विज्ञापन

बिहार बोर्ड परीक्षा में दिखा गजब नजारा, गेट बंद होने के बाद दीवारें फांदते दिखे छात्र; वीडियो वायरल

Bihar Board Exam 2026: पटना के मिलर हाई स्कूल में एक छात्र देरी से पहुंचा तो उसे गेट से एंट्री नहीं मिल पाई, जिसके बाद छात्र ने दीवार फांदकर अंदर छलांग लगा दी. इसका वीडियो भी सामने आया है.

बिहार बोर्ड परीक्षा में दिखा गजब नजारा, गेट बंद होने के बाद दीवारें फांदते दिखे छात्र; वीडियो वायरल
Bihar Board Exam 2026

Bihar Board Exam 2026: CBSE बोर्ड परीक्षाओं के साथ ही आज से बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा की भी शुरुआत हो चुकी है. परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है और पहले दिन छात्र हिंदी की परीक्षा देने सेंटर पहुंचे हैं. इस बार परीक्षाओं को लेकर सख्त नियम बनाए गए हैं, ऐसे में 9 बजे के बाद एंट्री गेट बंद किए जा रहे हैं. इसी बीच बिहार से कई ऐसे वीडियो और फोटो सामने आ रहे हैं, जिनमें छात्र दीवार फांदकर परीक्षा केंद्र में पहुंचते नजर आ रहे हैं. पटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें छात्र 10 फीट ऊंची दीवार को फांदकर परीक्षा केंद्र के अंदर पहुंच गया, इस काम में बाहर खड़े लोगों ने भी उसकी मदद की. फिलहाल इस पूरी घटना का वीडियो वायरल हो चुका है. 

परीक्षा के लिए पूरी तैयारियां

बिहार में बोर्ड परीक्षाओं को लेकर तैयारियां पहले ही कर दी गई थीं. इस बार तमाम केंद्रों पर सख्ती बरती जा रही है और छात्रों की अच्छी तरह से चेकिंग करने के बाद ही उन्हें एंट्री मिल रही है. पहले दिन एग्जाम देने पहुंचे छात्रों को बेल्ट, जूते, घड़ी और टोपी बाहर ही उतारने का निर्देश दिया गया. इसके अलावा तय समय पर स्कूलों के गेट बंद कर दिए गए. देरी से पहुंचने वाले छात्रों को परीक्षा में शामिल होने की इजाजत नहीं दी गई. 

गेट बंद होने के बाद छात्र ने किया ये काम

पटना के मिलर हाई स्कूल में एक छात्र देरी से पहुंचा तो उसे गेट से एंट्री नहीं मिल पाई. परीक्षा केंद्र के गेट अंदर से बंद हो चुके थे, कई बार बोलने के बाद जब गेट नहीं खोला गया तो छात्र ने दीवार पर चढ़कर कूदने का फैसला लिया. गेट के बगल में मौजूद दीवार को फांदकर छात्र अंदर पहुंच गया. गेट के बाहर खड़े लोगों ने उसकी मदद की और वहीं से किसी ने उसका वीडियो भी बना लिया. 

गोपालगंज में भी कूदे छात्र

बिहार के गोपालगंज में भी पहले ही दिन कुछ लड़कियां और अन्य छात्र परीक्षा केंद्रों पर थोड़ी लेट से पहुंचे. जब तक वो पहुंचे, तब तक गेट बंद हो चुके थे. जिसकी वजह से लड़कियों को गेट फांदकर या दीवार पर चढ़कर परीक्षा केंद्र में पहुंचना पड़ा. मामला गोपालगंज नगर थाना के ठीक सामने वीएम इंटर कॉलेज का है, यहां पर कुछ लड़कियां निर्धारित समय से कुछ मिनट लेट से पहुंची थी. गेट बंद होने के बाद लड़कियों ने पहले ड्यूटी पर मौजूद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों से अंदर जाने के लिए रिक्वेस्ट की और जब अधिकारियों ने उनकी बात नहीं मानी तब वे दूसरी लड़कियों की मदद से गेट पर चढ़कर गेट फांदकर परीक्षा केंद्र के अंदर पहुंची. 

Latest and Breaking News on NDTV

बेतिया में रोने लगीं छात्राएं

ऐसा ही नजारा बिहार के तमाम सेंटर्स पर देखने को मिला, जहां छात्रों और छात्राओं ने दीवार फांदकर या गेट फांदकर एंट्री की. बेतिया में भी मैट्रिक परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन सख्त नजर आया. थोड़ी देरी के बाद परीक्षा केंद्र सेंट टेरेसा और उर्दू अमना हाई स्कूल का गेट बंद होने के बाद परीक्षा देने आई छात्रा ने सेंट टेरेसा स्कूल की दीवार फांदकर प्रवेश करने की कोशिश की, लेकिन उसे रोक दिया गया. छात्रों को एंट्री नहीं मिलने पर वहां मौजूद अभिभावकों ने भी हंगामा किया. परीक्षा केंद्रों के बाहर छात्राएं रोती हुई भी नजर आईं. 

Latest and Breaking News on NDTV

15 लाख से ज्यादा छात्र दे रहे हैं परीक्षा

बिहार बोर्ड की परीक्षा इस बार 15 लाख से ज्यादा छात्र दे रहे हैं. इनमें 7.85 लाख छात्राएं और 7.26 लाख छात्र शामिल हैं. बोर्ड परीक्षा के लिए 1699 केंद्र बनाए गए हैं. पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 से शुरू हो रही है, वहीं दोपहर 2 बजे से दूसरी पाली की परीक्षा होगी. बोर्ड की तरफ से पहले ही साफ किया जा चुका था कि आधे घंटे पहले गेट बंद कर दिए जाएंगे. यानी सुबह 9 बजे के बाद केंद्र पर पहुंचने वाले छात्रों को अंदर जाने की इजाजत नहीं होगी. इसके अलावा बिना एडमिट कार्ड के आने वाले छात्रों को भी एंट्री नहीं दी जाएगी. 

दिल्ली के JEE टॉपर श्रेयस मिश्रा ने बताया अपना सक्सेस मंत्र, हर दिन इतने घंटे करते हैं पढ़ाई

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com