Btech JAC Delhi Counselling 2026: इंजीनियरिंग की पढ़ाई का सपना देख रहे लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. दिल्ली के टॉप सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में एडमिशन के लिए होने वाली जैक दिल्ली काउंसलिंग 2026 का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया गया है. अब छात्र बीटेक और बीआर्क कोर्स में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. इस काउंसलिंग के जरिए दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी समेत कई बड़े संस्थानों में एडमिशन मिलता है. खास बात ये है कि दाखिला पूरी तरह जेईई मेन 2026 स्कोर के आधार पर होगा. ऐसे में जिन छात्रों ने जेईई मेन परीक्षा दी है, उनके लिए ये अपडेट बेहद जरूरी माना जा रहा है.
28 मई से शुरू होंगे आवेदन
जॉइंट एडमिशन काउंसलिंग यानी जैक दिल्ली ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए काउंसलिंग प्रोसेस शुरू करने का ऐलान कर दिया है. आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया 28 मई 2026 सुबह 10 बजे से शुरू होगी. छात्र jacdelhi.admissions.nic.in वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकेंगे.
इन बड़े कॉलेजों में मिलेगा एडमिशन
जैक दिल्ली काउंसलिंग के जरिए दिल्ली के पांच बड़े सरकारी इंजीनियरिंग संस्थानों में एडमिशन दिया जाता है.
- दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी.
- नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी.
- इंदिरा गांधी दिल्ली टेक्निकल यूनिवर्सिटी फॉर वुमेन.
- इंद्रप्रस्थ इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी दिल्ली.
- दिल्ली स्किल एंड एंटरप्रेन्योरशिप यूनिवर्सिटी.
दिल्ली के छात्रों को मिलेगा बड़ा फायदा
दाखिले के नियमों के अनुसार, कुल सीटों में 85 फीसदी सीटें उन छात्रों के लिए रिजर्व रहेंगी जिन्होंने 12वीं की पढ़ाई दिल्ली के स्कूलों से की है. वहीं बाकी 15 फीसदी सीटों पर दूसरे राज्यों के छात्र एडमिशन ले सकेंगे.
जेईई मेन स्कोर से होगा सिलेक्शन
बीटेक कोर्स में दाखिला जेईई मेन 2026 की कॉमन रैंक लिस्ट के आधार पर दिया जाएगा. वहीं बीआर्क कोर्स के लिए जेईई मेन पेपर-2 की रैंक को आधार बनाया जाएगा. अच्छी बात ये है कि इसके लिए किसी तरह की आयु सीमा तय नहीं की गई है.
कितनी देनी होगी फीस
काउंसलिंग के राउंड-1 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, चॉइस फिलिंग और फीस जमा करने की आखिरी तारीख 9 जून 2026 रात 11:30 बजे तक रखी गई है. आवेदन करने वाले सभी छात्रों को 1500 रुपये रजिस्ट्रेशन फीस देनी होगी. फीस का भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से ही किया जाएगा.
ऐसे करें आवेदन
सबसे पहले जैक दिल्ली की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. इसके बाद 'JAC Delhi 2026 Counselling Registration' लिंक पर क्लिक करें. फिर जेईई मेन 2026 की जानकारी भरकर नया रजिस्ट्रेशन करें. इसके बाद अपनी पसंद के कॉलेज और ब्रांच चुनें. आखिर में आवेदन शुल्क जमा करके फॉर्म सबमिट कर दें और उसका प्रिंटआउट संभालकर रख लें.
बिहार पुलिस ASI परीक्षा की तारीख बदली, अब 28 जून को होगा एग्जाम, यहां देखें नया शेड्यूल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं