UP Board Result 2026 Toppers: यूपी बोर्ड परीक्षाओं का रिजल्ट जारी हो चुका है. रिजल्ट के साथ ही बोर्ड ने टॉपर्स की लिस्ट भी जारी की, जिसमें एक लड़के के अलावा सभी लड़कियों के नाम शामिल हैं. 10वीं और 12वीं में लड़कियों का जलवा बरकरार रहा है. सबसे ज्यादा जश्न सीतापुर में मनाया जा रहा है, जहां के एक स्कूल से ही 10वीं और 12वीं की टॉपर्स निकली हैं. सबसे खास बात ये है कि दोनों लड़कियां पूरे राज्य में फर्स्ट आई हैं. इतना ही नहीं इसी स्कूल से 10वीं की तीसरी टॉपर भी निकली है. यही वजह है कि रिजल्ट के बाद इस स्कूल को लेकर काफी चर्चा हो रही है.
शिखा और कशिश ने किया कमाल
सीतापुर का ये स्कूल महमूदाबाद क्षेत्र स्थित बाबूराम सावित्री देवी इंटर कॉलेज है. यहां पढ़ने वालीं कशिश वर्मा ने हाईस्कूल यानी कक्षा 10वीं की परीक्षा में टॉप किया है, उन्होंने 97.83 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं. कशिश के साथ इतने ही नंबर लाने वालीं अंशिका वर्मा हैं, यानी दो छात्राओं ने 10वीं में संयुक्त रूप से टॉप किया है. वहीं सीतापुर के इसी स्कूल से 12वीं की छात्रा शिखा वर्मा ने 97.60 प्रतिशत अंक हासिल कर पूरे राज्य में टॉप किया है. शिखा यूपी बोर्ड 12वीं की अकेली टॉपर हैं.
छात्राओं की कड़ी मेहनत
स्कूल के टीचर्स और प्रिंसिपल का कहना है कि छात्राओं की कड़ी मेहनत का ये नतीजा है. उन्होंने बताया कि अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन के चलते छात्राओं ने ये कारनामा कर दिखाया और सभी को गर्व महसूस करवाया.
एनडीटीवी ने जब 12वीं की टॉपर शिखा वर्मा से बातचीत की तो उन्होंने बताया कि टीचर्स और पेरेंट्स की वजह से सफलता हासिल की है और भविष्य में इनकम टैक्स इंस्पेक्टर की तैयारी है. उन्होंने बताया कि वो रोजाना दो घंटे पढ़ाई करती थीं.
पापा खाना बनाते थे और मैं पढ़ती थी... बिना मां के बेटी ने यूपी बोर्ड में किया टॉप, बताई पूरी कहानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं