विज्ञापन

बिहार के जिस स्कूल में मां हैं प्रिंसिपल, उसी स्कूल से पढ़ कृष्णा ने दसवीं के टॉपर्स में बनाई जगह

बिहार मैट्रिक रिजल्ट में गोपालगंज के कृष्णा गुप्ता ने टॉप‑10 में जगह बनाई है. खास बात यह है कि उन्होंने उसी स्कूल से पढ़ाई की, जहां उनकी मां प्रिंसिपल हैं.

बिहार के जिस स्कूल में मां हैं प्रिंसिपल, उसी स्कूल से पढ़ कृष्णा ने दसवीं के टॉपर्स में बनाई जगह
  • बिहार मैट्रिक परीक्षा में गोपालगंज जिले के कृष्णा गुप्ता ने 482 अंक प्राप्त कर जिला टॉपर्स सूची में स्थान पाया
  • कृष्णा गुप्ता का संबंध शिक्षा मंत्री सुनील कुमार के गृह प्रखंड विजयीपुर के मुसहरी गांव से है
  • कृष्णा की मां कुमारी रीना सरकारी शिक्षिका हैं और पिता सुधीर गुप्ता गार्ड की नौकरी करते हैं

बिहार मैट्रिक परीक्षा का रिजल्ट घोषित हो चुका है. इस बार बिहार की टॉप‑10 लिस्ट में गोपालगंज जिले के कृष्णा गुप्ता का नाम शामिल है. कृष्णा गुप्ता गोपालगंज के विजयीपुर प्रखंड के मुसहरी गांव के रहने वाले हैं. अपनी शानदार सफलता के चलते उन्होंने न सिर्फ जिले बल्कि पूरे बिहार में अपनी पहचान बनाई है. रिजल्ट के बाद उनके गांव और जिले में खुशी का माहौल है.

शिक्षा मंत्री के गृह क्षेत्र से आते हैं कृष्णा

कृष्णा गुप्ता सूबे के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार के गृह प्रखंड के निवासी हैं. शिक्षा मंत्री सुनील कुमार भोरे विधानसभा सीट से जदयू के विधायक हैं. विजयीपुर प्रखंड का मुसहरी गांव भोरे विधानसभा क्षेत्र में ही आता है. ऐसे में शिक्षा मंत्री के गृह क्षेत्र से टॉपर निकलने को लेकर भी चर्चा हो रही है.

ये भी पढ़ें : Bihar Board 10th Result 2026 Live: बिहार बोर्ड 10वीं के टॉपर्स को दो लाख रुपये और लैपटॉप, इनामों की हुई बारिश

482 अंक लाकर बने जिला टॉपर

जानकारी के मुताबिक कृष्णा गुप्ता को मैट्रिक परीक्षा में कुल 482 अंक मिले हैं और वे बिहार की टॉप‑10 सूची में शामिल हुए हैं. लिस्ट में उनका सीरियल नंबर 104 है. 96 प्रतिशत अंक हासिल कर उन्होंने गोपालगंज जिले में पहला स्थान हासिल किया है. इस प्रदर्शन के चलते कृष्णा जिले के टॉपर भी बन गए हैं.

मां सरकारी शिक्षिका, पिता करते हैं गार्ड की नौकरी

कृष्णा गुप्ता की मां का नाम कुमारी रीना है, जो एक सरकारी शिक्षिका हैं. वर्तमान में वे मांझागढ़ प्रखंड के धरमपरसा हाई स्कूल में प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत हैं. वहीं, कृष्णा के पिता सुधीर गुप्ता गार्ड का काम करते हैं. साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाले कृष्णा की सफलता को लोग प्रेरणादायक मान रहे हैं.

ये भी पढ़ें : Bihar Board 10th Result: गरीबी को मात देकर टायर बेचने वाले की बेटी सबरीन परवीन ने किया टॉप, कमाल की है कहानी

मां को दिया सफलता का श्रेय

छात्र कृष्णा गुप्ता ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपनी मां को दिया है. कृष्णा ने बताया कि वह मांझागढ़ में अपनी मां के साथ रहकर पढ़ाई करता था और वहीं से स्कूल जाता था. मां ने पढ़ाई को लेकर हमेशा अनुशासन बनाए रखा और सही मार्गदर्शन दिया. उसी का नतीजा है कि आज वह इस मुकाम तक पहुंच सका.

सोशल मीडिया से दूरी बनाई, यूट्यूब से पढ़ाई की मदद

कृष्णा ने बताया कि वह शुरू से ही सोशल मीडिया से दूरी बनाकर रहा. जब किसी विषय या सवाल को लेकर उसे डाउट होता था, तो वह यूट्यूब पर वीडियो देखकर उसे क्लियर करता था. हालांकि, अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वह कभी एक्टिव नहीं रहा. उसका मानना है कि फोकस बनाए रखना उसकी सफलता की बड़ी वजह रहा.

इंजीनियर बनने का सपना, जिले में खुशी का माहौल

कृष्णा गुप्ता आगे इंजीनियरिंग की पढ़ाई करना चाहता है. वह एक सफल और कुशल इंजीनियर बनने का सपना देख रहा है. उसकी इस उपलब्धि से न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे जिले के लोग खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं. लोग कृष्णा की मेहनत और लगन की सराहना कर रहे हैं.

जिले के अन्य टॉपर भी सूची में शामिल

कृष्णा गुप्ता जहां जिले के टॉपर बने हैं, वहीं जिले की तीन छात्राएं भी जिला टॉपर की सूची में शामिल हैं. इसके अलावा एक अन्य छात्र का नाम भी जिला टॉपर लिस्ट में दर्ज है। सभी छात्रों के प्रदर्शन को जिले के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है.

जिले के टॉपर

  1. कृष्णा गुप्ता – 482 अंक
  2. अंशु कुमारी – 479 अंक
  3. रंजना कुमारी – 476 अंक
  4. अमृता कुमारी गुप्ता – 476 अंक
  5. नीरज कुमार – 476 अंक
लेखक के बारे में
img
Mukesh Singh
Reporter delhi
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar Board Result, Bihar Board 10th Result, Bihar Board Toppers, Krishna Gupta, Gopalganj Topper
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com