केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के री-इवैल्यूएशन पोर्टल पर हुए लगातार साइबर हमलों को लेकर अब बोर्ड ने दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है. ये शिकायत दिल्ली पुलिस की 'इंटेलीजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रेटेजिक ऑपरेशंस' (IFSO) यूनिट में की गई है, जिसके बाद अब पूरे मामले की जांच होगी. बोर्ड की तरफ से ये पोर्टल उन छात्रों के लिए बनाया गया था, जो रिजल्ट के बाद अपने नंबरों से खुश नहीं थे. वेबसाइट की सिक्योरिटी को लेकर सवाल उठे थे और इस पर करीब चार दिन काम करने के बाद सीबीएसई ने 2 जून की सुबह पोर्टल एक्टिव किया, इसके बाद से ही पोर्टल पर लाखों बार साइबर अटैक की बात कही गई.
देश और विदेश के कई आईपी एड्रेस से हमले
सीबीएसई की तरफ से जारी प्रेस रिलीज में बताया गया है कि ये पोर्टल देशभर के लाखों छात्रों की मदद के लिए बनाया गया है. अगर इस पोर्टल के काम में कोई रुकावट आती, तो इससे लाखों छात्रों और उनके पेरेंट्स को बड़ी परेशानी होती और उनमें बोर्ड के खिलाफ नाराजगी पैदा हो सकती थी. बोर्ड ने बताया है कि पिछले तीन दिनों में पूरी प्लानिंग के साथ पोर्टल पर कई साइबर हमले किए गए. इन हमलों में देश और विदेश के कई अलग-अलग आईपी एड्रेस थे. सीबीएसई ने बताया है कि इन हमलों का मकसद वेबसाइट को ठप करना था, लेकिन वो ऐसा नहीं कर पाए.
CBSE ने की दिल्ली पुलिस से अपील
सीबीएसई ने इस मामले में हुई प्लानिंग को देखते हुए, दिल्ली पुलिस की आईएफएसओ (IFSO) टीम से पूरी जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. बोर्ड ने साफ तौर पर कहा है कि इन सभी कोशिशों के बावजूद बोर्ड के सभी सिस्टम और डेटाबेस पूरी तरह सुरक्षित हैं, किसी भी तरह का ब्रीच नहीं हुआ है और किसी भी छात्र का डेटा लीक नहीं हुआ है.
CBSE PRESS RELEASE:
— CBSE HQ (@cbseindia29) June 5, 2026
CBSE lodges complaint with Delhi Police regarding coordinated cyber attacks on its Post-Result Services Portal. All attacks were successfully mitigated through 24×7 monitoring, with no data breach or compromise of systems.
Details here…
24 घंटे की निगरानी
सीबीएसई की तरफ से बताया गया है कि ऐसे साइबर अटैक की 24 घंटे लगातार निगरानी हो रही है. इस पूरे काम में आईआईटी कानपुर, आईआईटी मद्रास, डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन, भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C), सर्ट-इन (CERT-In) और अन्य केंद्रीय सरकारी एजेंसियों की साइबर सिक्योरिटी टीम्स लगी हुई हैं.
NEET री-एग्जाम को लेकर राज्यों से NTA की हाई लेवल बैठक, छात्रों के साथ अब साख का भी सवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं