उत्तराखंड में अगले दो से तीन महीने में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं. ऐसे में तमाम दलों ने अपने उम्मीदवार भी चुनने शुरू कर दिए हैं. इसी बीच उत्तराखंड के एक चर्चित IAS अधिकारी के चुनाव लड़ने की खबरें तेजी से सोशल मीडिया पर फैलने लगी हैं. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ दिखने के बाद IAS अधिकारी दीपक रावत को लेकर ये चर्चा शुरू हुई है. किसी आईएएस अधिकारी का सीएम के साथ दिखना काफी आम है, लेकिन दीपक रावत को लेकर सीएम धामी ने कुछ ऐसा कह दिया, जिसे लोग संकेत समझ बैठे हैं. फिलहाल दीपक रावत की राजनीति में एंट्री की अटकलें तेज हो गई हैं.
क्यों होने लगी चुनाव लड़ने की चर्चा?
दरअसल सीएम धामी के हल्द्वानी दौरे पर उनका स्वागत करने के लिए आईएएस दीपक रावत पहुंचे थे. जैसे ही सीएम हेलिकॉप्टर से उतरे तो दोनों की मुलाकात हुई, इस दौरान सीएम ने उन्हें एक फूलों का गुलदस्ता थमाया और कहा कि आने वाले दिनों में कमिश्नर साहब को भी ऐसे ही आना है. इस बयान के बाद से ही उत्तराखंड की राजनीति में दीपक रावत की एंट्री को लेकर चर्चा तेज है. फिलहाल लोग कयास लगा रहे हैं कि IAS दीपक रावत कहां से चुनाव लड़ सकते हैं.
कौन हैं IAS दीपक रावत?
दीपक रावत 2007 के उत्तराखंड कैडर के आईएएस अधिकारी हैं. उन्होंने अपनी पढ़ाई मसूरी के सेंट जॉर्ज कॉलेज से पूरी की और इसके बाद दिल्ली के हंसराज कॉलेज से हिस्ट्री में ग्रेजुएशन किया. इसके बाद उन्होंने जेएनयू से मास्टर्स किया और एमफिल भी पूरा किया. इसके बाद उन्होंने यूपीएससी देने का फैसला लिया और अपने पहले अटेंप्ट में उनका सिलेक्शन IRS में हुआ, लेकिन इसके बाद उन्होंने फिर से परीक्षा दी और 12वीं रैंक हासिल कर IAS अधिकारी बने. उन्होंने नैनीताल और हरिद्वार समेत राज्य के अहम जिलों में काम किया है और फिलहाल कुमाऊं मंडल के कमिश्नर पद पर तैनात हैं.
सोशल मीडिया पर एक्टिव
IAS दीपक रावत उत्तराखंड के उन अधिकारियों में शामिल हैं, जो सोशल मीडया पर काफी एक्टिव रहते हैं. छापेमारी हो या फिर किसी भ्रष्ट अधिकारी को डांटने की बात, तमाम वीडियो दीपक रावत अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर करते हैं. उनके कुछ फैन पेज भी हैं, जो उनके वीडियो शेयर करते रहते हैं. फेसबुक पर उनके करीब तीन लाख फॉलोअर हैं. भले ही दीपक रावत गढ़वाल रीजन से आते हैं, लेकिन उन्होंने कुमाऊं में ज्यादा काम किया है. ऐसे में अब देखना होगा कि चुनाव से पहले क्या वो इस्तीफा देकर अपनी नई पारी की शुरुआत करते हैं या नहीं.
यह भी पढ़ें | 18 हजार अग्निवीरों की होनी थी घर वापसी, अब दो साल का एक्सटेंशन और नौकरी पक्की करने का दूसरा मौका
यह भी पढ़ें | पश्चिम बंगाल की स्कूली किताबों में जुड़ा श्यामा प्रसाद मुखर्जी का चैप्टर, सिंगूर आंदोलन हटाया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं