CBSE ने 10वीं क्लास का रिजल्ट जारी कर दिया है. इस बार 93 प्रतिशत से ज्यादा छात्र 10वीं में पास हुए हैं. वहीं सीबीएसई 10वीं के नतीजों ने इस बार सफलता की नई इबारत लिख दी है. देशभर में 55 हजार से भी ज्यादा छात्र ऐसे हैं जिन्हें 95% से ज्यादा नंबर मिले हैं. भविष्य के सपने संजोए इन टॉपर छात्रों को कई फायदे मिलते हैं. हालांकि सीबीएसई सीधे तौर पर मेरिट लिस्ट जारी नहीं करता. लेकिन स्कूल से लेकर राज्य और जनपद स्तर पर छात्रों को सम्मान मिलता है.
जानकारी के अनुसार, सीबीएसई कक्षा 10 में 95 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों की संख्या 55368 रही. यानी लगभग 2.24 प्रतिशत छात्रों ने यह उपलब्धि हासिल की है. वहीं 2,21,574 छात्रों ने दसवीं कक्षा की परीक्षा में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल किए हैं. यह कुल सफल विद्यार्थियों का लगभग 8.96 प्रतिशत है. सीबीएसई के ये आंकड़े दर्शाते हैं कि उच्च अंक अर्जित करने वाले छात्रों की श्रेणी में करीब पौने तीन लाख छात्र शामिल हुए हैं.
टॉपर छात्रों को क्या-क्या मिलता है?
- CBSE सीधे तौर पर तो मेरिट जारी नहीं करता, लेकिन अलग-अलग विषयों में सबसे ज्यादा नंबर हासिल करने वाले टॉप 0.1% को मेरिट सर्टिफिकेट दिया जाता है.
- टॉपर्स को अखबारों, न्यूज चैनल और सोशल मीडिया से काफी नाम और पहचान मिलती है.
- टॉपर छात्रों को केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा कई पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं.
- कुछ टॉपर्स को को आगे की पढ़ाई के लिए स्कॉलरशिप भी मिलती है.
- कुछ अच्छे स्कूल और कॉलेज टॉपर छात्रों को सीधे अपने यहां एडमिशन देते हैं.
इस साल कैसा रहा 10वीं का रिजल्ट?
- CBSE 10वीं में इस साल 93.70% छात्र सफल हुए, जो पिछले साल (93.66%) के मुकाबले 0.04% ज्यादा है.
- 10वीं क्लास में करीब 24.83 लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 24.71 लाख छात्र परीक्षा में शामिल हुए.
- हर बार की तरह इस बार भी लड़कियों ने बाजी मारी है. लड़कियों का पास प्रतिशत 94.99% रहा, जबकि लड़कों का 92.69% रहा.
- त्रिवेंद्रम और विजयवाड़ा 99.79% पास प्रतिशत के साथ सबसे टॉप पर रहे हैं.
- सरकारी स्कूलों में केंद्रीय विद्यालयों रिजल्ट सबसे शानदार 99.57% रहा.
यह भी पढ़ें: CBSE रिजल्ट में सरकारी स्कूलों का दबदबा, केंद्रीय विद्यालय और नवोदय के 99 फीसदी से ज्यादा छात्र पास
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं