RBSE 12th Arts Result 2026 OUT: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) के 12वीं आर्ट्स स्ट्रीम के नतीजों ने इस बार फिर साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी सुख-सुविधा की मोहताज नहीं होती. जोधपुर की मानसी जांगिड़ ने 99.20% अंक हासिल कर न केवल अपने जिले का मान बढ़ाया है, बल्कि प्रदेश के उन लाखों युवाओं के लिए मिसाल पेश की है जो संसाधनों की कमी का रोना रोते हैं.
यह भी पढ़ें- RBSE 12th Result 2026: डीडवाना की दीपिका रांकावत ने रचा इतिहास, 99.80% अंकों के साथ बनीं राजस्थान साइंस टॉपर
बिना कोचिंग और ट्यूशन के हासिल किया मुकाम
आज के दौर में जहां प्रतियोगी परीक्षाओं और बोर्ड एग्जाम्स के लिए भारी-भरकम फीस वाले कोचिंग सेंटर्स का लोग सहारा लेते हैं, वहीं मानसी ने एक अलग ही रास्ता चुना. मानसी ने बताया कि उन्होंने किसी भी तरह की कोचिंग या ट्यूशन का सहारा नहीं लिया. उनकी सफलता का राज केवल स्कूल की पढ़ाई और 6 घंटे की नियमित सेल्फ स्टडी है.
माता-पिता का संघर्ष बना प्रेरणा
मानसी की सफलता के पीछे उनके माता-पिता का कठिन परिश्रम और त्याग छिपा है. मानसी की माताजी घर चलाने के लिए फ्लोर मिल (आटा चक्की) चलाती हैं और साथ ही सिलाई का काम भी करती हैं. वहीं उनके पिता फर्नीचर का काम करते हैं. मानसी का कहना है कि उनकी मां का विशेष सहयोग रहा है, जिन्होंने काम के दबाव के बावजूद मानसी की पढ़ाई में कभी कोई बाधा नहीं आने दी.
स्कूल की तरफ से 5 लाख की कार का इनाम
मानसी ग्रेट सत्यम सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा हैं. स्कूल के डायरेक्टर ने उनकी उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए एक बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने बताया कि स्कूल प्रशासन होनहार बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए हर साल इनाम देता है. पिछले साल जहां टॉपर को एक्टिवा दी गई थी, वहीं इस बार मानसी की ऐतिहासिक सफलता पर उन्हें 5 लाख रुपये की कार इनाम में दी जाएगी. स्कूल की ओर से टॉपर्स को एसी लाइब्रेरी जैसी आधुनिक सुविधाएं भी मुहैया कराई जाती हैं.
भविष्य का लक्ष्य सिविल सर्विसेज
मानसी जांगिड़ यहीं नहीं रुकना चाहतीं. उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया है. भविष्य की योजनाओं पर बात करते हुए मानसी ने कहा कि वह सिविल सर्विसेज में जाकर देश की सेवा करना चाहती हैं. उनका मानना है कि मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को पाया जा सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं