विज्ञापन

अमेरिका में भारतीय छात्रों की संख्या में बड़ी गिरावट, रिपोर्ट में जारी हुए आंकड़े

Indian Students In US: अमेरिका में दूसरे देशों से आने वाले छात्रों को लेकर एक रिपोर्ट जारी हुई है, जिसमें बताया गया है कि पिछले कुछ सालों में ये संख्या लगातार कम हो रही है.

अमेरिका में भारतीय छात्रों की संख्या में बड़ी गिरावट, रिपोर्ट में जारी हुए आंकड़े
अमेरिका में घट रहे दूसरे देशों से आने वाले छात्र
IANS

अमेरिका में पढ़ने वाले भारतीय छात्रों की संख्या 2025-26 शैक्षणिक वर्ष में 6.5 प्रतिशत कम हो गई है. इसकी मुख्य वजह उच्च शिक्षा में दाखिला लेने वाले छात्रों की संख्या में बड़ी गिरावट रही. हालांकि, इसके बावजूद भारत लगातार तीसरे साल अमेरिका में अंतरराष्ट्रीय छात्रों का सबसे बड़ा स्रोत देश बना हुआ है. 'ओपन डोर्स 2026' रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका में भारतीय छात्रों की कुल संख्या घटकर 3,39,435 रह गई, जबकि पिछले साल ये 3,63,019 थी. रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय ग्रेजुएट छात्रों की संख्या में सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई. ये संख्या 34.4 प्रतिशत घटकर 1,16,609 रह गई, जो पिछले साल 1,77,892 थी. 

OPT में बढ़ी भागीदारी

वहीं, रिपोर्ट की 'इंडिया फैक्ट शीट' के अनुसार, स्नातक (अंडरग्रेजुएट) स्तर पर पढ़ने वाले भारतीय छात्रों की संख्या में मामूली कमी आई. ये संख्या 1.1 प्रतिशत घटकर 39,711 रह गई. हालांकि, ऑप्शनल प्रैक्टिकल ट्रेनिंग (ओपीटी) कार्यक्रम में भारतीय छात्रों की भागीदारी बढ़ी है. इस कार्यक्रम में भारतीयों की संख्या 26.8 प्रतिशत बढ़कर 1,82,201 हो गई, जो कुल भारतीय छात्र संख्या के आधे से अधिक है.

ये 2020-21 के बाद पहली बार है जब अमेरिका में भारतीय छात्रों की कुल संख्या में सालाना गिरावट दर्ज की गई है. इससे पहले लगातार चार वर्षों तक बढ़ोतरी देखी गई थी. फिर भी, यह संख्या 2023-24 के 3,31,602 छात्रों के आंकड़े से अधिक बनी हुई है.

अमेरिका में इंटरनेशनल छात्रों में कमी

सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि अमेरिका में अंतरराष्ट्रीय छात्रों की कुल संख्या में भी गिरावट आई है. 2025-26 में अमेरिकी उच्च शिक्षण संस्थानों में 11,46,163 अंतरराष्ट्रीय छात्र पढ़ रहे थे, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग तीन प्रतिशत कम है. नए अंतरराष्ट्रीय छात्रों के दाखिले में भी बड़ी गिरावट देखी गई. उनकी संख्या 18 प्रतिशत घटकर 2,28,123 रह गई.

सभी देशों को मिलाकर देखें तो ग्रेजुएट स्तर पर दाखिलों में 13 प्रतिशत की कमी आई. खासकर मास्टर्स की पढ़ाई करने वाले छात्रों की संख्या में 22 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. वहीं, पीएचडी छात्रों की संख्या में तीीन प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई.

चीन से भारी संख्या में पहुंच रहे छात्र

चीन अमेरिका में अंतरराष्ट्रीय छात्रों का दूसरा सबसे बड़ा देश बना रहा. वहां से 2,54,458 छात्र अमेरिका पहुंचे, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग चार प्रतिशत कम हैं. रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि बांग्लादेश, नेपाल और पाकिस्तान सहित नौ प्रमुख देशों ने इस अवधि में अमेरिका में अपने छात्रों की अब तक की सबसे अधिक संख्या दर्ज की.

आईआईई के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेसन सिज ने कहा, "ओपन डोर्स 2026 के आंकड़े यह दिखाते हैं कि अंतरराष्ट्रीय शिक्षा आज भी अमेरिका के लिए बेहद महत्वपूर्ण है." इस बीच, 2026 की शरदकालीन (ऑटम) प्रवेश अवधि पर आधारित एक प्रारंभिक सर्वेक्षण से संकेत मिलता है कि आने वाले समय में भी गिरावट का रुझान जारी रह सकता है.

सर्वेक्षण के अनुसार, भाग लेने वाले संस्थानों में अंतरराष्ट्रीय छात्रों की कुल संख्या 9 प्रतिशत कम रही, जबकि नए दाखिलों में 15 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. ग्रेजुएट छात्रों की संख्या 15 प्रतिशत घटी, जबकि सभी देशों के छात्रों को मिलाकर ओपीटी कार्यक्रम में भागीदारी 6 प्रतिशत कम हुई.

यह भी पढ़ें | लाखों की सैलरी के साथ मिलता है बड़ा बंगला, ऐसी पांच सरकारी नौकरियां

यह भी पढ़ें | अमेरिका की नौकरी छोड़ पहली ही कोशिश में बनीं IPS, नॉर्थ दिल्ली DCP निहारिका भट्ट ने बताया सक्सेस मंत्र

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Indian Students In US, Indian Student USA, Indian Students
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com