असम में 676 सरकारी स्कूलों में बिजली कनेक्शन नहीं है, जबकि 283 स्कूल ऐसे हैं जहां लड़कों के लिए शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं है. यह जानकारी राज्य के शिक्षा मंत्री रणोज पेगू ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दी है. शिक्षा मंत्री ने कहा है कि राज्य सरकार का लक्ष्य मार्च 2027 तक सभी सरकारी स्कूलों में आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है.
44 हजार से अधिक सरकारी स्कूल, 676 में बिजली नहीं
पेगू के अनुसार, असम में कुल 44,243 सरकारी स्कूल हैं. इनमें से 676 स्कूल ऐसे हैं, जहां अभी तक किसी भी प्रकार का बिजली कनेक्शन नहीं है. उन्होंने बताया कि इन सभी स्कूलों में बिजली पहुंचाने के लिए वर्तमान वित्त वर्ष में 4 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है.
643 स्कूलों में सौर ऊर्जा से चल रही है व्यवस्था
शिक्षा मंत्री ने बताया कि 643 सरकारी स्कूलों में नियमित बिजली कनेक्शन नहीं है, लेकिन वहां सोलर एनर्जी सिस्टम के माध्यम से बिजली की व्यवस्था की गई है. इससे इन स्कूलों में बुनियादी बिजली की जरूरतें पूरी की जा रही हैं.
283 स्कूलों में लड़कों के लिए शौचालय की सुविधा नहीं
शिक्षा मंत्री के अनुसार, राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में लड़कियों के लिए शौचालय की 100 प्रतिशत व्यवस्था हो चुकी है. हालांकि, अभी भी 283 स्कूल ऐसे हैं, जहां लड़कों के लिए शौचालय उपलब्ध नहीं हैंं. सरकार ने चालू वित्त वर्ष के दौरान इन सभी स्कूलों में लड़कों के शौचालय का निर्माण कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
डिजिटल शिक्षा में भी तेजी से हो रहा काम
शिक्षा मंत्री ने कहा कि असम सरकार द्वारा संचालित 10,965 स्कूलों में से 10,033 स्कूलों में कम से कम एक डिजिटल शिक्षण सुविधा उपलब्ध है. इन सुविधाओं में आईसीटी (ICT) लैब, टेली एजुकेशन, स्मार्ट क्लासरूम शामिल हैं. इस साल 328 और स्कूलों को ICT लैब मिल जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं