इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी यानी IIT अब सिर्फ भारत तक नहीं रह गए हैं. देश के बड़े IIT संस्थान अब विदेशों में भी अपने कैंपस शुरू कर चुके हैं, जहां भारतीय छात्रों को पढ़ाई करने का मौका मिल रहा है. IIT दिल्ली ने अबू धाबी में और IIT मद्रास ने तंजानिया के जंजीबार में अपना इंटरनेशनल कैंपस शुरू किया है. इन कैंपस में पढ़ाई करने वाले छात्रों को IIT की डिग्री के साथ विदेश में पढ़ने का अनुभव भी मिलता है. यही वजह है कि इन इंटरनेशनल IIT कैंपस को लेकर छात्रों के बीच काफी उएक्साइटमेंट देखने को मिल रहा है.
IIT दिल्ली का अबू धाबी कैंपस
IIT दिल्ली ने संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी में अपना इंटरनेशनल कैंपस खोला है. यहां कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, केमिकल इंजीनियरिंग और एनर्जी इंजीनियरिंग जैसे बीटेक कोर्स कराए जा रहे हैं. भारत से आवेदन करने वाले छात्रों को यहां एडमिशन के लिए JEE Advanced परीक्षा पास करनी होती है.
इसके बाद JoSAA काउंसलिंग के जरिए छात्र अबू धाबी कैंपस का चयन कर सकते हैं. वहीं विदेश में पढ़ रहे भारतीय मूल के छात्रों और विदेशी छात्रों के लिए अलग एंट्रेंस टेस्ट आयोजित किया जाता है. इसे कंबाइंड एडमिशन एंट्रेंस टेस्ट यानी CAET कहा जाता है. इस परीक्षा के जरिए छात्र सीधे एडमिशन हासिल कर सकते हैं.
IIT मद्रास के जंजीबार कैंपस में एडमिशन
IIT मद्रास का जंजीबार कैंपस भारत का पहला विदेशी IIT कैंपस माना जाता है. जंजीबार तंजानिया का एक खूबसूरत द्वीप है, जहां आधुनिक टेक्नोलॉजी से जुड़े कोर्स पढ़ाए जा रहे हैं. यहां डेटा साइंस एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और केमिकल प्रोसेस इंजीनियरिंग जैसे कोर्स उपलब्ध हैं. इस कैंपस में बीएस और एमटेक प्रोग्राम में एडमिशन दिया जाता है.
यहां दाखिले के लिए JEE Advanced जरूरी नहीं है. एडमिशन के लिए इंस्टीट्यूट अलग सिलेक्शन प्रोसेस अपनाता है. सबसे पहले छात्रों की पढ़ाई और दूसरी एक्टिविटीज को देखा जाता है. इसके बाद स्क्रीनिंग टेस्ट और ऑनलाइन इंटरव्यू लिया जाता है. फिर फाइनल मेरिट लिस्ट जारी की जाती है.
क्यों बढ़ रही है इन कैंपस की लोकप्रियता
इन इंटरनेशनल IIT कैंपस में छात्रों को ग्लोबल माहौल में पढ़ाई करने का मौका मिलता है. अलग-अलग देशों के स्टूडेंट्स एक साथ पढ़ाई करते हैं, जिससे इंटरनेशनल एक्सपोजर बढ़ता है. यही कारण है कि अब बड़ी संख्या में भारतीय छात्र विदेश में मौजूद IIT कैंपस की तरफ आकर्षित हो रहे हैं. हालांकि एडमिशन, फीस और कोर्स से जुड़ी जानकारी समय के साथ बदल सकती है, इसलिए छात्र ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर लेटेस्ट अपडेट जरूर चेक करें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं