सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए करेंट अफेयर्स सबसे ज्यादा जरूरी होते हैं. आने वाली परीक्षाओं में इनसे जुड़ा कोई भी सवाल पूछा जा सकता है. ऐसे में आज हम आपको अक्टूबर महीने के तमाम जरूरी करेंट अफेयर्स के बारे में बताएंगे. अक्टूबर के पूरे महीने में कई अहम चीजें हुईं, जंतर-मंतर को प्रोटेस्ट साइट्स की लिस्ट से हटाया गया, वहीं OCI कार्डधारकर इमरान खान को देश छोड़ने का नोटिस मिला. UPSC, SSC, State PCS और बाकी सरकारी नौकरियों की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए ये बेहद काम की खबर है.
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन बंद
दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के बाद इसे प्रोटेस्ट साइट्स की लिस्ट से हटा दिया गया. 12 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस ने इसकी जानकारी दी. इसकी जगह दिल्ली में तीन जगहों को प्रोटेस्ट साइट बनाया गया. इनमें रामलीला मैदान, बुराड़ी ग्राउंड और सीबीडी ग्राउंड का नाम शामिल है.
इमरान खान और OCI कार्ड से जुड़ा कानूनी विवाद
एक्टर इमरान खान को सीजेपी प्रोटेस्ट में हिस्सा लेने के बाद गृह मंत्रालय की तरफ से एक नोटिस मिला, जिसमें उन्हें 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने के लिए कहा गया. इमरान खान के पास अमेरिकी नागरिकता है और वो OCI कार्डधारक हैं. इस मामले के बाद पॉलिसी और सिटिजनशिप को लेकर बहस शुरू हो गई.
भारत-रूस संयुक्त सैन्य अभ्यास 'इंद्र-2026'
भारत और रूस के बीच द्विपक्षीय नौसेना और सैन्य अभ्यास 'इंद्र-2026' का आयोजन हो रहा है. इस सैन्य अभ्यास का मकसद दोनों देशों के बीच सामरिक सहयोग बढ़ाने और सेनाओं की रणनीति को साझा करना है. तमाम सरकारी परीक्षाओं में इस युद्धाभ्यास को लेकर सवाल पूछा जा सकता है.
लद्दाख में नया जिला
लद्दाख क्षेत्र में संकोकू (Sankoo) को नया 8वां जिला घोषित किया गया है, जिसके लिए अलग हिल काउंसिल का भी प्रावधान किया गया है. इसके अलावा पांच नई तहसीलें भी बनाई गई हैं. इनमें आर्यन वैली, सोध, जंस्कार की फे, द्रास की थासगम और चांगथांग जिले की हिमया तहसील शामिल हैं. अब लद्दाख में कुल तहसीलों की संख्या 37 हो गई है.
ग्लोबल हंगर इंडेक्स में भारत की रैंकिंग
हाल ही में जारी ग्लोबल हंगर इंडेक्स में भारत की रैंकिंग काफी अच्छी नहीं रही. 122 देशों की लिस्ट में भारत को 100वां स्थान मिला है. दक्षिण एशिया में पाकिस्तान का हाल सबसे बुरा रहा.
हिलेरी क्लिंटन पुरस्कार
स्व-नियोजित महिला संघ 'सेवा' की डायरेक्टर रीमा नानावटी को 15 अक्टूबर को वाशिंगटन में 'हिलेरी क्लिंटन अवार्ड' से सम्मानित किया गया. महिलाओं के अधिकारों के लिए काम करने और शांति के लिए ये पुरस्कार दिया जाता है.
यूनेस्को की संभावित सूची
भारत ने अपने नए पांच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों को यूनेस्को की संभावित सूची में शामिल किया है. इसमें चंबल की घाटी के मंदिर, उदयगिरी गुफाएं और बाघ की गुफाएं शामिल हैं.
लद्दाख हाईकोर्ट की नई बेंच
लद्दाख में हाईकोर्ट की नई बेंच का उद्घाटन हुआ है. चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत ने केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लेह में स्थित मेलोंगथांग में हाईकोर्ट की नई बेंच का औपचारिक उद्घाटन किया.
यह भी पढ़ें | B.Ed शिक्षकों के लिए फिर खुली ब्रिज कोर्स की रजिस्ट्रेशन विंडो, बिना इसके नहीं बचेगी नौकरी
यह भी पढ़ें | मेडिकल की पढ़ाई में कौन सी होती है सबसे महंगी ब्रांच? डिग्री लेने के बाद करोड़ों में होती है कमाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं