विज्ञापन

पापा खाना बनाते थे और मैं पढ़ती थी... बिना मां के बेटी ने यूपी बोर्ड में किया टॉप, बताई पूरी कहानी

UP Board Result 2026 12th Topper Story: यूपी बोर्ड रिजल्ट में बरेली की सुरभि यादव ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है, वो 12वीं की छात्रा थीं और उन्होंने अपनी इस सफलता के लिए अपने पिता को क्रेडिट दिया है.

पापा खाना बनाते थे और मैं पढ़ती थी... बिना मां के बेटी ने यूपी बोर्ड में किया टॉप, बताई पूरी कहानी
UP Board Result 2026 12th Topper Story: तीसरी टॉपर सुरभि यादव की कहानी

UP Board Result 2026 12th Topper Story: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने 10वीं और 12वीं परीक्षा के नतीजे जारी कर दिए हैं. पिछली बार की तरह इस बार भी लड़कियों ने ही बाजी मारी है. हाईस्कूल में सीतापुर की कशिश वर्मा और बाराबंकी की अंशिका वर्मा ने 97.83 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप किया है. वहीं, इंटरमीडिएट (कक्षा 12वीं) में सीतापुर की शिखा वर्मा ने 97.60 प्रतिशत अंकों के साथ टॉप किया है. इसी बीच 12वीं में तीसरे नंबर पर आने वालीं सुरभि यादव की कहानी भी सामने आई है. उन्होंने एनडीटीवी से बात करते हुए बताया कि कैसे उनके पिता ने उन्हें आगे बढ़ाया और आज उनकी वजह से ही वो यहां खड़ी है. सुरभि ने 97% अंक पाकर पूरे राज्य में तीसरा स्थान प्राप्त किया है.  

स्कूल में कराई जाती थी तैयारी

बरेली की रहने वालीं सुरभि यादव ने बताया कि उन्होंने फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायो, हिंदी और इंग्लिश सब्जेक्ट लिए थे. स्कूल वालों की मेहनत और टीचर्स की मेहनत की वजह से ऐसा रिजल्ट आया है. उन्होंने कहा कि स्कूल में सभी ने साथ दिया और हर डाउट को क्लियर किया. स्कूल में इसके लिए एक्स्ट्रा क्लास भी ली है. लगातार 18 घंटे तक पढ़ाई करने की कोशिश करती थी. सुरभि ने बताया कि उनके स्कूल में फ्री कोचिंग भी दी जाती थी. 

पिता ने नहीं करने दिया घर का काम

सुरभि ने बताया है कि इस पूरी जर्नी में उनके पिता का सबसे बड़ा रोल रहा है. उनके पिता स्कूल में टेक्निशियन का काम करते हैं. सुरभि ने बताया कि मेरी मां की कुछ साल पहले मौत हो गई थी, जिसके बाद पापा ही घर का पूरा काम करते थे. उन्होंने बताया, "मेरे पापा मुझे खाना बनाने से मना कर देते थे, मुझे कहते थे कि तुम सिर्फ पढ़ाई करो. मैं घर पर और स्कूल में भी पढ़ाई करती थी, जिसके बाद मेरा रिजल्ट ऐसा रहा है."

सुरभि के अलावा बरेली की ही रहने वालीं नंदिनी गुप्ता ने भी यूपी बोर्ड में टॉप किया है, उन्हें 12वीं में 97.20% अंकों के साथ दूसरा स्थान मिला है. खास बात ये है कि दोनों छात्राएं एक ही स्कूल की हैं. 

ये भी पढ़ें - UP Board Result 2026: यूपी बोर्ड 10वीं के 6 टॉपर्स में शामिल अकेला लड़का कौन है? इतने प्रतिशत अंकों के साथ हुआ पास

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com