नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) ने अनस खान के मामले में खुद को अलग कर लिया है. रामानुजन कॉलेज की छात्राओं को दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में जाने के लिए पैसों का लालच देने वाले अनस खान को NSUI का पदाधिकारी बताया जा रहा था. अब छात्र संगठन ने सामने आकर कहा है कि डूसू चुनाव के दौरान ही अनस को सस्पेंड कर दिया गया था. इस मामले में दिल्ली यूनिवर्सिटी के रामानुजन कॉलेज ने भी अनस खान को फरवरी तक के लिए सस्पेंड किया है. वहीं एबीवीपी लगातार हमलावर है और मामले की जांच की मांग हो रही है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल दिल्ली के बाद मशहूर पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट अहमदाबाद में होना है. 23 नवंबर को होने वाले इस कॉन्सर्ट के लिए डीयू के रामजस कॉलेज के एक ग्रुप में अनस खान ने कुछ मैसेज किए. इस मैसेज में लड़कियों को मुफ्त में इस कॉन्सर्ट में शामिल होने का ऑफर दिया गया. इसके अलावा 10 से 30 हजार रुपये देने की बात भी कही गई. मैसेज में लिखा गया है कि जिन लड़कियों की वाइब अच्छी है, जो दिखने में अच्छी हैं या पार्टी लवर्स हैं... वो सभी तुरंत उनसे संपर्क कर सकती हैं. ये मैसेज रामानुजन कॉलेज के फ्रेशर्स ग्रुप में डाला गया था.
अनस खान को लेकर उठे सवाल
व्हॉट्सऐप ग्रुप पर ये मैसेज आते ही लड़कियों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया. उनका कहना था कि ये लड़कियों को ऑब्जेक्टिफाई करने जैसा है. मैसेज को फ्लैग किए जाने के बाद अनस को ग्रुप से निकाला गया और फिर 6 नवंबर को कॉलेज ने अनस खान को कई महीनों के लिए सस्पेंड कर दिया. हालांकि इस बीच कोई परीक्षा होती है तो वो इसमें शामिल हो सकता है.
NSUI ने क्या कहा?
नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) की तरफ से इस पूरे मामले में बयान जारी किया गया है, जिसमें बताया गया है कि सितंबर में ही अनस खान को एंटी पार्टी एक्टिविटीज के चलते संगठन से बाहर कर दिया गया था. मौजूदा विवाद से काफी पहले ही संगठन ने उसे सस्पेंड कर दिया था. छात्र संगठन ने कहा है कि छात्राओं को लुभाने, उनका शोषण करने या उन्हें पैसों का लालच देने की कोशिश पूरी तरह से गलत है. किसी भी हाल में छात्राओं की गरिमा, सुरक्षा और स्वाभिमान से कोई समझौता नहीं किया जाना चाहिए. संगठन ने कहा है कि अनस खान की इस हरकत को NSUI से जोड़कर नहीं देखना चाहिए. NSUI ने भी मामले की जांच की मांग की है.
ABVP ने की जांच की मांग
डीयू छात्र संघ चुनाव में जीत दर्ज करने वाले छात्र संगठन एबीवीपी ने इस पूरे मामले की एनआईए जांच की मांग कर दी है. एबीवीपी का कहना है कि इसके पीछे की सच्चाई का पता लगाना जरूरी है कि कौन सी ताकतें लड़कियों को ऐसे लालच दे रही हैं. इसमें NRI लिंक्स के आरोप भी लगाए गए हैं.
यह भी पढ़ें | पंजाब में PCS परीक्षा को लेकर क्या है पूरा बवाल? जानें क्यों हो रही री-एग्जाम की मांग
यह भी पढ़ें | 'मिठाई लेने के बाद 40 रुपये बचे हैं'... दिवाली पर 640 रुपये का बोनस मिलने पर छलका वन रक्षक का दर्द
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं