विज्ञापन

2, 3, 7, 8 और 10 मई... इन 5 दिनों में क्या हुआ, जिसके बाद रद्द हो गई परीक्षा, NEET UG 2026 से जुड़ी पूरी कहानी

मामला एक गेस पेपर से शुरू हुआ, जिसके 180 में से करीब 125 सवाल नीट परीक्षा के पेपर से मेल खा रहे थे. इसके बाद एग्जाम में गड़बड़ी की शिकायत हुई और NTA एक्टिव हो गई.

2, 3, 7, 8 और 10 मई... इन 5 दिनों में क्या हुआ, जिसके बाद रद्द हो गई परीक्षा, NEET UG 2026 से जुड़ी पूरी कहानी

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने मंगलवार (12 मई) NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द कर दी है. जांच एजेंसियों की रिपोर्ट आने के बाद एनटीए ने फैसला लिया कि मौजूदा परीक्षा प्रक्रिया को जारी रखना उचित नहीं होगा. नई परीक्षा तारीखों और एडमिट कार्ड से जुड़ा शेड्यूल जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट के जरिए जारी किया जाएगा. हम आपको बताते हैं यह मामला कैसे शुरू हुआ और एजेंसियों की जांच में क्या-क्या सामने आया...

ऐसे उजागर हुआ मामला 

NEET-2026 पेपर के 180 में से करीब 125 सवाल गेस पेपर से मेल खाते पाए गए. इस खुलासे के बाद हड़कंप मच गया और गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए जांच शुरू की गई. मामला केरल से शुरू हुआ और राजस्थान के सीकर तक पहुंच गया. इनमें से फिजिक्स व बायोलॉजी के बहुत से सवाल नीट परीक्षा में हूबहू आए थे. 

2 मई को हॉस्टल संचालक को मिला पेपर

जानकारी के अनुसार, यह पेपर केरल में MBBS की पढ़ाई कर रहे एक छात्र ने सीकर में उसके पिता को भेजा था. छात्र के पिता सीकर में एक पीजी हॉस्टल चलाते हैं. 2 मई को उसने मोबाइल पर गेस पेपर भेजा और कहा कि यह पेपर उसे सीकर में पढ़ रहे उसके एक दोस्त ने भेजा. उन्होंने रात में पेपर नहीं देखा और अगले दिन परीक्षा से पहले हॉस्टल की छात्राओं को दे दिया. परीक्षा खत्म होने के बाद उन्हें शक हुआ तो वे एक कोचिंग संस्थान के शिक्षक के पास पहुंचे. जब गेस पेपर दिखाया तो पता चला कि कई सवाल नीट के पेपर में भी दिखे. 

एग्जाम के दिन थाने में हुई थी शिकायत 

3 मई को परीक्षा वाले दिन ही कुछ छात्रों ने सीकर के उद्योग नगर थाने में शिकायत दी थी, लेकिन पेपर लीक की शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया. बाद में छात्रों ने सबूतों के साथ NTA को ईमेल किया, जिसके बाद एजेंसियां सक्रिय हुईं. शुरुआती तौर पर एनटीए के स्थानीय को-ऑर्डिनेटर ने किसी भी गड़बड़ी या शिकायत से इनकार किया था.

NTA को 7 मई को मिली शिकायत, 8 को जांच शुरू 

NTA ने 10 मई को आधिकारिक तौर पर जानकारी देते हुए जांच की बात कही थी. हालांकि, तब परीक्षा के बारे में किसी भी फैसले या टिप्पणी से इनकार किया था. तब बताया गया, "नेशनल टेस्टिंग एजेंसी को परीक्षा के चार दिन बाद यानी 7 मई की देर शाम शिकायत मिली. 8 मई 2026 की सुबह इन इनपुट को स्वतंत्र सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए केंद्रीय एजेंसियों को भेज दिया. मामला वर्तमान में जांच के अधीन है." 

10 मई को राजस्थान SOG ने दी जानकारी

रविवार (10 मई) को राजस्थान एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कर मामले की जानकारी दी थी. उस दौरान, उन्होंने बताया था कि 410 सवालों वाला गेस पेपर जांच के घेरे में है. एसओजी की टीमों ने इस मामले के तार जोड़ने के लिए राजस्थान के कोचिंग हब सीकर और उत्तराखंड के देहरादून सहित कई ठिकानों पर छापेमारी और फील्ड पूछताछ की है. जांच अधिकारी यह पता लगाने में जुट गए कि क्या सर्कुलेट की गई सामग्री का मुख्य परीक्षा प्रश्नपत्र से सीधा संबंध था.

यह भी पढ़ेंः NEET 2026 परीक्षा रद्द, छात्र घबराएं नहीं, दोबारा नहीं भरना होगा फॉर्म, जानें NTA ने क्या-क्या बताया


 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com