विज्ञापन

सुंदर पिचाई से लेकर सत्य नडेला तक...कंप्यूटर साइंस नहीं, इस इंजीनियरिंग ब्रांच ने चमकाया करियर

सुंदर पिचाई से लेकर सत्य नडेला तक, दुनिया की बड़ी टेक कंपनियों के इन 5 भारतीय CEO ने अलग-अलग इंजीनियरिंग ब्रांच से पढ़ाई की. जानिए किसने कौन सी ब्रांच चुनी और कैसे पहुंचे करोड़ों के पैकेज तक.

सुंदर पिचाई से लेकर सत्य नडेला तक...कंप्यूटर साइंस नहीं, इस इंजीनियरिंग ब्रांच ने चमकाया करियर
तमाम भारतीय दिग्गजों की इंजीनियरिंग ब्रांच

Highest Salary Tech Leaders: करोड़ों का पैकेज, दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनी का CEO और पूरी दुनिया में पहचान. सुंदर पिचाई और सत्य नडेला का नाम सुनते ही शायद आपके दिमाग में यही तस्वीर बनती होगी. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इस मुकाम तक पहुंचने की शुरुआत आखिर किस BTech ब्रांच से हुई थी? दिलचस्प बात ये है कि इनमें से हर किसी ने कंप्यूटर साइंस नहीं पढ़ी. किसी ने मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग चुनी, तो किसी ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग. आज यही लोग करोड़ों के पैकेज पर दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियां चला रहे हैं. ऐसे में अगर आप भी BTech करने की सोच रहे हैं, तो इन 5 बड़े नामों की पढ़ाई का सफर आपको हैरान भी करेगा और बहुत कुछ सिखाएगा.

सुंदर पिचाई

आज गूगल और अल्फाबेट के CEO सुंदर पिचाई का नाम पूरी दुनिया में जाना जाता है. लेकिन उन्होंने IIT खड़गपुर से मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग में BTech किया था. इसके बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए अमेरिका गए और फिर गूगल से जुड़े. आज वो दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में से एक को चला रहे हैं.

सत्य नडेला

माइक्रोसॉफ्ट के CEO सत्य नडेला ने मणिपाल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में BTech किया था. बाद में उन्होंने कंप्यूटर साइंस में मास्टर्स किया. आज उनका नाम दुनिया के सबसे सफल टेक प्रोफेशनल्स में लिया जाता है.

निकेश अरोड़ा

Palo Alto Networks के CEO निकेश अरोड़ा ने IIT BHU से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में BTech किया था. Google और SoftBank जैसी बड़ी कंपनियों में काम करने के बाद आज वो दुनिया के सबसे ज्यादा सैलरी पाने वाले इंडियन प्रोफेशनल्स में शामिल हैं.

अरविंद कृष्णा

IBM के CEO अरविंद कृष्णा ने IIT कानपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में BTech किया था. इसके बाद उन्होंने अमेरिका में आगे की पढ़ाई की और IBM में कई साल काम करने के बाद कंपनी के सबसे बड़े पद तक पहुंचे.

शांतनु नारायण

Adobe के CEO शांतनु नारायण ने उस्मानिया यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी. बाद में उन्होंने बिजनेस की भी पढ़ाई की और आज दुनिया की बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनी Adobe को चला रहे हैं.

सिर्फ ब्रांच नहीं, मेहनत भी दिलाती है बड़ी सफलता

इन पांचों लोगों की पढ़ाई को देखें तो एक बात साफ समझ आती है कि करोड़ों का पैकेज पाने का कोई एक तय रास्ता नहीं होता. किसी ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग पढ़ी, तो किसी ने मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग. लेकिन सभी ने अपनी स्किल पर लगातार काम किया और हर मौके का पूरा फायदा उठाया. यही वजह है कि आज ये लोग दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों के सबसे बड़े पद पर हैं. इसलिए BTech की ब्रांच चुनते समय सिर्फ दूसरों को देखकर फैसला न लें, बल्कि अपनी पसंद और जिस फील्ड में आगे बढ़ना चाहते हैं, उसे ध्यान में रखकर फैसला करें.

ये भी पढ़ें - 11वीं में 34% नंबर और इंजीनियरिंग में 24 बैकलॉग, फिर 18 महीने की जिद ने बना दिया IPS

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Engeneering Branch With Highest Package, Sundar Pichai, Which Is Best Engeneering Branch, Satya Nadella
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com