हर साल हजारों युवा UPSC सिविल सेवा परीक्षा (CSE) की तैयारी करने के लिए दिल्ली आते हैं. छोटे शहरों में रहने वाले इन एस्पिरेंट्स की आंखों में बस एक ही सपना होता कि वो UPSC CSE एग्जाम क्रैक कर अफसर बन जाएं. इस सपने को पूरा करने के लिए ये लोग घर छोड़े दिल्ली जैसे शहरों में आकर किराए के घरों में रहना शुरू कर देते हैं. दिल्ली का ओल्ड राजेंद्र नगर और मुखर्जी नगर UPSC कोचिंग का हब है. यहां पर आकर रहना ही एक संघर्ष है. यहां के कमरों का किराया और कोचिंग फीस ही महंगाई से एस्पिरेंट्स की कमर तोड़ देती है. वहीं रही सही कसर अब LPG सिलेंडर पूरी कर रहा है.

देश में इस समय वो लोग खासा परेशान चल रहे हैं, जिनके पास LPG सिलेंडर कनेक्शन नहीं है. UPSC की तैयार करने के लिए ओल्ड राजेंद्र नगर में आए अधिकतर एस्पिरेंट्स ऐसे ही हैं, जिनके पास LPG सिलेंडर कनेक्शन नहीं है. ये लोग छोटे सिलेंडर को रीफिल करवाकर अपना गुजारा करते हैं. वहीं अमेरिका और ईरान युद्ध के चलते एस्पिरेंट्स को अब छोटे सिलेंडर को रीफिल करवाने के लिए काफी हजारों रुपये देने पड़ रहे हैं.
"3 हजार में सिलेंडर रीफिल"
बिहार के एक छोटे से गांव से आकर दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में रहने वाले अभिषेक ने बताया की कैसे सिलेंडर न होने से इस इलाके में रहने वाले एस्पिरेंट्स परेशान हैं. कई लोग तो गैस की कमी के कारण वापस अपने घर चले गए हैं. जबकि कुछ दिल्ली में अपने रिश्तेदारों के यहां जाकर रहने लगे हैं. अभिषेक के अनुसार युद्ध से पहले वो एक छोटा LPG सिलेंडर एक हजार रुपये में रीफिल करते थे. लेकिन अब 3 हजार से कम में सिलेंडर रीफिल ही नहीं हो रहा है.

एक अन्य एस्पिरेंट्स मोहित ने बताया कि ओल्ड राजेंद्र नगर में आकर रहना ही एक चुनौती है. क्योंकि यहां का किराया काफी ज्यादा है. ऊपर से अब सिलेंडर की कीमत परेशान कर रही है. मोहित के अनुसार ओल्ड राजेंद्र नगर में रहने वाले ज्यादातर एस्पिरेंट्स ऐसे हैं, जिनके नाम पर LPG सिलेंडर कनेक्शन नहीं है. ये ब्लैक में ही LPG सिलेंडर लेते हैं.
पढ़ाई पर नहीं हो रहा फोकस
एलपीजी संकट के कारण UPSC जैसी कठिन परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को एक अलग ही तरह का संघर्ष करना पड़ा रहा है. एलपीजी सकंट के कारण ये लोग सही से पढ़ाई पर फोकस नहीं कर पा रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं