विज्ञापन

जब DM मैडम के 11 सवालों का फटाफट जवाब देने लगे 2nd क्लास के बच्चे, वायरल वीडियो ने जीता दिल

शिवहर की डीएम प्रतिभा रानी जब चमनपुर स्कूल में टीचर बनकर क्लास लेने पहुंचीं, तो नजारा देखने लायक था. दूसरी कक्षा के बच्चों ने डीएम के 11 सवालों के ऐसे जवाब दिए कि वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. पढ़ें मनोज सिंह की यह रिपोर्ट.

जब DM मैडम के 11 सवालों का फटाफट जवाब देने लगे 2nd क्लास के बच्चे, वायरल वीडियो ने जीता दिल
शिवहर के स्कूल में जब पहुंचीं DM प्रतिभा रानी..., ब्लैकबोर्ड पर परीक्षा, बच्चों ने झटपट दिए जवाब
NDTV Reporter

Bihar News: बिहार का सबसे छोटा जिला शिवहर (Sheohar) अब अपनी पहचान बदल रहा है. कभी नक्सल गतिविधियों के लिए चर्चा में रहने वाला यह जिला आज अपनी शिक्षा व्यवस्था और बच्चों की प्रतिभा के लिए सुर्खियां बटोर रहा है. 9 अप्रैल को ही शिवहर जिलाधिकारी प्रतिभा रानी (DM Pratibha Rani) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल (Viral Video) हो रहा है, जिसमें वह एक सख्त अफसर की जगह एक सहज और सरल टीचर की भूमिका में नजर आ रही हैं.

DM मैडम ने पूछे ये 11 सवाल

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी प्रतिभा रानी अचानक चमनपुर स्कूल की दूसरी कक्षा में जा पहुंचीं. उन्होंने खुद ब्लैकबोर्ड पर बच्चों की परीक्षा लेनी शुरू की. डीएम ने बच्चों की रीडिंग और स्पेलिंग क्षमता जांचने के लिए कुल 11 सवाल पूछे. सबसे पहले उन्होंने बोर्ड पर Wash, Clean और Teeth जैसे शब्द लिखे और बच्चों से इनका हिंदी मतलब पूछा. इसके बाद उन्होंने बच्चों से Mobile, Rat, Four, Five, Eight और Eighteen जैसी स्पेलिंग सुनाने को कहा.

'इन्हें से सबकुछ आता है'

हैरानी की बात यह रही कि दूसरी कक्षा के छोटे-छोटे बच्चों ने बिना डरे और बिना रुके एक के बाद एक सभी 11 सवालों के सही जवाब दे दिए. बच्चों की इस फुर्ती और सटीकता को देखकर डीएम प्रतिभा रानी खुद भी दंग रह गईं और उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा- 'यहां तो बच्चों को सबकुछ आता है.'

बच्चों की अटेंडेंस पर सख्ती

बच्चों की प्रतिभा से गदगद जिलाधिकारी ने स्कूल में मिल रही शिक्षा की गुणवत्ता की सराहना की. उन्होंने नव-नामांकित बच्चों को नए शैक्षणिक सत्र की पाठ्य-पुस्तकें बांटी और अभिभावकों को प्रेरित किया कि वे बच्चों को रोज स्कूल भेजें. इस दौरान डीएम ने निर्देश दिए कि टोला सेवक, विकास मित्र और शिक्षक घर-घर जाकर सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा स्कूल से बाहर न रहे. साथ ही कहा कि 6 साल पूरे कर चुके आंगनवाड़ी के बच्चों का कक्षा 1 में तुरंत नामांकन कराया जाए.

सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा वीडियो

जब जिले का सबसे बड़ा अधिकारी खुद क्लासरूम में बैठकर ब्लैकबोर्ड पर सवाल पूछे, तो यह शिक्षकों और पूरे शिक्षा तंत्र के लिए एक जवाबदेही तय करता है. शिवहर की यह तस्वीर बताती है कि अगर प्रशासन गंभीर हो, तो सरकारी स्कूलों के बच्चे भी निजी स्कूलों को कड़ी टक्कर दे सकते हैं. फिलहाल, डीएम मैडम और इन बच्चों का यह प्यारा संवाद इंटरनेट पर लोगों का दिल जीत रहा है.

ये भी पढ़ें:- असम बोर्ड कक्षा 10वीं में ज्योतिर्मय ने किया टॉप, इतने नंबर लाकर पाया पहला स्थान

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com