान भाषा में समझते हैं.

1. अगर मैं SC परिवार में पैदा हुआ हूं, लेकिन बाद में मुस्लिम या ईसाई बन गया तो क्या होगा?

आपका SC दर्जा खत्म हो जाएगा. यानी आरक्षण और उससे जुड़े फायदे नहीं मिलेंगे.

यह भी पढ़ें- 'धर्म बदलने पर SC स्टेटस तुरंत खत्म', आंध्र सरकार के फैसले को सुप्रीम कोर्ट ने रखा बरकरार, जानें- फैसले की बड़ी बातें

2. क्या धर्म बदलते ही SC स्टेटस तुरंत खत्म हो जाता है?

हां, बिल्कुल. कोर्ट के मुताबिक धर्म बदलते ही SC का दर्जा अपने आप खत्म हो जाता है.

3. क्या मुझे आरक्षण (नौकरी/एडमिशन) का फायदा मिलता रहेगा?

नहीं. धर्म बदलने के बाद आप SC कैटेगरी का फायदा नहीं ले सकते.

4. क्या SC/ST Act, 1989 की सुरक्षा भी नहीं मिलेगी?

नहीं. इस कानून के तहत मिलने वाली सुरक्षा भी खत्म हो जाएगी.

5. अगर मैं फिर से हिंदू/सिख/बौद्ध बन जाऊं तो क्या SC स्टेटस वापस मिल जाएगा?

मिल सकता है, लेकिन सिर्फ कह देने से नहीं मिलेगा.

6. धर्म वापसी के बाद SC स्टेटस पाने के लिए क्या करना होगा?

आपको ये साबित करना होगा कि आपने सच में धर्म बदला है. समाज ने आपको फिर से स्वीकार किया है और आप उसी समुदाय के तौर-तरीकों में जी रहे हैं.

Advertisement

7. क्या मेरे बच्चों को SC का फायदा मिलेगा?

अगर आप धर्म बदल चुके हैं, तो आमतौर पर बच्चों को भी SC का लाभ नहीं मिलेगा. लेकिन हर केस अलग हो सकता है. ये इस पर निर्भर करेगा कि बच्चे किस माहौल में पले-बढ़े. कई मामलों में ऐसा होता है कि परिवार का मुखिया ईसाई धर्म अपना लेता है और बाकी लोग अपने धर्म को ही मानते हैं, तो ऐसी स्थिति में SC स्टेटस का लाभ हर केस में अलग-अलग तय होगा. 

8. क्या मैं एक साथ दो पहचान रख सकता हूं? (धर्म अलग, SC फायदा अलग)

नहीं. कोर्ट ने साफ कहा कि ऐसा नहीं हो सकता.

यह भी पढ़ें- मुस्लिम-ईसाई बनते ही SC का दर्जा खत्म...सुप्रीम कोर्ट ने क्यों सुनाया फैसला, 1950 वाला आदेश पढ़ लीजिए

Advertisement

9. ये नियम आखिर किस कानून पर आधारित है?

Constitution (Scheduled Castes) Order, 1950 के मुताबिक SC का दर्जा सिर्फ हिंदू, सिख और बौद्ध धर्म के लोगों को ही मिलता है.

10. क्या सरकार या राज्य इस नियम को बदल सकते हैं?

नहीं. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ये संवैधानिक नियम है, इसे कोई राज्य अपने स्तर पर नहीं बदल सकता.

आसान भाषा में समझें तो धर्म बदलने से SC स्टेटस खत्म हो जाएगा. अगर वापसी करनी है तो समाज और कानून दोनों को साबित करना होगा. 
 

Featured Video Of The Day
PM Modi In Rajya Sabha | 'कालाबाजारी-जमाखोरी करने वालों से बचना होगा...': राज्यसभा में बोले PM मोदी
Topics mentioned in this article